सरकारी स्कूलों में समय पर पुस्तक देने के लिए टेंडर नोटिस भी किया गया जारी
रांची। शिक्षा विभाग अगले सत्र में बच्चों का समय पर किताब उपलब्ध करा देगा। इसके लिए विभाग की ओर से अभी से पहल शुरू कर दी गयी है। राज्य में सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को किताबों की समय पर आपूर्ति के लिए झारखंड काउंसिल आॅफ एडुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग सेंटर (जेसीइआरटी) रातू की ओर से इसके लिए टेंडर नोटिस भी जारी कर दिया गया है। जेसीइआरटी निदेशक किरण कुमारी पासी ने एकेडमिक सत्र 2023-24 के लिए योग्य एजेंसियों से किताबों की आपूर्ति में आवेदन करने को कहा है। चयनित एजेंसियों से किताबों की आपूर्ति के बाद इसे जेसीइआरटी की ओर से स्कूलों में सभी विद्यार्थियों को नि:शुल्क बांटा जायेगा। इसका फायदा समग्र शिक्षा अभियान के तहत पहली क्लास से लेकर 8वीं तक के बच्चों को मिलेगा। एनसीइआरटी के स्तर से डेवलप किताबों का लाभ सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले नौवीं से 12वीं तक के स्टूडेंट्स को मिलना है। जारी किये गये टेंडर नोटिस के आधार पर माना जा रहा है कि अगले वर्ष समय पर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को किताबों की आपूर्ति कर दी जायेगी। इच्छुक एजेंसियों के लिए 30 नवंबर को प्रि-बिड मीटिंग होगी। 13 दिसंबर तक जरूरी डीडी (डिमांड ड्राफ्ट), पेपर सैंपल और अन्य रिपोर्ट जमा करने होंगे।

प्रातिक्रिया दे