रामगढ़ में संगठित अपराध पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
रामगढ़: रामगढ़ जिले में संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पतरातु थाना क्षेत्र में किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे राहुल दुबे गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने उनके पास से हथियार, जिंदा कारतूस, बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। एसपी मुकेश लुनायत के अनुसार, हाल के महीनों में क्षेत्र में गोलीबारी और रंगदारी की कई घटनाएं हुई थीं, जिनमें शामिल अपराधियों की पहचान के लिए पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
गुप्त सूचना पर पुलिस की छापेमारी
एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि 25 मई को सूचना मिली कि कुछ अपराधी पतरातु क्षेत्र में एकत्रित हुए हैं और बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तकनीकी जानकारी और मुखबिर की सूचना के आधार पर इलाके को घेरकर छापेमारी की। इस कार्रवाई में विकास साव, विशाल कुमार, बिटु कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन, एहतेसान अंसारी उर्फ दुलर्भ और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में कई फायरिंग मामलों का खुलासा
गिरफ्तार किए गए आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि वे पतरातु रेलवे फ्लाईओवर गेट पर हुई गोलीबारी, ओसम डेयरी प्लांट के बाहर फायरिंग और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई गोलीबारी की घटनाओं में शामिल थे। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपी राहुल दुबे गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं और उनके निर्देश पर कार्य करते थे।
बरामद सामान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से 7.62 एमएम का एक देशी पिस्टल, दो मैगजीन, 34 जिंदा गोलियां, दो टीवीएस अपाचे बाइक, एक स्टार सिटी प्लस मोटरसाइकिल और छह एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूर्व में दर्ज मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, विकास साव और दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें रंगदारी, फायरिंग, आर्म्स एक्ट और यूएपीए के तहत मामले शामिल हैं। बिटु कुमार रवि पर भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले दर्ज हैं।
आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया
इस मामले में पतरातु थाना में कांड दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया जारी है।