छात्र संगठनों का सीएम आवास घेराव,धारा-144 लागू

रांची | 60:40 नियोजन नीति का विरोध और 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति को लेकर झारखंड स्टेट स्टूडेंट्स यूनियन का आज से 72 घंटे का महाआंदोलन शुरू हो रहा है. पहले चरण में यानी आज छात्र संगठन सीएम हाउस का घेराव करेंगे. पूरे राज्य से लगभग 50 हजार स्टूडेंट्स मोरहाबादी मैदान में जुटने की बात कही जा रही है. छात्रों को रोकने के लिए सीएम आवास के आसपास के इलाके में धारा 144 लगा दी गयी है. साथ ही भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गयी है. कई जगहों पर बैरिकेडिंग लगायी गयी है. बता दें पिछली बार जब छात्र विधानसभा घेराव करने के लिए निकले थे, तो पुलिस ने उन पर लाठियां बरसाईं थी.

छात्र संगठनों  द्वारा सीएम हाउस घेराव कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सीएम हाउस के 200 मीटर के दायरे में धारा 144 लगा दिया है. इसके अतिरिक्त चार कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स, इको, एसआइआरबी, आइआरबी, जैप-10 की महिला पुलिस, लाठी पार्टी और होमगार्ड की तैनाती की गयी है. वहीं राजधानी में तैनात छह डीएसपी के अतिरिक्त जिला के अन्य डीएसपी, जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों सहित कई इंस्पेक्टर और दारोगा की तैनाती की गयी है. इसके आलावा मजिस्ट्रेट को भी तैनात किया गया है. छात्र सीएम हाउस तक ना पहुंचे. इसके लिए 36 जगहों पर बैरिकेडिंग की गयी है. आंसू गैस और वाटर कैनन भी तैनात किये गये हैं.

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top