जमशेदपुर में गुमटी के पीछे गांजा और नशीली सीरप बेचने वाला गिरफ्तार

जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार के खिलाफ एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए बालीगुमा में एक गुमटी पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 2 किलो 60 ग्राम गांजा, कोडीन युक्त नशीली सिरप की सात बोतलें और 3,320 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल के अनुसार, 8 अगस्त को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बालीगुमा में एनएच-33 के किनारे एक गुमटी में गांजा और प्रतिबंधित नशीली सिरप की बिक्री की जा रही है। इस गुमटी को बाहर से बिस्किट और चॉकलेट की दुकान के रूप में संचालित किया जा रहा था।

सूचना के आधार पर, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई की गई। पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) दयानंद कुमार के नेतृत्व में एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास की एक छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने मौके पर पहुंचकर गुमटी को चारों ओर से घेर लिया और नितेश कुमार झा उर्फ राजू झा (34) को गिरफ्तार किया।

गुमटी से बरामद सामग्री

तलाशी के दौरान पुलिस को विभिन्न पैकेटों में कुल 2.060 किलोग्राम गांजा मिला। इसमें से लगभग 790 ग्राम गांजा छोटी-छोटी पुड़ियों में रखा गया था, जबकि 1.270 किलोग्राम गांजा हरे रंग की पॉलिथीन में छिपा हुआ था।

इसके अलावा, पुलिस ने ONEREX Codeine Phosphate Syrup की 100 एमएल की सात बोतलें, गांजा बिक्री से प्राप्त 3,320 रुपये, एक डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, 11 मिट्टी के चिलम और एक Redmi स्मार्टफोन भी बरामद किए।

पूछताछ में नेटवर्क का खुलासा

बरामद सामान को जब्त करने के बाद, पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर गांजा के अवैध कारोबार में शामिल होने की जानकारी दी है। अब पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की पहचान और उनकी भूमिकाओं की जांच कर रही है। इस मामले में एमजीएम थाना में 8 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top