पुल निर्माण कार्य में लगे कंपनी के साईट में नक्सलियों ने मचाया उत्पात


हथियारों के साथ पहुंचे तीन लोगों ने मजदूरों को पीटा, वाहनों को तोड़फोड़ की

खूंटी। मुरहू में पुल निर्माण कार्य में लगी कंपनी के साइट में देर रात नक्सलियों ने जमकर उत्पात मचाया। मजदूरों के साथ मारपीट की और वहां मौजूद जेसीबी, बाइक और दूसरी गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की है। बताया गया कि मंगलवार की देर रात बाइक पर सवार होकर हथिायारबंद नक्सली साईट कार्यालय पहुंचे। पहले मजदूरों को उठाया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद दहशत के उद्देश्य से वहां रखे वाहनों को तोड़फोड़ किया। बताया जा रहा है कि पीएलएफआई नक्सलियों ने मंगलवार देर रात जमकर उत्पात मचाया है। तीन नक्सलियों ने मुरहू थाना क्षेत्र के सुरूंदा और मारंगटोली स्थित पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूरों के मारपीट भी की है। वहां मौजूद वाहनों में भी तोड़फोड़ की है। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन इससे पहले ही नक्सली फरार हो गये।


एक ही बाइक में सवार होकर पहुंचे तीन लोग


मजदूरों ने बताया कि एक बाइक पर ही सवार होकर तीन नक्सली पहुंचे थे। वहां पहुंचते के साथ ही उन्होंने मजदूरों के साथ मारपीट शुरू कर दी। मजदूरों को हॉकी स्टीक से पीटा गया है। इसी हॉकी स्टीक से वाहनों में भी तोड़फोड़ की गयी है। एक नक्सली देसी कट्टा निकालकर उसमें गोली भरने लगा था। मौके पाकर जेसीबी चालक सहित दूसरे मजदूर वहां से किसी तरह जान बचाकर भागे।


नक्सलियों ने पहले मांगे थे ठेकेदार से लेवी


मजदूरों ने इसकी सूचना ठेकेदार को दी। फिर ठेकेदार ने एसपी को इसकी घटना की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गयी है। पुलिस यह पता लगा रही है कि यह पीएलएफआई नक्सली थे या स्थानीय बदमाश। बताया जा रहा है कि नक्सलियों ने इस निर्माण के पहले लेवी मांगी थी। लेकिन उनके पास पैसे नहीं पहुंचे। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top