तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, एक ही गांव के 3 राजमिस्त्री की मौत

गुमला। डोबडोभी मोड़ के समीप हुई सड़क हादसे में एक ही गांव के 3 लोगों की मौत हो गई है। मरने वाले तीनों युवकों की पहचान 26 वर्षीय कामिल गिद्ध, 28 वर्षीय संजय मिंज और 25 वर्षीय मनु स्वांसी के रूप में की गई है। यह सभी लोग बकसपुर गांव के रहने वाले थे। पेशे से राजमिस्त्री का काम करते थे। सोमवार देर रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर काम से वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान छत्तीसगढ़ से गुमला आ रहे तेज रफ़्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें तीनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि इन युवकों के पीछे कुछ और मजदूर वापस आ रहे थे। उन्होंने इनकी बाइक को ट्रक के चक्के के नीचे पड़े हुए देखा। तीनों युवक इसमें फंसे हुए थे। इसके बाद इन्हें बाहर निकाला गया। पता चला कि युवकों की मौत हो चुकी है। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। जैसे ही घटना की खबर गांव पहुंची। चौतरफा कोहराम मच गया। पोस्टमार्टम के बाद आज तीनों का शव गांव पहुंचा। शव को देखते ही गांव में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में लोग सड़क पर प्रदर्शन के लिए उतरने को तैयार हो गए। जानकारी मिलने के बाद पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारी गांव पहुंचे। पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद लोग इन शवों का अंतिम संस्कार करने के लिए तैयार हुए।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *