टैग: क्राइम

  • जमशेदपुर के एसके ज्वैलर्स में चोरी, चार लाख के गहने ले गए चोर

    जमशेदपुर के एसके ज्वैलर्स में चोरी, चार लाख के गहने ले गए चोर

    📌 गांडीव लाइव डेस्क:

    जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में स्थित एसके ज्वैलर्स में रविवार की रात अज्ञात चोरों ने सेंधमारी की। इस घटना में लगभग चार लाख रुपये की कीमत के सोने और चांदी के आभूषण चुराए गए। दुकानदार सुजीत कुमार वर्मा ने घटना की जानकारी सोमवार सुबह अपने पास के दुकानदारों से प्राप्त की, जब उन्होंने दुकान के पीछे की दीवार को टूटा हुआ देखा।

    चोरों को मिला CCTV का फायदा 📹

    साहिल कुमार, आभूषण व्यापारी के पुत्र, ने बताया कि उनकी दुकान को पिछले तीन साल से भी ज्यादा समय हो चुका है, लेकिन ऐसी घटना पहली बार सामने आई है। पुलिस जांच में पता चला कि चोरों ने दुकान की पिछली दीवार को काटकर अंदर प्रवेश किया। अफसोस की बात यह है कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे कुछ दिनों से खराब थे, जिससे चोरों की पहचान में मुश्किल आ रही है।

    पुलिस कर रही है कार्रवाई 🚨

    पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। स्थानीय व्यापारी इस घटना से दहशत में हैं और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।

    यह घटना स्थानीय सुरक्षा के लिए एक बड़ा सवाल खड़ा करती है, और व्यापारी समुदाय में चिंता का वातावरण बना हुआ है।

  • पंकज मिश्र को मिली ज़मानत

    पंकज मिश्र को मिली ज़मानत

    Gandiv Reporter

    Ranchi : साहिबगंज में अवैध खनन के जरिए मनी लॉउंड्रिंग के आरोपी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा को बड़ी राहत मिली है। झारखंड हाईकोर्ट ने उनकी जमानत याचिका को स्वीकार कर लिया है। शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई के बाद आदेश सुरक्षित रख लिया गया था, जिसे सोमवार को अदालत ने सुनाई है।

    पंकज को ईडी ने 18 जुलाई 2022 को पूछताछ के लिए बुलाया था, पूछताछ के दौरान ही उसे ईडी ने गिरफ्तार किया था। तब से वह जेल में ही था। उसकी जमानत याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज थी। उसने दूसरी बार ईडी कोर्ट के बाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जहां से उसे जेल में कटे अवधि को देखते हुए जमानत की सुविधा प्रदान की है।

  • मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई और आईएएस मनीष रंजन पर ईडी का छापा

    मंत्री मिथिलेश ठाकुर के भाई और आईएएस मनीष रंजन पर ईडी का छापा

    पीएस और कई इंजीनियर के घर भी पहुँची ईडी की टीम

    गांडीव रिपोर्टर

    राँची। ईडी ने आज फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए राज्य के मंत्री मिथलेश ठाकुर के भाई विनय ठाकुर, उनके पीएस हरेंद्र सिंह और आईएएस मनीष रंजन के घर समेत कई ठिकानों पर छापेमारी की है। राजधानी रांची से लेकर चाईबासा तक एक बार फिर सोमवार की सुबह कई ठिकानों पर ईडी की टीम की दबिश से हड़कंप मचा है। एजेंसी आईएएस मनीष रंजन, मंत्री मिथलेश ठाकुर के पीएस हरेंद्र सिंह, मंत्री के भाई विनय ठाकुर समेत कई विभागीय इंजीनियर्स से जुड़े 20 ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

    जानकारी के अनुसार पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जल जीवन मिशन में अनियमितता से जुड़े मामले को लेकर ईडी की टीम यह छापेमारी कर रही है। जिन जगहों पर ईडी की टीम छापेमारी कर रही है उसमें रातू रोड स्थित इंद्रपुरी रोड में विजय अग्रवाल के आवास के अलावा हरमू और मोरहाबादी में भी छापेमारी चल रही है।सोमवार की सुबह एक साथ ईडी की टीम एयरपोर्ट रोड स्थित ईडी ऑफिस से निकलकर अलग-अलग ठिकानों पर पहुंचकर तलाशी में जुटी हुई है।

  • कांग्रेस नेता के भाई पर FIR दर्ज

    कांग्रेस नेता के भाई पर FIR दर्ज

    बिलासपुर :  जानलेवा हमले के आरोपी युवक कांग्रेस नेता के भाई का बचाव करने से पुलिस के खिलाफ ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने थानेदार के रवैये पर सवाल उठाते हुए थाने का घेराव कर दिया। उच्चाधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पीड़ित की शिकायत पर हत्या के प्रयास का अपराध दर्ज किया गया है। जानकारी के अनुसार बीते 2 अक्टूबर को युवक कांग्रेस नेता विश्वजीत अनंत के भाई विक्रमजीत अपने साथियों को लेकर मल्हार रोड स्थित एक होटल के पास पहुंचा जहां पीड़ित राकेश कुमार निर्णेजक एक ऑटो रिक्शा में कहीं जाने के लिए बैठा था। आरोपी विक्रमजीत व अन्य ने उन्हें ऑटो रिक्शा से नीचे उतारकर लात-घूंसे और डंडे से पीटा। एक आरोपी बलमजीत ने उस पर पत्थर से भी हमला किया, जिससे उसके सिर पर चोट आई। उसने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।

    पीड़ित राकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो मामूली मारपीट का अपराध दर्ज किया, साथ ही उसके विरुद्ध भी काउंटर रिपोर्ट दर्ज कर ली। ग्रामीणों ने पुलिस के रवैये पर पर रोष जताते हुए थानेदार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शनिवार को उन्होंने थाने का घेराव कर दिया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों के विरुद्ध आईपीसी की धारा 307 के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर मस्तूरी बंद की चेतावनी दी है।

  • पुटकी में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सोया था दुकान में

    पुटकी में 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, सोया था दुकान में

    धनबाद। पुटकी थाना क्षेत्र में स्थित श्रीनगर कॉलोनी के समीप 10वीं के छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसके पिता जेनरल स्टोर संचालक नौशाद आलम है। 18 वर्षीय बेटा मोहम्मद रेहान ने बीती रात अपने दुकान मे गमछा के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर लिया। घटना को लेकर छात्र के पिता ने बताया कि रेहान प्रतिदिन की तरह खाना खाकर अपने दुकान में सोने चला गया। सुबह जब दुकान खुलवाने गया तो अंदर से कुछ आवाज नहीं आया। तो परिजनों को कुछ अनहोनी की आशंका हुई। जिसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो देखा कि रेहान का शव गमछा के सहारे लटका हुआ था। घटना की जानकारी तत्काल पुटकी पुलिस को दी गई। घटनास्थल पर पहुंच पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के बाद से परिजन सदमें में हैं।

  • अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़, लॉटरी टिकट व कार के साथ दो गिरफ्तार

    अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़, लॉटरी टिकट व कार के साथ दो गिरफ्तार

    गिरिडीह। बगोदर में अवैध रूप से चल रहे अवैध लॉटरी के कारोबार का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने छापेमारी कर इसका खुलासा किया। करोड़ों के इनाम का लालच देकर अवैध रूप से लॉटरी टिकट बेच रहे एक धंधेबाज को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से अवैध लॉटरी की टिकटें और एक कार भी बरामद की गई है। गिरफ्तार धंधेबाज धीरज कुमार साव है। वह बगोदर के साहू मोहल्ला का रहने वाला है। गुप्त सूचना के आधार पर धंधेबाज की गिरफ्तारी बगोदर बस स्टैंड से हुई है। पुलिस की ओर से बताया गया है कि गुप्त सूचना मिली थी कि बगोदर बस स्टैंड में एक धंधेबाज के द्वारा लॉटरी टिकट में करोड़ों रुपये के इनाम का झांसा दिया जा रहा था। पुलिस के द्वारा सूचना पर छापेमारी की गई। जिसमें लॉटरी के 5 टिकट और एक कार के साथ धीरज कुमार साव को गिरफ्तार किया गया। उधर, सरिया थाना क्षेत्र से पुलिस द्वारा दो साइबर अपराधी गिरफ्तार किये गये हैं। दोनों को गिरिडीह जेल भेज दिया गया है। उन दोनों की गिरफ्तारी थाना क्षेत्र के नगर केशवारी से की गई है। गिरफ्तारी की पुष्टि एसडीपीओ नौशाद आलम ने की है। गिरफ्तार अपराधियों में मुकेश व नंदकिशोर शामिल है।

  • हुंडरू फॉल में बहे शिवम का 4 दिन बाद मिला शव, हादसे के बाद भाग गए थे ‘दोस्त’

    हुंडरू फॉल में बहे शिवम का 4 दिन बाद मिला शव, हादसे के बाद भाग गए थे ‘दोस्त’

    रांची के हुंडरू फॉल में विगत सोमवार को एक युवक बह गया था। युवक का नाम शुभम है। शुभम के शव को पुलिस ने गुरुवार को (5 अक्टूबर) को फॉल के जोगिया दह के पास चट्टानों के बीच से बरामद कर लिया है। हालांकि पानी में चार दिन में रहने के कारण शव पूरे तरीके से सड़ गया है और उससे बदबू भी आ रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है। वहीं परिजनों को इसकी जानकारी दे दी गई है।

  • सारठ में लापता व्यक्ति का तालाब में तैरता हुआ मिला शव

    सारठ में लापता व्यक्ति का तालाब में तैरता हुआ मिला शव

    देवघर। सारठ से लापता सारठ प्रदीप राउत का शव आज सुबह तालाब से बरामद किया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तालाब में तैरता प्रदीप का शव देखकर उसके परिजनों को खबर दी। इसके बाद परिजन व पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बरामद कर लिया। बताया जाता है कि लापता प्रदीप के कपड़े कल तालाब के किनारे से मिला था। जिसके बाद परिजनों ने तालाब में डूब जाने की आशंका जतायी थी। स्थानीय लोगों ने तालाब में शव को ढूंढने का प्रयास किया था लेकिन सफलता नहीं मिली थी। इसके बाद गोताखोरों की मदद ली गयी पर ये भी शव नहीं तलाश सके। ऐसे में देर शाम में एनडीआरएफ की टीम को सूचना दी गयी। आज सुबह से एनडीआरएफ की टीम यहां पहुंचकर शव ढूंढने वाली थी। तभी किसी ग्रामीण ने तालाब में तैरता शव को देख कर घर वालों को खबर दी। कल शव ढूंढने के दौरान एक स्थानीय व्यक्ति डूबने लगा था जिसे लोगों ने तालाब से निकाल कर स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के भेज दिए। वहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

  • युवती ने हाथ की नस काटकर सो गयी थी, सुबह मिली लाश

    युवती ने हाथ की नस काटकर सो गयी थी, सुबह मिली लाश

    बोकारो। जरीडीह थाना के लंगटाटांड़ टोले में एक युवती ने हाथ का नस काटकर आत्महत्या कर ली। जानकारी के अनुसार लंगटाटांड़ निवासी रूपलाल सिंह की 23 वर्षीय पुत्री पिंकी कुमारी 5 अक्टूबर की रात खाना खाने के बाद छत पर गयी और उसने धारदार हथियार से अपनी बांयी हाथ की नस काट ली। नस काटने के बाद वह चुपचाप अपने बिस्तर में आकर सो गयी। सुबह जब बेटी के कमरे में उसकी मां गयी तो पूरा बिस्तर खून से भीगा था। उसे जगाने की कोशिश की गयी, लेकिन तब तक वह मर चुकी थी। आनन-फानन में घरवाले मृतका के दाह संस्कार की तैयारी कर रहे थे। इस बीच स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने घटना की सूचना जरीडीह पुलिस को दे दी। घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने के बाद आज सुबह जरीडीह पुलिस बल लंगटाटांड़ पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चास अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। इधर युवती की मौत के बाद पूरा परिवार डरा हुआ था। कुछ लोग इस मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर भी देख रहे हैं। जरीडीह पुलिस इंस्पेक्टर शंकर कामती ने बताया कि युवती ने खुद ही हाथ की नस काट ली है। जिससे अत्यधिक रक्तस्राव से उसकी मौत हो गयी है।

  • बच्चा गोद लेने के लिए अविवाहित गर्भवती की कर दी गयी गैर इरादतन हत्या

    बच्चा गोद लेने के लिए अविवाहित गर्भवती की कर दी गयी गैर इरादतन हत्या


    कोख की सौदेबाजी में शामिल तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर पुलिस ने भेजा जेल

    चाईबासा। अविवाहित गर्भवती युवती के गैर संस्थागत प्रसव और कोख की सौदेबाजी के मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपी महिलाओं पर गैर इरादतन हत्या सहित कई मामले दर्ज कर सभी तीनों महिलाओं को जेल भेज दिया। यह घटना के बाद जब खबर सुर्खियों में आया तो पश्चिमी सिंहभूम के डीसी अनन्य मित्तल मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे मामले की जांच करने का आदेश दिया। चक्रधरपुर की एसडीओ रीना हांसदा के नेतृत्व में चार सदस्य टीम 24 घंटे में मामले की जांच कर जांच रिपोर्ट सौंपा था। उसके बाद आज तीन आरोपियों पर प्राथमिकी दर्ज कर चाईबासा कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। जिन पर पुलिस प्रशासन ने कार्रवाई की है। उनमें सहिया साधना साहू, चांदू चम्पिया और बच्चे को अवैध रूप से गोद लेने के लिए खरीद फरोख्त करने वाली गुड्डी गुप्ता शामिल हैं। तीनों पर मनोहरपुर थाना में कांड संख्या 40/2023 आपीएसी की धारा- 304/370(4)/120 (बी) और 81 किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम 2015 दर्ज किया गया है। ज्ञात हो कि मनोहरपुर थाना क्षेत्र अन्तर्गत तुरी टोला (भट्टी मोहल्ला) में एक युवती की अवैध रूप से घर में ही प्रसव कराने के बाद मृत्यु हो गयी थी। इस घटना के बाद बच्चे का अवैध खरीद बिक्री का मामला प्रकाश में आया था। मामले की गंभीरता की देखते हुए डीसी ने चक्रधरपुर एसडीओ के नेतृत्व में चार सदस्य टीम का गठन किया था। जांच के बाद इसका खुलासा हुआ की सहिया साधना साहू, सहिया चान्दू चाम्पिया और बच्चे को खरीदने वाली चाण्डिल निवासी गुड्डी गुप्ता ने जानबुझ कर पूर्व नियोजित तरीके से युवती मुन्नी चाम्पिया की जान को खतरे में डाल कर गैर संस्थागत प्रसव कराया। जिससे युवती की मृत्यु हो गयी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के आवेदन के आधार पर मनोहरपुर थाना में तीनों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और तीनों को गैर इरादतन हत्या, किशोर न्याय अधिनियम-2015 सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।

  • चार हजार घूस लेते मेदिनीनगर नगर निगम का सिटी मैनेजर और सर्वेयर रंगे हाथों गिरफ्तार

    चार हजार घूस लेते मेदिनीनगर नगर निगम का सिटी मैनेजर और सर्वेयर रंगे हाथों गिरफ्तार

    पलामू | एंटी करप्शन ब्यूरो की पलामू इकाई ने गुरुवार को मेदिनीनगर नगर निगम कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी में तीसरी किस्त के भुगतान के एवज में 4000 हजार रिश्वत लेते सिटी मैनेजर अनिल उरांव एवं सर्वेयर राकेश कुमार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दोनों को गिरफ्तार करने के बाद एसीबी की टीम कार्यालय ले आई। यहां से जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

    बताया जाता है कि सिटी मैनेजर और सर्वेयर ने निगम क्षेत्र के वार्ड नंबर 33 कल्याणपुर में लाभुक लैलून बीवी से प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी किश्त 90 हजार के भुगतान को लेकर घूस मांगी थी। इस संबंध में एजाजुल ने एसीबी के मेदिनीनगर कार्यालय में शिकायत की थी। एसीबी ने मामला दर्ज किया और निगम कार्यालय में गुरुवार की दोपहर एजाजुल ने जैसे ही घूस की राशि सीटी मैनेजर और सर्वेयर को दी वैसे ही एसीबी के अधिकारियों ने दोनों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
    सिटी मैनेजर अनिल उरांव (35) रांची के पिठौरिया थाना क्षेत्र के चंदवे-दुबलिया का रहने वाला है जबकि सर्वेयर राकेश कुमार (33) नावाटोली मेदिनीनगर शहर का निवासी है। दोनों नगर निगम में अनुबंध पर कार्यरत थे और वर्ष 2021 से सेवा देते आ रहे थे।

  • नाबालिग छात्रा से मदरसा के मौलाना द्वारा अश्लील हरकत करने का आरोप, मामला दर्ज

    नाबालिग छात्रा से मदरसा के मौलाना द्वारा अश्लील हरकत करने का आरोप, मामला दर्ज

    रांची | मदरसा के मौलाना पर नाबालिग छात्रा से अश्लील हरकत करने का आरोप लगा है. यह मामला जिले के ओरमांझी थाना क्षेत्र का है. इस मामले में छात्रा के पिता ने ओरमांझी थाना में शिकायत दर्ज कराई है. दर्ज कराए गए शिकायत में बताया है कि उनकी पुत्री ओरमांझी के मदरसा में पढ़ने जाया करती थी. पिछले एक हफ्ते से वह काफी परेशान दिख रही थी और मदरसा जाने में आनाकानी कर रही थी. जब उन्होंने ने अपनी बेटी से इसका कारण जानने की कोशिश की, तब उन्हें यह जानकारी मिली कि मदरसा के एक मौलाना द्वारा उनकी बेटी के साथ गलत हरकत की जा रही है. यह जानकारी मिलते ही वह तुरंत थाना पहुंचे और मौलाना के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाया. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी मौलाना के गिरफ्तारी में जुट गई है.

  • धुर्वा डैम घूमने गई नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

    धुर्वा डैम घूमने गई नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, चार आरोपी गिरफ्तार

    रांची | धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम घूमने गई नाबालिग लड़की से सामूहिक दुष्कर्म की घटना की खबर सामने आयी है. दुष्कर्म की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नाबालिग लड़की धुर्वा डैम घूमने गई थी. इसी दौरान लड़की से एक युवक बातचीत करने लगा और युवक के अन्य तीन दोस्त भी वहां आ गए. उसके बाद चारों लड़कों की नीयत खराब हुई और डैम के बगल में सुनसान जगह पर ले जाकर नाबालिग से चारों ने दुष्कर्म किया. नाबालिग ने जब इसकी जानकारी घर पहुंचकर परिजनों को दी, तो घरवालों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. उसके बाद घटना के करीब तीन से चार घंटे बीच ही तीन आरोपी युवकों को पुलिस ने दबोच लिया. अन्य की भी गिरफ्तारी गुरुवार की सुबह हो गई है. सभी आरोपी और पीड़िता धुर्वा इलाके के ही हैं.

  • रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली को आजीवन कारावास, मुश्ताक को 15 साल सश्रम कारावास की सजा

    रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली को आजीवन कारावास, मुश्ताक को 15 साल सश्रम कारावास की सजा

     रांची सीबीआई कोर्ट के विशेष न्यायाधीश पीके शर्मा की अदालत ने नेशनल शूटर तारा शाहदेव को प्रताड़ित करने के तीनों दोषियों रंजीत कोहली उर्फ रकिबुल हसन, हाईकोर्ट के बर्खास्त पूर्व रजिस्ट्रार (विजिलेंस) मुश्ताक अहमद और कोहली की मां कौशल रानी के खिलाफ सजा का एलान कर दिया है. CBI कोर्ट ने रंजीत कोहली को IPC की धारा 120B, 376,323,298,506 और 496 में दोषी पाया गया है. वहीं कौशल्या रानी को IPC की धारा 120B,298,506 और 323 में दोषी पाया गया है. मुश्ताक अहमद को IPC की धारा 120B और 298 में दोषी पाया गया है.

    रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली को आजीवन कारावास का सजा दी गयी है.  उस पर  पचास हज़ार का जुर्माना लगा है.  मुश्ताक अहमद को 15 साल सश्रम कारावास की सजा और पचास हजार जुर्माना, कौशल रानी को दस साल की सजा,  पचास हजार का जुर्माना लगाया गया है

    सभी को 30 सितंबर को दोषी करार दिया गया था

    कोर्ट ने उक्त सभी को 30 सितंबर को दोषी करार दिया था जिसके बाद से ये न्यायिक हिरासत में हैं. सीबीआई की ओर से केस साबित करने के लिए कुल 26 गवाह पेश किये गये. उन गवाहों और सीबीआई द्वारा पेश किये गये सबूतों के आधार पर कोर्ट ने रकिबुल हसन उर्फ रंजीत कोहली, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी को दोषी करार दिया था.

    दो जुलाई 2018 को रकिबुल हसन उर्फ रंजीत कोहली, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी के खिलाफ आरोप गठित किया था. रांची के हिंदपीढ़ी थाना में दर्ज प्राथमिकी 742/2014 को सीबीआई ने वर्ष 2015 में टेक ओवर किया था. सीबीआई की दिल्ली ब्रांच ने इस मामले में कांड संख्या RC/ 9S/15 दर्ज किया था.

    तारा शाहदेव के साथ मारपीट करने व धर्म परिवर्तन का था आरोप

    रंजीत कोहली उर्फ रकिबुल हसन, मुश्ताक अहमद और कौशल रानी पर सोची समझी साजिश के तहत तारा शाहदेव के साथ मारपीट करने, धर्म परिवर्तन के लिए प्रताड़ित करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था, जो कोर्ट के फैसले के बाद अब प्रमाणित हो गया है. आरोपों के मुताबिक, 7 जुलाई 2014 को तारा शाहदेव और रकिबुल उर्फ रंजीत कोहली की शादी हिंदू रीति रिवाज के साथ हुई थी. लेकिन शादी के दूसरे दिन यानी 8 जुलाई को रकिबुल और मुश्ताक अहमद ने तारा को इस्लाम धर्म के मुताबिक निकाह करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव देना शुरू किया. शादी के कुछ दिनों बाद तारा जब मुश्ताक अहमद के घर इफ्तार पार्टी में गयी तो उसने गलत नीयत से उसके साथ छेड़छाड़ की. सीबीआई ने जो अहम गवाह कोर्ट में पेश किये उसमें तारा शाहदेव , दिवंगत पूर्व मंत्री हाजी हुसैन अंसारी, काजी जान मोहम्मद, ब्लेयर अपार्टमेंट के निवासी, झारखंड पुलिस की तत्कालीन सब इंस्पेक्टर दीपिका कुमारी (जिन्होंने तारा को रेस्क्यू किया था), केस आईओ (जांच पदाधिकारी) हरीशचंद्र सिंह और सीबीआई की केस आईओ सीमा पहूजा शामिल थे. सीबीआई की ओर से वरीय लोक अभियोजक प्रियांशु सिंह ने इस मामले में पक्ष रखा.

  • हजारीबाग : मनरेगा जेई सुशील कुमार 10 हजार रूपये घूस लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

    हजारीबाग : मनरेगा जेई सुशील कुमार 10 हजार रूपये घूस लेते एसीबी की टीम ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

    हजारीबाग | एसीबी की हजारीबाग इकाई ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए मनरेगा के जेई को दस हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है. आरोपी जेई सुशील कुमार केशरी हजारीबाग में मनरेगा के संप्रति कनीय अभियंता हैं. पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र स्थित सेमरटांड़ निवासी सुशील कुमार केशरी के खिलाफ सोमर महतो ने शिकायत की थी. शिकायत करते हुए पीड़ित ने बताया कि पत्नी के नाम से मनरेगा योजना के तहत एक कूप निर्माण (2022-23) कार्य दिया गया है. जिसे उसने पूरा कर लिया है. आरोपी जेई ने फाईनल पुस्तक मापी भर दिया है. 1.70 लाख के भाउचर पर हस्ताक्षर के लिए 20 हजार रुपये घूस की मांग की जा रही है. शिकायत मिलने के बाद एसीबी मामले की जांच में जुट गई, इसी दौरान आरोपी जेई अनुनय विनय पर 10 हजार में पीड़ित का काम करने को तैयार हो गया. बुधवार की एसीबी की टीम आरोपी जेई को 10 हजार घूस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया.

  • 30 हजार घूस लेते सिरका कोलियरी क्लर्क संदीप कुमार को सीबीआई नें किया गिरफ्तार

    30 हजार घूस लेते सिरका कोलियरी क्लर्क संदीप कुमार को सीबीआई नें किया गिरफ्तार

    रामगढ़ | सिरका कोलियरी में कार्यरत डम्फर ऑपरेटर भुतपूर्व डम्फर ऑपरेटर स्व. राजु मुण्डा की आकस्मिक मृत्यू दिनांक 15.07.2023 को हो गई थी। स्व. राजु मुण्डा के मृत्यु के बाद अनुकम्पा के आधार पर नौकरी पानें हेतू उसकी पत्नी श्रीमति लत्ता देवी ने आवेदन दिया था। आवेदन देनें के बाद परियोजना पदाधिकारी, सिरका कोलियरी नें आवेदन को सिरका कोलियरी में कार्यरत क्लर्क ग्रेड ॥ श्री संदीप कुमार के पास भेज दिया जब श्रीमति लता देवी संदीप कुमार के पास गई तो कई बार उसे दौड़ाया गया फिर बाद में संदीप कुमार नें कहा कि नौकरी तब हीं मिलेगी जब स्क्रीनिंग कमिटि पास करेगा नहीं तो नौकरी नहीं मिलेगा। श्रीमति लत्ता देवी नें संदीप कुमार से कहा कि इसके लिए मुझे क्या करना पड़ेगा तो संदीप कुमार नें कहा कि स्क्रीनिंग कमिटि में पास करवानें हेतू तुम्हें 30,000 हजार रुपया लगेगा नहीं तो नौकरी नहीं मिलेगा। थक हारकर श्रीमति लता देवी . कोलियरी मजदूर कांग्रेस के क्षेत्रिय सचिव संजय कुमार को पैसा माँगे जानें की पुरी जानकारी दी तो संजय कुमार नें उसे लेकर सीबीआई, एसीबी, कार्यालय राँची गये और कार्यालय में घूस माँगे जानें की शिकायत को ले एक आवेदन दिया जिसके सत्यापन के बाद आज दिनांक 03.10.2023 को संदीप कुमार को 30,000 हजार रुपया घूस लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। । सीबीआई की कारवाई के बाद कोलियरी मजदूर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रामेंश्वर सिंह फौजी नें अपनी प्रतिक्रिया देते हुये कहा कि श्रीमति लत्ता देबी एक अनपढ एवं सीधी साधी महिला होकर अदम्भय साहस का परिचय दिया जिसनें भ्रष्टाचार के खिलाफ सीबीआई में शिकायत करनें की हिम्मत जुटा पाई जिसका परिणाम भ्रष्टाचारी की गिरफ्तारी हुई है । फौजी नें कहा कि सबसे भ्रष्ट कार्मिक विभाग है जहाँ बिना चढावा कोई काम नहीं होता मजदूरों को भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आगे आना चाहिये। इसके पूर्व भी अरगडा क्षेत्र, सीसीएल में पिछले एक दशक में घूसखोरी के आरोप में 7 अधिकारी एवं कर्मचारी सीबीआई के हांथों चढ़ चुके हैं- फौजी

  • शराब कारोबार से राज्य में रोजाना हो रही करोड़ों की वसूली

    शराब कारोबार से राज्य में रोजाना हो रही करोड़ों की वसूली

    रांची | राज्य के शराब कारोबारी इन दिनों अवैध वसूली में लीन है रोज दिन राज्य में धड़ल्ले से शराब की एमआरपी रेट से अधिक पैसे वसूले जा रहे है. जिसका ग्राहकों ने विरोध भी किया है इस बीच एक आंकलन सामने आया है जिसके अनुसार, प्रतिदिन पूरे राज्यभर में करीब 3 करोड़ की अवैध वसूली हो रही है. यानी कि 90 करोड़ रुपए महीने का. वहीं हर रोज हो रहे इस अवैध वसूली में साफ तौर पर यह कहा जा रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर उत्पाद विभाग, जेएसबीसीएल, प्लेसमेंट एजेंसी और दुकान कर्मियों की मिलीभगत के बिना यह अवैध वसूली संभव नहीं है. मिलीभगत का ही असर है कि राज्य के कई शराब दुकानों में कर्मी मनमाने तरीके से शराब की कीमत से अधिक पैसे वसूलने का काम कर रहे है वहीं जब इसका विरोध ग्राहकों द्वारा किया जाता है तो वे उनपर ही हावी हो जाते है. ऐसी खबरें राज्य के कई जगहों से अक्सर सामने आती रहती है. 

    एक दिन में हो रही 3 करोड़ की लूट मतलब महीने का 90 करोड़ 

    उपराजधानी दुमका से लेकर राज्य के कई जिलों में शराब दुकानों पर धड़ल्ले से अवैध वसूली हो रही है जिसे हर कोई देख सकता है. शराब लेने पहुंच रहे सभी ग्राहकों से दुकानदार एमआरपी रेट यानी प्रिंट रेट से अधिक पैसे वसूलने का काम कर रहे हैं. इतना ही नहीं जब ग्राहक इसका विरोध करते है तो वे उन्हें शराब ना देने की धमकी तक दे देते है. जिसके कारण मजबूर होकर शराब लेने पहुंच रहे ग्राहक एमआरपी रेट से अधिक कीमत पर ही शराब खरीद रहे है. बात करें राज्य की जनसंख्या की तो यहां करीब 3 करोड़ की आबादी रहती है. वहीं जानकारों के मुताबिक, राज्य में प्रतिदिन विदेशी शराब का सेवन करने वाले लोगों की संख्या जनसंख्या की 10 प्रतिशत है. इसका मतलब यह कि राज्यभर में करीब 30 लाख लोग प्रतिदिन शराब का सेवन कर रहे है और इन सभी 30 लाख लोगों से शराब विक्रेता एमआरपी रेट से अधिक पैसे की वसूली कर रहा है. जिसमें आंकलन के अनुसार महीने का 90 करोड़ और सिर्फ एक दिन का 3 करोड़ रुपए का वसूली किया जा रहा है. 

    राज्य शराब कारोबारी और विक्रेता धड़ल्ले से शराब खरीदारों से पैसे लूट रहे है और यह सब देखते हुए भी इस मामले में विभाग के साथ प्रशासन और मंत्रालय सभी मौन धारण किए हुए है. शराब बिक्री के नाम पर राज्यभर में हो रही इस लूट की खबर सत्ता के शीर्ष पदों पर बैठे विभाग के सभी अधिकारी को है लेकिन फिर भी वे चुप्पी साधे मौन होकर सब देख रहे हैं. राज्य के कद्दावर नेता रहे शिक्षा सह उत्पाद विभाग के मंत्री जगरनाथ महतो के निधन के बाद उनकी पत्नी बेबी देवी डुमरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और मौजूदा सरकार में उत्पाद विभाग की मंत्री है. लेकिन मंत्री को फिलहाल विभाग के तजूर्बे की थोड़ी कमी है. कहा यही जा रहा है कि शराब कारोबारियों और सिंडिकेट को इसी का बड़ा फायदा हो रहा है. लेकिन इस बीच विभाग की ओर से उत्पाद आयुक्त के साथ उत्पाद सचिव भी मौन धारण किए हुए है. जिसकी वजह से राज्य में शराब की अवैध वसूली को लेकर शराब कारोबारियों को साहस मिल रहा है. राज्य में उत्पाद विभाग द्वारा नकली शराब की बिक्री पर लगातार छापेमारी की जाती रही है और कई जगहों पर अब भी छापेमारी जारी है लेकिन इन दिनों पूरे झारखंड में धड़ल्ले से प्रिंट रेट से अधिक की वसूली पर रोक-थाम को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया है. 

  • कोरियर कंपनी ‘वेयर हाउस’ से महंगे मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वाले 2 अपराधी गिरफ्तार

    कोरियर कंपनी ‘वेयर हाउस’ से महंगे मोबाइल और लैपटॉप चोरी करने वाले 2 अपराधी गिरफ्तार

    रांची राजधानी रांची में पुलिस ने चोरी की 20 महंगी मोबाइल और लैपटॉप के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है. दरअसल, यह मामला राजधानी के नामकुम इलाके के कोरियर कंपनी ‘वेयर हाउस’ का है. कंपनी के इंचार्ज ने पिछले कई महीनों से अलग-अलग कंपनी के मोबाइल फोन के चोरी होने की शिकायत नामकुम थाने में दर्ज कराई थी. वहीं मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है साथ ही दो आरोपी को 20 महंगी मोबाइल के साथ गिरफ्तार कर लिया है. 

    मामले में जानकारी देते हुए नामकुम थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी ने कहा कि सरवल स्थित लोड शेयर नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड वेयर हाउस के इंचार्ज सुभांकर ठाकुर ने 18 सितंबर को मन्नु वेयर हाउस के हब से पिछले 3-4 महीने में 7 लाख 23 हजार 936 रूपए के अलग अलग कंपनी के करीब 28 मोबाइल, 1 लैपटॉप और 3 एयर पॉड चोरी होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. इस मामले में उन्होंने वेयर हाउस के कर्मचारी पर चोरी का आरोप लगाया था. 

    मामले में वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा ग्रामीण एसपी के निर्देशन पर एएसपी मुख्यालय प्रथम मुमल राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया जिसमें टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. साथ ही इनके निशानदेही पर पुलिस ने 20 मोबाइल बरामद किया है. मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि कोरियर कंपनी द्वारा डिलेवरी के बाद पार्सल रिटर्न होने पर ये लोग मोबाइल निकालकर दोबारा पैक करते थे. और रिटर्न पार्सल को कोलकाता भेजा जाता है. चोरी की यह सूचना कोलकाता से ही कंपनी को दी गई.  

    बताया जा रहा है कि गिरफ्तार दोनों अपराधी चोरी किए महंगें मोबाइल फोन को सस्ते दामों में बेच दिया करते थे. इन्होंने मुंबई और भागलपुर में भी कई मोबाइल बेचे है. इस मामले में गिरफ्तार एक युवक का नाम विकास कुमार महतो उर्फ जुगु है जो नामकुम स्थित चाय बगान के रहने वाला है वहीं दूसरे युवक का नाम संतोष कुमार है जो बालसिरिंग तुपुदाना का रहने वाला है. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने दोनों युवक को जेल भेज दिया है. वहीं मामले में अन्य लोगों के संलिप्ता की आशंका पुलिस जता रही है साथ ही जांच करते हुए अन्य लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है. 

  • एमडीए का चावल कालाबाजारी करने का प्रयास, प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरफ्तार

    एमडीए का चावल कालाबाजारी करने का प्रयास, प्रभारी प्रधानाध्यापक गिरफ्तार


    एक बोलेरो पिकअप वैन में एमडीए का 60 बोरी चावल लोड करवा रहे थे

    साहिबगंज। वृंदावन अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक को चावल की कालाबाजारी के आरोप में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार सिंह को छात्रों ने एक बोलेरो पिकअप वैन में चावल लोड करवाते देखा था। जिसका बाद स्टूडेंट के द्वारा हंगामा किया गया और थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। रात को वृंदावन अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार एक वेन में स्कूल में आने वाले एमडीए का चावल लोड करवा रहे थे। जिसे छात्रों ने देख लिया। छात्रों को पहले तो डांट कर भगा दिया गया। बाद में स्कूल के सभी छात्र एकजुट हो कर आए और हंगामा किया। छात्रों ने बताया कि 60 बोरे चावल की कालाबाजारी की जा रही थी। मामले में बीडीओ तालझारी साइमन मरांडी ने बताया था कि जिला कल्याण पदाधिकारी ने प्रभारी प्रधानाध्यापक को तुरंत निलंबित कर दिया है। उन्होंने भी पत्र लिखकर थाना प्रभारी को आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा था। जिसके बाद तीनपहाड़ थाना में कांड संख्या 59/23 प्राथमिकी दर्ज कराई गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने मंगलवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। आरोपी निलंबित प्रभारी प्रधानाध्यापक संजीव कुमार अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बता रहे है। हालांकि मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

  • बंद पड़े स्टोन माइंस से मां के साथ एक वर्ष के मासूम बेटे का शव बरामद

    बंद पड़े स्टोन माइंस से मां के साथ एक वर्ष के मासूम बेटे का शव बरामद


    ससुराल वालों से विवाद के कारण आत्महत्या करने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

    पलामू। छतरपुर थाना क्षेत्र के बगैया में एक बंद पड़े स्टोन माइंस से एक महिला और उसके मासूम बेटे का शव बरामद किया गया। आज सुबह कुछ लोग शौच के लिए माइंस की ओर गये हुए थे। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर मृत महिला और बच्चे पर पड़ी। लोगों ने आशंका जताई कि मां ने बच्चे के साथ आत्महत्या की है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची छतरपुर थाना पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। मां और बेटे के शव को पुलिस ने अन्य लोगों के सहयोग से माइंस से बाहर निकाल लिया है। प् मृतक महिला की पहचान कुसमी देवी और उसके एक वर्षीय बेटे के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार कुसमी देवी अपने बेटे के साथ मंगलवार की शाम से घर से लापता हो गयी थी। आज सुबह स्थानीय ग्रामीण जब इलाके में माइंस के पास गए तो देखा कि एक महिला का शव माइंस के पानी में तैर रहा है। बाद में महिला की पहचान कुसमी देवी के रूप में हुई। कुसमी देवी के साथ उसके एक वर्ष के नवजात बेटे का शव भी था।


    पुलिस कर रही है सभी बिंदुओं पर जांच

    छतरपुर थाना प्रभारी शेखर कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की आगे छानबीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि आशंका जताई जा रही है कि महिला ने बच्चे के साथ आत्महत्या की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कहानी पता चल पाएगी। पुलिस सभी बिंदुओं पर अनुसंधान कर रही है।

    ससुराल वालों से विवाद होता था महिला का

    थाना प्रभारी ने बताया कि जानकारी के अनुसार कुसमी देवी का ससुराल वालों के साथ विवाद था। ससुराल के लोग कुसमी देवी को मायके से बात नहीं करने देते थे। कुछ महीने पहले विवाद में मारपीट की घटना हुई थी। कुसमी देवी की करीब दो वर्ष पहले शादी हुई थी।

  • श्रीरामपुर में नायक सुपर सीमेंट फैक्ट्री में छापेमारी, चार ट्रैक्टर पत्थर जब्त

    श्रीरामपुर में नायक सुपर सीमेंट फैक्ट्री में छापेमारी, चार ट्रैक्टर पत्थर जब्त


    पुलिस को देखते ही फैक्ट्री संचालक व अन्य हुए फरार, पुलिस कर रही है तलाश

    गिरिडीह। एसपी दीपक कुमार शर्मा के निर्देश पर मुफस्सिल थाना पुलिस की टीम ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गादी श्रीरामपुर में संचालित नायक सुपर सीमेंट फैक्ट्री में छापेमारी किया। जहां से चार ट्रैक्टर पत्थर जब्त किया गया है। पुलिस को देखते ही फैक्ट्री मालिक और अन्य सदस्य मौके पर से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि यह फैक्ट्री चंदन साव नामक व्यक्ति का है। वह लंबे समय से अवैध रूप फैक्ट्री चला रहा है। इस फैक्ट्री में जंगल वाले इलाके से अवैध रूप से पत्थर का उत्खनन कर फैक्ट्री में लाकर उसे पाउडर बनाकर अलग-अलग इलाकों में सप्लाई की जा रही थी। यह कारोबार पिछले लंबे समय से चंदन साव के द्वारा किया जा रहा था। इधर, पुलिस चंदन साव की गिरफ्तारी को लेकर भी छापेमारी कर रही है। वहीं इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से पत्थर फैक्ट्री चलाने वाले धंधेबाजों में भी हड़कंप मच गया है। बताया गया कि नायक सुपर सीमेंट फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर वन भूमि से अवैध रूप से पत्थर का उत्खनन कर लाया जाता है। फिर उसका पाउडर बनाकर अलग-अलग जिलों में सप्लाई की जाती थी। बताया गया कि इस फैक्ट्री का संचालन इलाके के कुछ सफेदपोश के संरक्षण में चल रहा था। फिलहाल पुलिस फैक्ट्री के मालिक चंदन साव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही इस मामले की जानकारी खनन विभाग को भी दे दी गयी है।