नई दिल्ली: क्रिकेट की दुनिया में युवाओं का प्रभाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पाकिस्तान के होनहार बल्लेबाज समीर मिन्हास ने अंडर-19 क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने यूथ वनडे क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगा कर भारत के वैभव सूर्यवंशी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
यह उल्लेखनीय प्रदर्शन समीर ने जिम्बाब्वे की राजधानी हरारे में सम्पन्न हुए अंडर-19 ट्राई सीरीज के फाइनल मैच में किया।
वैभव सूर्यवंशी का विश्व रिकॉर्ड टूटा
भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने जब से क्रिकेट खेलना शुरू किया है, तब से उन्होंने कई उपलब्धियाँ हासिल की हैं। लेकिन अब समीर मिन्हास ने उन्हें पीछे छोड़ते हुए एक नया मुकाम हासिल किया है। समीर ने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलते हुए मात्र 42 गेंदों में शतक ठोक दिया।
यह यूथ वनडे का अब तक का सबसे तेज शतक है। इससे पहले वैभव सूर्यवंशी ने 2025 में इंग्लैंड के खिलाफ 52 गेंदों में शतक लगाकर यह रिकॉर्ड बनाया था।
अभूतपूर्व प्रदर्शनों से भरी पारी
समीर मिन्हास ने इस मैच के दौरान जिम्बाब्वे के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाया। उन्होंने 51 गेंदों में 114 रन बनाएं, जिसमें 17 चौके और 5 छक्के शामिल थे।
खिताब बिना विकेट गंवाए जीता पाकिस्तान
समीर मिन्हास की बेहतरीन बल्लेबाजी से पाकिस्तान ने इस खिताब को बिना कोई विकेट गंवाए अपने नाम किया। उन्होंने मोहम्मद शयान के साथ मिलकर 145 रनों की शानदार साझेदारी की। पाकिस्तान की युवा टीम ने महज 16.2 ओवरों में बिना विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और ट्राई-सीरीज का खिताब अपने नाम किया।
यूथ वनडे के तेज शतक बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची
42- समीर मिन्हास (पाकिस्तान) बनाम जिम्बाब्वे, हरारे 2026
52- वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम इंग्लैंड, वॉर्सेस्टर 2025
56- वैभव सूर्यवंशी (भारत) बनाम UAE, दुबई 2025
63- कासिम अकरम (पाकिस्तान) बनाम श्रीलंका, नॉर्थ साउंड 2022
65- जेडन ड्रेपर (ऑस्ट्रेलिया) बनाम भारत, ब्रिस्बेन 2025