चाईबासा के जंगल में युवक की लाश मिलने के 24 घंटे में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया

चाईबासा : चाईबासा के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के काटेपाड़ा जंगल में स्थित सुखदेवलंगर नाला से एक युवक का शव बरामद होने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपने अपराध को स्वीकार कर लिया है। 15 जून को काटेपाड़ा के एक ग्रामीण मुंडा ने पुलिस को सूचित किया था कि सुखदेवलंगर नाला के पास जंगल में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिससे तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में शव की पहचान कराने का कार्य शुरू किया। अंततः मृतक की पहचान मुकेश बारजो के रूप में हुई। मुकेश बारजो की उम्र लगभग 20 वर्ष थी और वह जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के छोटामदुलडीहा निवासी पीतम बारजो का पुत्र था।

परिजनों का हत्या का आरोप

मृतक के परिवार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले गांव के फंटुस लागुरी के साथ मुकेश बारजो का विवाद हुआ था। इस विवाद के दौरान फंटुस ने मुकेश को जान से मारने की धमकी भी दी थी। इसी आधार पर मृतक की पत्नी बुधनी गोप बारजो (19 वर्ष) ने जगन्नाथपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

प्राथमिकी दर्ज, विशेष टीम का गठन

शिकायत के आधार पर जगन्नाथपुर थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए, अमित रेणु के निर्देश पर जगन्नाथपुर एसडीपीओ रफाएल मुर्मू के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी शाखा की सहायता से कार्यवाही करते हुए आरोपी फंटुस लागुरी (35 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

छापेमारी दल में शामिल अधिकारी

इस कार्यवाही में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफाएल मुर्मू, इंस्पेक्टर बासुदेव मुंडा, थानेदार टिंकु कुमार दास, एसआई विश्वनाथ टेम्ब्रम, एएसआई मनमथो प्रधान, तकनीकी शाखा के एएसआई अभय कुमार और जगन्नाथपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top