नई दिल्ली: बुधवार की शाम राजस्थान रॉयल्स के लिए एक नई शुरुआत का प्रतीक बनकर आई। टीम ने लगातार दो हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स को उनके घरेलू मैदान पर 40 रनों से हराकर जीत का खाता खोला। लेकिन इस जीत के साथ ही एक विवाद भी जुड़ गया है, जिसमें बीसीसीआई ने एक राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी को सजा सुनाई है।
बीसीसीआई ने राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर को बुधवार को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने के लिए उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और एक डिमेरिट पॉइंट दिया है।
पूरा मामला जानें
यह घटना तब हुई जब दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज ने लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत को बिना कोई रन बनाए आउट किया। आउट होने के बाद बर्गर ने विकेट का जश्न मनाते हुए कथित तौर पर कुछ अभद्र शब्दों का प्रयोग किया, जिसके कारण बीसीसीआई ने इस पर कार्रवाई करते हुए आईपीएल की आचार संहिता के तहत इसे गंभीरता से लिया।
कोड ऑफ कंडक के तहत सजा
बीसीसीआई ने बर्गर के इस अपराध को अनुच्छेद 2.5 के तहत लेवल 1 में वर्गीकृत किया है। इस श्रेणी में वे अपराध आते हैं जो किसी खिलाड़ी का अपमान करते हैं, जिनमें भाषा, क्रियाएँ या इशारे शामिल होते हैं। इसके अलावा, ऐसे कार्यों में सामने वाले खिलाड़ी को उकसाने का भी मामला शामिल होता है। इस उल्लंघन के लिए बर्गर को उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना और 1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया है। ध्यान रहे कि 4 डिमेरिट पॉइंट्स के बाद खिलाड़ी पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
नंद्रे बर्गर का प्रदर्शन
नंद्रे बर्गर ने कल के मैच में प्रभावशाली प्रदर्शन किया। उन्होंने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, उनकी इकॉनमी 6.80 रही। उल्लेखनीय है कि बर्गर ने 2024 में राजस्थान रॉयल्स के लिए आईपीएल में पदार्पण किया था, जब उन्हें फ्रेंचाइजी द्वारा 50 लाख रुपये में टीम में शामिल किया गया था। अब तक उन्होंने राजस्थान रॉयल्स के लिए कुल 13 मैच खेले हैं, जिनमें 12 पारियों में 22.06 की औसत और 8.48 की इकॉनमी से 15 विकेट लिए हैं।