विभाग डिजिटल कंटेंट और क्लासेस की करेगा समीक्षा
रांची। राज्य भर के सरकारी स्कूलों में आज से आनलाइन पढ़ाई फिर से शुरू हो गई। कई समस्याओं के कारण झारखंड के 35,441 स्कूलों में पिछले 20 दिनों से पढ़ाई पूरी तरह से बंद थी। कई जिलों में कहीं व्हाट्सएप ग्रुप नहीं था तो कहीं डिजिटल कंटेंट नहीं मिल पाने की वजह से ऐसी स्थिति थी। विभाग की ओर से सभी परेशानियों की समीक्षा के बाद आज से आॅनलाइन पढाई शुरू किया गया है। विभागीय प्रयास के बाद भी राज्य के स्कूलों में पढ़ने वाले 70 प्रतिशत छात्र कोरोना के दौरान पढ़ाई से वंचित रह गये हैं। बच्चों को आॅनलाइन एजुकेशन मिलता रहे इसके रुटीन तैयार कर छात्र-छात्राओं को उपलब्ध करा दिया गया है। विभागीय सचिव राजेश शर्मा ने बताया कि निश्चित रुप से बड़ी संख्या में छात्र आनलाइन पढ़ाई से वंचित रह गये हैं। बच्चों की इस समस्या का समाधान हो इसके लिए हर संभव प्रयास किये जा रहे हैं। आज स्कूलों में आॅनलाइन क्लास और डिजिटल कंटेंट उपलब्ध कराने को लेकर स्कूली शिक्षा व साक्षरता विभाग के सचिव राजेश कुमार शर्मा सभी उपायुक्तों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।