गिरिडीह में युवक की रहस्यमय मौत, अंतिम शब्द- मुझे जबरन टैबलेट दी गई।

गिरिडीह में युवक की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका

गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र में धर्मपुर पंचायत के अंतर्गत एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है, और परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मपुर पंचायत के निवासी बालेश्वर राणा के पुत्र श्रीकांत कुमार का शव उनके घर से लगभग 500 मीटर दूर एक आम बागान के पास मिला।

महिलाओं ने किया श्रीकांत को तड़पते देखा

बताया जाता है कि गांव की दो महिलाएं अपने पशुओं को चराने के लिए गई थीं, तभी उन्होंने श्रीकांत को जमीन पर तड़पते हुए देखा। दोनों महिलाएं तुरंत उसके पास पहुंचीं, जहां श्रीकांत दर्द से कराह रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, श्रीकांत ने तड़पते हुए कहा कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने उसे जबरन टैबलेट खिला दिया है, जिससे वह बेचैनी महसूस कर रहा है। उन्होंने अपने परिवार वालों को बुलाने की भी बात कही।

घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती

घटना की जानकारी मिलते ही धर्मपुर के मुखिया के पुत्र सुशील कुमार हाजरा मौके पर पहुंचे और घायल श्रीकांत को अपनी गाड़ी से जमुआ अस्पताल ले गए। वहां की प्राथमिक जांच के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। स्थानीय लोगों और परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top