महावीर जयंती पर रांची में भव्य शोभायात्रा का आयोजन
रांची: रांची के डोरंडा क्षेत्र में महावीर जयंती के अवसर पर जैन श्वेतांबर संघ द्वारा एक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इस शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। जैन मंदिर से प्रारंभ हुई इस यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और बच्चों का उत्साह देखने लायक था। श्रद्धालुओं ने भगवान महावीर की प्रतिमा के साथ ‘अहिंसा परमो धर्म:’ और ‘जियो और जीने दो’ के संदेशों का उद्घोष किया। यह शोभायात्रा तुलसी चौक, डोरंडा बाजार, पुराना हाईकोर्ट और अंबेडकर चौक होते हुए पुनः जैन मंदिर पहुंची। यात्रा के मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं का भव्य स्वागत किया गया, जिससे आयोजन में और भी उत्साह देखने को मिला।
सामाजिक संदेश का महत्व
इस अवसर पर शोभायात्रा में कई प्रमुख नेताओं ने भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि भगवान महावीर का संदेश, जिसमें अहिंसा, करुणा और सहअस्तित्व का महत्व है, वर्तमान समाज के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज में भाईचारा और आपसी सद्भाव को बढ़ावा देना है, साथ ही यह लोगों को शांति और एकता के साथ रहने की प्रेरणा देते हैं।

प्रातिक्रिया दे