मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक
रांची: गुरुवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने योजना एवं विकास विभाग की कार्य प्रगति की गहन समीक्षा की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विभिन्न योजनाओं, बजटीय प्रावधानों, और परियोजनाओं के कार्यान्वयन को तेज़ी से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने योजनाओं की निरंतर निगरानी और जमीनी स्तर पर प्रगति को सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि योजना एवं विकास विभाग को अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए चालू और आगामी वित्तीय वर्ष के सभी कार्यों को समय पर पूरा करना चाहिए। बैठक में योजना एवं विकास विभाग के मंत्री राधा कृष्ण किशोर भी मौजूद थे।
इनोवेटिव योजनाओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि उन्हें इन्नोवेटिव योजनाओं को प्राथमिकता देते हुए तेजी से आगे बढ़ाना चाहिए। इस संदर्भ में विभागीय सचिव ने बताया कि इन्नोवेटिव स्कीम के तहत 2 करोड़ रुपए की राशि को बढ़ाकर 5 करोड़ रुपए करने का प्रस्ताव किया गया है। अधिकारियों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोजेक्ट के तहत योजना के चयन की आवश्यकता पर भी चर्चा की, जिसके लिए कार्य योजना तैयार की गई है। इसके अलावा, पिछले 5 वर्षों से चल रही योजनाओं की समीक्षा कर उनके कार्यान्वयन में सुधार के सुझाव दिए गए।
सीएसएस स्कीम की निगरानी
बैठक के दौरान सीएसएस योजना की निगरानी और समर्थन के लिए एक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट (पीएमयू) के गठन पर चर्चा की गई। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 75% खर्च को सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। इसके साथ ही, 60% से कम खर्च करने वाले विभागों की समीक्षा कर सुधार की आवश्यकता पर विचार किया गया। अंत में, अगले 10 वर्षों के लिए एक विजन डाक्यूमेंट तैयार करने का सुझाव भी दिया गया।