चाईबासा। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बंदगांव थाना क्षेत्र के सोंगा जंगल पहाड़ी क्षेत्र से हथियार और गोली के साथ पीएलएफआई के एरिया कमांडर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी से पहले एरिया कमांडर बंधना टोपनो उर्फ सांगी टोपनो किसी बड़े वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। इससे पहले पुलिस अधीक्षक चाईबासा को ये सूचना मिली थी की प्रतिबंधित पीएलएफआई का एरिया कमांडर बंधना टोपनो उर्फ सांगी टोपनो अपने 2-3 दस्ते के साथ किसी वारदात को अंजाम देने के लिए सोगा पहाड़ी जंगल में घूम रहा है। जिसके बाद झारखंड जगुआर और जिला पुलिस की एक संयुक्त टीम बनाई गई। उसके बाद पुलिस की स्पेशल टीम ने छापेमारी कर एरिया कमांडर बंधना टोपनो को गिरफ्तार कर लिया। बंधना टोपनो उर्फ सांगी टोपनो की जिले की पुलिस को कई दिनों से तलाश थी। कम से कम 10 कांडों में उसकी संलिप्तता को देखते हुए ये गिरफ्तारी काफी अहम मानी जा रही है। एरिया कमांडर बंधना टोपनो को पुलिस रंगदारी, फायरिंग, सोनुवा थाना के बोबांगी वनग्राम और गुदड़ी थाना के जोमताई जंगल में पुलिस के साथ मुठभेड़ के मामले में तलाश कर रही थी। बंधना टोपनो के पास से पुलिस ने एक कार्बाइन और गोली भी बरामद किया गया है।
प्रातिक्रिया दे