हाईकोर्ट में सातवीं जेपीएससी सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन मामले की सुनवाई, पूछा मार्क्स स्टेटमेंट, मॉडल आंसर शीट जेपीएससी ने क्यों नहीं अपलोड किया

कहा रिजल्ट निकले 5 से 6 माह का समय बीत चुका है, अगले सप्ताह फिर सुनवाई

रांची। हाईकोर्ट ने जेपीएससी को आदेश दिया है कि सातवीं जेपीएससी के अभ्यर्थियों के कट आॅफ मार्क्स, मार्क्स स्टेटमेंट एवं अन्य परीक्षा से संबंधित चीजों को जेपीएससी के वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। सातवीं से 10वीं जेपीएससी सिविल सर्विसेज एग्जामिनेशन से संबंधित एक मामले की सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति आनंद सेन की कोर्ट ने यह आदेश दिया। मामले को लेकर सोनू कुमार रंजन व अन्य की ओर से हाईकोर्ट में रिट याचिका दाखिल की गई है। सुनवाई के दौरान प्रार्थी की ओर से अधिवक्ता अमृतांश वत्स ने कोर्ट को बताया की सातवीं जेपीएससी का मेरिट लिस्ट वर्ष 2022 मई में जारी हो गयी है। सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति भी हो गई। जेपीएससी में टॉपर, सफल और असफल अभ्यर्थी को अब तक कट आॅफ मार्क्स, अपने मार्क्स स्टेटमेंट, मॉडल आंसर शीट की कॉपी की छायाप्रति देखने का अवसर नहीं मिल पाया है। जबकि 7वीं जेपीएससी के सफल अभ्यर्थियों की नियुक्ति भी हो गई है। प्रार्थी एवं अन्य अभ्यर्थियों ने मार्क्स स्टेटमेंट, कट आॅफ मार्क्स, मॉडल आंसर शीट आदि जारी करने के लिए जेपीएससी को रिप्रेजेंटेशन भी दिया था। आरटीआई के तहत अपने कॉपी की छाया प्रति भी मांगी गई थी। जेपीएससी के खुद के कार्यालय आदेश में यह जिक्र है कि अभ्यर्थियों का मार्क्स स्टेटमेंट मॉडल आंसर की उनकी कॉपी की प्रतिलिपि देखने को जल्द से जल्द दिया जाता है। पहले की भी जेपीएससी एग्जाम में जेपीएससी की वेबसाइट में अपलोड किया जाता रहा है। अभ्यर्थियों के मार्क्स अपलोड नहीं होने से अगली जेपीएससी जो अप्रैल 2023 में होने वाली है। उसमें उसकी तैयारी करने में अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्योंकि अगली जेपीएससी की तैयारी करने वाला अभ्यर्थियों को यह पता नहीं है कि उन्हें किस विषय में कितना नंबर आया था। ताकि वह उसके हिसाब से तैयारी करें। मामले में हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति आनंद सेन की कोर्ट ने जेपीएससी को मौखिक रूप से कहा की सातवीं जेपीएससी के अभ्यर्थियों के कट आॅफ मार्क्स, मार्क्स स्टेटमेंट एवं अन्य परीक्षा से संबंधित चीजों को जेपीएससी के वेबसाइट पर अपलोड किया जाए। कोर्ट ने मामले में आदेश पारित करने के लिए अगली सुनवाई अगले सप्ताह निर्धारित की है। मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने जेपीएससी से पूछा कि अभ्यर्थियों का मार्क्स स्टेटमेंट, मॉडल आंसर शीट आदि क्यों नहीं अपलोड किए गए। जबकि रिजल्ट निकले 5 से 6 माह का समय बीत चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top