टैग: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

  • हर वर्ग को आगे ले जाने वाला बजट हमारी प्राथमिकता : हेमन्त

    हर वर्ग को आगे ले जाने वाला बजट हमारी प्राथमिकता : हेमन्त

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज वित्त विभाग की ओर से आयोजित अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी-2026-27 में हुए शामिल

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। झारखंड 25 वर्षों का सफर तय कर चुका है। ऐसे में इस बार राज्य के लिए मजबूत और बहुआयामी बजट की आवश्यकता है। बजट ऐसा हो, जो इस युवा राज्य की संभावनाओं को आकार दे सके। बजट संतुलित, समावेशी और व्यापक हो, जिसमें जन आकांक्षाएं परिलक्षित हो और विकास को भी गति मिले। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज झारखंड मंत्रालय में अबुआ दिशोम बजट संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि बजट ऐसा होना चाहिए, जो हर वर्ग और क्षेत्र को पूरी मजबूती के साथ आगे ले जा सके।

    बजट की राशि में हो रही हर वर्ष वृद्धि, राजस्व बढ़ाने पर जोर

    मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी बजट लगभग 1 लाख करोड़ रुपए के होने का अनुमान है। आने वाले वर्षों में बजट की राशि में और वृद्धि होगी। ऐसे में राजस्व संग्रहण बढ़ाने की दिशा में भी हमें ठोस तरीके से कार्य करना होगा ताकि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में राशि की कमी नहीं हो।

    बजट से आम लोगों को भी जोड़ना होगा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य का बजट बेहतर बने, इसके लिए आम लोगों को भी जिम्मेदारी देनी होगी। इस दिशा में हमारी सरकार आम लोगों से लगातार सुझाव ले रही है। मेरा मानना है कि लोगों की भागीदारी से ही हम एक संतुलित और विकास आधारित बजट इस राज्य का बना सकते हैं।

    विदेश दौरे में मिले अनुभव से राज्य को देंगे नई दिशा

    मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल ही में दावोस में विश्व आर्थिक मंच की बैठक और लंदन दौरे से लौटा हूं। वहां काफी करीब से उनकी नीतियों, समृद्ध अर्थव्यवस्था, लोगों की जीवन और कार्य शैली तथा परंपरा- संस्कृति देखने – समझने का मौका मिला। विदेश दौरे में हमें जो अनुभव प्राप्त हुए हैं, उसके जरिए हम राज्य को नई दिशा देने देंगे का प्रयास करेंगे।

    नई पीढ़ी नए तरीके से बढ़ रही है आगे

    मुख्यमंत्री ने कहा की नई पीढ़ी अलग सोच के साथ आगे बढ़ रही है। ये पीढ़ी पारंपरिक व्यवस्थाओं से अलग रास्ते तलाश रही है। ऐसे में नई पीढ़ी की जरूरतों तथा आवश्यकताओं के अनुरूप बजट को तैयार करना होगा ताकि उन्हें उन्हें हम बेहतर अवसर उपलब्ध करा सकें। इसके लिए जरूरी है कि हम नवीनतम प्रयोग के साथ आगे बढ़ें।

    संसाधनों और क्षमताओं की कोई कमी नहीं है

    झारखंड में किसी भी क्षेत्र में संसाधन और क्षमताओं की कोई कमी नहीं है। जल – जंगल जैसे प्राकृतिक संसाधन हैं। प्रचुर खनिज संपदा है। उद्यमी हैं। मानव संसाधन है। मेहनतकश श्रम बल है। किसान हैं। खिलाड़ी हैं। इसके साथ अनेकों और क्षेत्र हैं, जहां काफी संभावनाएं हैं। हमें इन संसाधनों और क्षमताओं का बेहतर से बेहतर इस्तेमाल करने की दिशा में कार्य करना है ।

    हर क्षेत्र में लक्ष्य के साथ बढ़ रहे हैं आगे

    मुख्यमंत्री ने कहा कि इस राज्य में प्राकृतिक, औद्योगिक और आर्थिक संसाधन प्रचुर मात्रा में उपलब्ध है । ऐसे में अपने इन संसाधनों के बलबूते शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, कृषि, खेल, प्राकृतिक, औद्योगिक, आर्थिक और आधारभूत संरचनाओं को मजबूत करने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं। कृषि में निरंतर नए प्रयोग हो रहे हैं। खेतों में पानी पहुंच रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं – सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। जल जंगल और जमीन के संरक्षण और सदुपयोग को लेकर मजबूत रूपरेखा के साथ कार्य कर रहे हैं।

    एक पिछड़ा राज्य होने के बाद भी देश की अर्थव्यवस्था में झारखंड दे रहा अहम योगदान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड देश का एक छोटा और पिछड़ा राज्य है। लेकिन, देश की अर्थव्यवस्था में यह राज्य अहम योगदान देता आ रहा है। ऐसे में अपने राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की नई नीति, कार्ययोजना एवं बेहतर प्रबंधन के साथ आगे बढ़ रहे हैं।

    उत्पादों का वैल्यू एडिशन हो

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक संसाधनों से झारखंड समृद्ध राज्य है। यहां देश का सबसे ज्यादा लाह उत्पादन होता है। तसर उत्पादन में भी झारखंड काफी आगे हैं । ऐसे और भी अनेकों संसाधन हैं, जिसका इस्तेमाल दूसरे राज्यों में हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमें अपने इन संसाधनों का वैल्यू एडिशन करने की जरूरत है, ताकि इसका इस्तेमाल अपने राज्य के हिसाब से कर सकें।

    आदिवासी बहुल राज्य है, पारंपरिक व्यवस्थाओं को भी आगे ले जाना है

    मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड एक आदिवासी बहुल राज्य है । यहां की जनजातीय परंपरा काफी समृद्ध है। ऐसे में जनजातीय परंपराओं को आगे भी ले जाना है। इस दिशामे हमारी सरकार लगातार कार्य कर रही है।

    विशेषज्ञों और आम लोगों ने जो विचार और सुझाव दिए हैं , बजट में रखा जाएगा ध्यान

    मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर और सन्तुलित बजट को लेकर आम लोगों से विचार और सुझाव मांगे गए थे। इसके अलावा देश के विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के साथ चर्चा भी लगातार हुई और उनके सुझाव लिए गए। उनके द्वारा मिले बेहतर सुझावों को बजट में भी जगह देने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर श्रेष्ठ सुझाव देने वाली स्वाति बंका, किशोर प्रसाद वर्मा और गोपी हांसदा को नगद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

    इस संगोष्ठी में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, वित्त सचिव प्रशांत कुमार, सचिव (संसाधन) वित्त अमित कुमार, राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष अमरेंद्र प्रताप सिंह और सदस्य डॉ हरिश्वर दयाल तथा देश के प्रतिष्ठित संस्थानों से आए विशेषज्ञों में डॉ एन.कार्तिकेयन, डॉ मनीषा प्रियम, डॉ डी. राय और डॉ सुधा राय उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    मुख्यमंत्री हेमन्त दुनिया के देशों को देंगे झारखण्ड में निवेश का न्यौता

    दावोस में सीएम कई ग्लोबल कंपनियों के प्रमुखों से करेंगे मुलाकात

    रांची/दावोस। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन के नेतृत्व में झारखण्ड का प्रतिनिधिमंडल वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम की वार्षिक बैठक के दौरान दावोस में एक मजबूत और स्पष्ट उद्देश्य के साथ शामिल होगा। इस मंच के जरिए झारखण्ड खुद को स्थिरता, ऊर्जा बदलाव, समावेशी विकास और औद्योगिक प्रगति जैसे वैश्विक मुद्दों पर एक जिम्मेदार और भविष्य के लिए तैयार राज्य के रूप में खुद को प्रस्तुत करेगा। वर्ल्ड फोरम पर उच्च-स्तरीय बैठकों, विचार-विमर्श सत्रों और द्विपक्षीय चर्चाओं के माध्यम से वैश्विक उद्योग जगत के नेताओं, नीति निर्माताओं, बहुपक्षीय संस्थानों और निवेशकों से संवाद करेगा।

    प्रकृति के साथ संतुलन में विकास है मूल दृष्टि

    झारखण्ड इस बैठक में “प्रकृति के साथ संतुलन में विकास” के दृष्टिकोण के साथ शामिल हो रहा है। यह सोच आर्थिक विकास को पर्यावरण की रक्षा, लोगों के कल्याण और लंबे समय तक टिकाऊ विकास के साथ जोड़ती है। अपने गठन के 25 वर्ष पूरे कर चुके युवा राज्य के रूप में झारखण्ड खुद को केवल खनिज संसाधनों वाला राज्य नहीं, बल्कि बेहतर शासन और भविष्य की जरूरतों के अनुसार विकास का रास्ता बनाने वाले राज्य के तौर पर पेश होगा।

    वैश्विक कंपनियों और संस्थानों के प्रमुखों के साथ संवाद

    वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम के दौरान मुख्यमंत्री टाटा स्टील, हिताची, श्नाइडर इलेक्ट्रिक, इंफोसिस, वेलस्पन, एबी इनबेव, ब्लूमबर्ग, टेक महिंद्रा, अल्फानार, रामकी ग्रुप, एवरस्टोन ग्रुप सहित स्वीडन, अमेरिका और यूरोप की वैश्विक व्यापार परिषदों और संस्थानों के प्रमुख के साथ बैठक करेंगे। इन बैठकों में टिकाऊ उद्योग, हरित ऊर्जा, महत्वपूर्ण खनिज, आधुनिक बुनियादी ढाँचा, डिजिटल तकनीक और जलवायु के अनुकूल औद्योगिक विकास में निवेश के अवसरों पर चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ऊर्जा बदलाव, क्षेत्रीय नेतृत्व, बड़े पैमाने पर स्थिरता, महत्वपूर्ण खनिजों और मजबूत आपूर्ति श्रृंखलाओं में भारत की भूमिका से जुड़े उच्च-स्तरीय मंत्रिस्तरीय संवाद और पैनल चर्चाओं में भी भाग लेंगे। इन मंचों पर झारखण्ड यह बात सामने रखेगा कि भूमि, श्रम, संसाधन और जलवायु परिवर्तन के प्रबंधन में राज्य सरकार की भूमिका कितनी अहम है और कैसे राज्य स्तर से वैश्विक समाधान निकलते हैं।

    झारखण्ड मंडप का उद्घाटन होना रहेगा महत्वपूर्ण

    झारखण्ड प्रतिनिधिमंडल की मौजूदगी का एक महत्वपूर्ण हिस्सा झारखण्ड पेवेलियन का उद्घाटन है। पेवेलियन का उद्घाटन 20 जनवरी को होगा। यह पेवेलियन राज्य की निवेश संभावनाओं, नीतिगत सुधारों और दीर्घकालिक विकास योजना को प्रस्तुत करने का एक समर्पित मंच होगा। इसके माध्यम से झारखण्ड अपनी खनन और औद्योगिक पहचान से आगे बढ़कर हरित विकास, मूल्यवर्धित उत्पादन, जिम्मेदार संसाधन प्रबंधन और समावेशी रोजगार की दिशा में अपनी यात्रा को दिखाने की कोशिश करेगा।

    (और ज्यादा…)
  • धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    धुर्वा डैम बनेगा टूरिस्ट डेस्टिनेशन : हेमन्त सोरेन

    मुख्यमंत्री ने नव वर्ष के अवसर पर किया रांची शहर का भ्रमण

    रांची: नये साल के आगाज पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज रांची शहर का दौरा करते हुए धुर्वा डैम एवं अन्य पिकनिक स्पॉट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां की भौगोलिक स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा क्षेत्र में पर्यटन विकास की संभावनाओं का विस्तारपूर्वक अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने चाय की चुस्की के साथ रांची की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य का भी आनंद लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि धुर्वा डैम क्षेत्र में पर्यटन को व्यवस्थित रूप से विकसित करने हेतु ठोस कार्ययोजना तैयार की जाए। इससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे तथा यह क्षेत्र रांची शहर के पर्यटन नक्शे का प्रमुख आकर्षण बनेगा।

    निरीक्षण के दौरान श्री सोरेन ने स्थानीय दुकानदारों एवं नागरिकों से उनकी समस्याएं सुनीं तथा सुझाव लिए।उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार जनसहभागिता के माध्यम से क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “धुर्वा डैम केवल रांची का महत्वपूर्ण जल स्रोत है, बल्कि यहां पर्यटन की अपार संभावनाएं भी हैं। सरकार इन संभावनाओं को चरणबद्ध तरीके से विकसित करेगी।

    इसके उपरांत श्री सोरेन ने धुर्वा स्थित ज्यूडिशियल अकादमी, झारखंड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संस्थान की अधोसंरचना एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा आवश्यक निर्देश दिए।इस मौके पर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, पर्यटन, कला, संस्कृति सचिव मनोज कुमार, रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, रांची जिला प्रशासन के पदाधिकारी, पर्यटन विभाग के प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण मौजूद थे।

  • सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सुदिव्य को मिला नगर विकास तो इरफ़ान बनें स्वास्थ्य मंत्री

    सीएम ने मंत्रियों के बीच किया विभागों का बँटवारा

    गांडीव रिपोर्टर

    रांची। मुख्यमंत्री और हेमंत सोरेन ने आज अपने मंत्रियों के बीच विभागों का बँटवारा कर दिया है। इरफ़ान अंसारी को जहाँ स्वास्थ्य मंत्री बनाने के साथ खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन विभाग दिया गया है, वहीं दीपिका पांडेय सिंह को ग्रामीण विकास एवं ग्रामीण कार्य, पंचायती राज विभाग का मंत्री बनाया गया है।

    मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने पास कार्मिक और गृह मंत्रालय के अलावा पथ निर्माण, भवन निर्माण, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग के अलावा अन्य वैसे विभागों को रखा है, जो दूसरे मंत्रियों को आवंटित नहीं है।

    मुख्यमंत्री के क़रीबी माने जाने वाले सुदिव्य सोनू को नगर विकास विभाग, उच्च शिक्षा और खेलकूद मंत्रालय का मंत्री बनाया गया है, जबकि चमड़ा लिंडा को SC/ST आदिवासी कल्याण मंत्रालय का ज़िम्मा सौंपा गया है।

    कांग्रेस कोटे के मंत्री राधाकृष्ण किशोर को वित् विभाग, वाणिज्य कर विभाग एवं संसदीय कार्य का ज़िम्मा सौंपा गया है, वहीं शिल्पी नेहा तिर्की को कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग का ज़िम्मा दिया गया है। हफीजुल हसन अंसारी को जल संसाधन और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री बनाया गया है वहीं योगेन्द्र प्रसाद को पेयजल स्वच्छता एवं उत्पाद मद्य निषेध मंत्रालय मिला है।

  • मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांटा टोली और सिरम टोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य का किया समीक्षा

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांटा टोली और सिरम टोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य का किया समीक्षा

    रांची | मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची में बन रहे कांटा टोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के कार्यों के प्रगति की समीक्षा की मुख्यमंत्री ने विशेषकर कांटा टोली फ्लाईओवर और सिरम टोली फ्लाईओवर के जंक्शन पर ट्रैफिक सिस्टम व्यवस्थित रखने की दिशा में उठाए जा रहे तकनीकी पहलुओं की जानकारी और पथ निर्माण विभाग के अभियंताओं से ली |

    मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों फ्लाईओवर के जंक्शन पर स्मूथ ट्रैफिक के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं | मुख्यमंत्री ने दोनों फ्लाईओवर के निर्माण के क्रम को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी लेते हुए कई आवश्यक निर्देश दिए | मुख्यमंत्री ने अभियंताओं से कहा कि अगर फ्लाईओवर को लेकर किसी तरह की तकनीकी अड़चन आ रही है उसका अभिलंब समाधान निकाला जाए | उन्होंने कहा कि दोनों ही फ्लाईओवर का निर्माण समय तक हर साल में हो जाना चाहिए इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि कांटा टोली और फ्लाईओवर निर्माण में आधुनिक तकनीकी का इस्तेमाल किया जा रहा है | इस मौके पर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना डाडेल और निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार मौजूद थे |

  • सीएम ने मनाया गुरुजी का 79वां जन्मदिन, देखें तस्वीरें..

    सीएम ने मनाया गुरुजी का 79वां जन्मदिन, देखें तस्वीरें..

    रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज अपने पिता पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन का 79वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उनसे आशीर्वाद लेने के लिए परिवार के सभी सदस्यों के साथ ही काफी संख्या में राज्य के मंत्री, झामुमो के नेता और गणमान्य लोग मौजूद थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता को पुष्पगुच्छ भेंट कर ईश्वर से उनके दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। मौके पर मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, दिशोम गुरु शिबू सोरेन के छोटे पुत्र विधायक बसंत सोरेन सहित मुख्यमंत्री के अन्य परिजन तथा कई गणमान्य लोगों ने भी पूर्व मुख्यमंत्री तथा वर्तमान राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन को जन्मदिन की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए उनके बेहतर स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

  • विधानसभा में बैठक, स्पीकर-सीएम हुए शामिल

    विधानसभा में बैठक, स्पीकर-सीएम हुए शामिल

    19 दिसंबर से शुरू होगा शीत सत्र

    सुचारू संचालन के लिए हुआ विचार-विमर्श

    रांची। झारखंड विधानसभा में आज विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विधायक दल के नेताओं के साथ सम्मिलित हुए। बैठक में आगामी 19 दिसंबर से 23 दिसंबर 2022 तक आयोजित होने वाले पंचम झारखण्ड विधानसभा का दशम (शीतकालीन) सत्र के सुचारू संचालन हेतु विचार-विमर्श किया गया।

  • 9.30 घंटे बाद ईडी ऑफिस से निकले मुख्यमंत्री

    9.30 घंटे बाद ईडी ऑफिस से निकले मुख्यमंत्री

    पत्नी कल्पना सोरेन संग मुख्यमंत्री आवास के लिए हुए रवाना

    रांची। अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग केस में लगभग 9:30 घंटे तक ईडी ऑफिस में हुई पूछताछ के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ईडी ऑफिस से रात 9:37 बजे बाहर निकले। बाहर लगभग 30 मिनट पहले पहुंची हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन उनका इंतजार कर रही थी। पूछताछ के बाद बाहर निकले श्री सोरेन पत्नी के साथ ईडी ऑफिस से सीएम आवास के लिए रवाना हुए। ईडी के सम्मन पर वे आज सुबह 12:00 बजे ईडी ऑफिस पूछताछ के लिए पहुंचे थे। ज्ञात हो कि हेमंत सोरेन पर अवैध खनन और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ने का आरोप है। 8 जुलाई को ईडी ने हेमंत सोरेन के करीबी पंकज मिश्रा के घर पर छापेमारी की थी। यहां से एजेंसी को हेमंत सोरेन की बैंक पासबुक, साइन किए हुए दो चेक और चेक बुक मिली थी। सितंबर में चार्जशीट दाखिल करते हुए ईडी ने बताया था कि जांच में उसे अवैध खनन में एक हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की हेराफेरी होने के सबूत मिले हैं।

  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची रांची

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पहुंची रांची

    एयरपोर्ट पर गवर्नर और सीएम ने किया स्वागत

    रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आज भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू भारतीय एयरफोर्स के विशेष विमान से रांची पहुंची। रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा पर महामहिम का स्वागत झारखंड के गवर्नर रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पुष्पगुच्छ देकर किया।

    एयरपोर्ट पर ही जवानों ने महामहिम द्रौपदी मुर्मू को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। एयरपोर्ट से राष्ट्रपति श्री मुर्मू सेना के हेलीकॉप्टर में बैठकर खूंटी जिला के उलीहातू स्थित भगवान बिरसा मुंडा जन्मस्थली के लिए रवाना हो गई, जहां वह भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी।

  • मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा पर चढ़ाएं श्रद्धा सुमन

    मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा पर चढ़ाएं श्रद्धा सुमन

    रांची। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची के कोकर स्थित भगवान बिरसा मुंडा के समाधि स्थल पर माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किया। समाधि स्थल कोकर पर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के बाद मुख्यमंत्री श्री सोरेन बिरसा चौक पहुंचे, जहां भगवान बिरसा की आदमकद प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण कर देश के आजादी की लड़ाई में उनके योगदान को याद किया।

    देखें तस्वीरें….

  • झारखंड में जश्न, सीएम हाउस में उड़े गुलाल, छूटे पटाखे

    झारखंड में जश्न, सीएम हाउस में उड़े गुलाल, छूटे पटाखे

    केंद्रीय सरना समिति और सरना प्रार्थना सभा ने हेमंत सोरेन का किया जोरदार स्वागत-अभिनंदन


    रांची। 1932 खतियान आधारित स्थानीयता और नियुक्ति तथा सेवाओं में आरक्षण वृद्धि का विधेयक झारखंड विधान सभा से पारित होने पर झारखंड वासियों में इतना उत्साह उमंग उल्लास और खुशी है, इसकी बानगी आज मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय परिसर में भी देखने को मिली। इस ऐतिहासिक पहल के लिए केंद्रीय सरना समिति और सरना प्रार्थना सभा ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन का जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया। इस मौके पर उन्होंने खूब जयकारे लगाए। एक -दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर खुशियों को इजहार किया। वहीं, आतिशबाजी कर जश्न मनाया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा – झारखंड और झारखंड वासियों के मान -सम्मान और अस्मिता के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इन दोनों विधेयकों को पारित कर हमारी सरकार आदिवासियों- मूलवासियों को  उनका हक और अधिकार देने का कार्य किया है। झारखंड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है और यह सिलसिला नही थमेगा।


  • सीएम को फिर सम्मन, अब 17 नवंबर को ईडी ने हर हाल में बुलाया

    सीएम को फिर सम्मन, अब 17 नवंबर को ईडी ने हर हाल में बुलाया

    रांची। ईडी ने मुख्यमंत्री को पूछताछ के लिए एक बार फिर से सम्मन भेजा है। इस बार ईडी ने 17 नवंबर 2022 को हेमंत सोरेन को तलब किया है। ईडी ने पूछताछ के लिए राँची क्षेत्रीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को हर हाल में उपस्थित होने कहा है। ऐसा नहीं करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

    गौरतलब है कि इससे पूर्व ईडी ने मुख्यमंत्री को सम्मन भेजकर 3 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया था, जिसके जवाब में मुख्यमंत्री ने लेटर के माध्यम से उपस्थित नहीं होने का कारण व्यस्तता और जरूरी कार्यक्रमों का हवाला दिया था।

    पूजा सिंघल मामले में भी हो सकती है पूछताछ


    खान विभाग के मंत्री रहते हुए हेमंत सोरेन के कार्यकाल में विभाग की सचिव रहते हुए पूजा सिंघल ने अवैध खनन से अकूत धन एकत्रित की थी। गत छह मई को पूजा सिंघल व उनके सहयोगियों के ठिकानों पर ईडी ने छापेमारी की थी, जिसमें पूजा सिंघल के चार्टर्ड अकाउंटेंट के ठिकाने से 17.49 करोड़ रुपये नकदी मिले थे। चार्टर्ड अकाउंटेंट सुमन कुमार ने यह स्वीकार किया था कि बरामद अधिकांश राशि पूजा सिंघल के माध्यम से मिले थे, जिसमें अवैध खनन से मिले रुपये भी शामिल थे।

    पंकज मिश्रा के पास मिला था चेक बुक

    ईडी को पूर्व में छापेमारी के दौरान पंकज मिश्रा के घर से एक लिफाफा मिला था, इसमें मुख्यमंत्री के बैंक खाते से जुड़ा चेकबुक भी मिला था, जिसमें दो चेकबुक हस्ताक्षरित थे। पंकज मिश्रा पर ईडी की हिरासत में इलाजरत रहते हुए मुख्यमंत्री के नाम पर अधिकारियों को धमकाने का मामला भी सामने आ चुका है।

  • मुख्यमंत्री हेमंत ने जलाया रावण का पुतला

    पुतले जला कर दिया अन्याय पर न्याय के विजय का संदेश

    रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन आज विजयदशमी के अवसर पर पंजाबी -हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी की ओर से मोरहाबादी मैदान और श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा के द्वारा अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में शामिल हुए। इस मौके पर उन्होंने और अन्य अतिथिगणों ने रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाद के पुतले का वध कर असत्य पर सत्य और अन्याय पर न्याय के विजय का संदेश दिया।

    दो वर्षों बाद हुआ सार्वजनिक रूप से भव्य आयोजन

    मुख्यमंत्री ने लोगों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दो वर्षों के बाद इस बार सार्वजनिक रूप से दशहरा का भव्य आयोजन हुआ है। पिछले 2 वर्ष कोविड-19 महामारी की वजह से दशहरा समेत तमाम पर्व त्यौहार का आयोजन प्रभावित हुआ था। लेकिन, जिस तरह सभी के सहयोग से कोरोना पर विजय प्राप्त किए, उसी के फलस्वरूप आज हम सभी बुराई पर अच्छाई के विजय का पर्व पूरे उमंग और उल्लास के साथ दशहरा मना रहे हैं और मिलजुल कर इस त्यौहार की खुशियां बांट रहे हैं।

    सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ शानदार आतिशबाजी

    मोरहाबादी मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में कलाकारों के द्वारा जहां सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई, वहीं शानदार आतिशबाजी का नजारा सभी ने देखा। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, राज्यसभा सांसद श्रीमती महुआ माजी, विधायक सीपी सिंह, महापौर श्रीमती आशा लाकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय और पंजाबी- हिंदू बिरादरी दशहरा कमेटी के अध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष कुणाल अजमानी, सचिव सुधीर उग्गल, आयोजन समिति के सदस्य आर आनंद, राजेश मेहरा और मुकुल तनेजा समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

    कबूतर उड़ाकर शांति का दिया संदेश

    अरगोड़ा मंडा मैदान में आयोजित रावण और लंका दहन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कबूतर उड़ाकर शांति का संदेश दिया। इस अवसर पर सांसद संजय सेठ, विधायक नवीन जायसवाल, महापौर श्रीमती आशा लकड़ा, उप महापौर संजीव विजयवर्गीय, पूर्व महापौर अजय नाथ शाहदेव के अलावा श्री दुर्गा पूजा एवं रावण दहन समिति अरगोड़ा, रांची के अध्यक्ष पंकज साहू, जय प्रसाद साहू, कंचन कुमार साहू, संजय साहू, पंचू साहू, चंदन साहू, गुड्डू साहू और रवि साहू मौजूद थे।

  • आज रात से बदल जाएगी ट्रैफिक व्यवस्था

    दुर्गा पूजा के लिए कल सुबह से लागू होगी नई ट्रैफिक प्लान

    रांचीः राजधानी रांची में दुर्गा पूजा को देखते हुए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रांची शहर में दो अक्टूबर से पांच अक्टूबर तक भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। सुबह आठ बजे से दूसरे दिन सुबह चार बजे तक शहरी क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। ऑटो रिक्शा, ई-रिक्शा के मार्ग भी निर्धारित किए गए हैं। पूजा के दौरान शहर में कई स्थानों में अस्थायी पार्किंग की सुविधा होगी। वहीं, शहर में 67 स्थानों पर ड्रॉप गेट रहेंगे। इस संबंध में राजधानी रांची की ट्रैफिक को व्यवस्थित करने को लेकर ट्रैफिक प्लान से संबंधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।


    ये है ट्रैफिक प्लान


    हजारीबाग रोड से लातेहार, पलामू, गढ़वा, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा जाने वाले वाहन इसी मार्ग से वापस आ सकेंगे।

    पिस्का मोड़ से हजारीबाग रोड जाने वाले वाहन तिलता चैक से रिंग रोड लॉ यूनिवर्सिटी होकर हजारीबाग रोड की ओर जाएंगे।

    जमशेदपुर, हजारीबाग आने जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग पर परिचालन करेंगे।

    गुमला, लोहरदगा, खूंटी से जमशेदपुर आने जाने वाले वाहन रिंग रोड सिठियो मार्ग पर चलेंगे।

    खूंटी की तरफ से हजारीबाग जाने वाले वाहन रामपुर, नामकुम, दुर्गा सोरेन चैक, टाटीसिलवे, खेलगांव, बूटी मोड़ मार्ग से चलेंगे।


    श्रद्धालुओं के लिये यहां रहेगी पार्किग की व्यवस्था



    स्टेशन रोड स्थित पूजा पंडाल के लिये आरआरबी कार्यालय से चुटिया थाना मोड़ के दोनों साईड

    हरमू चैक स्थित पूजा पंडाल के लिये हरमू मैदान में

    बरियातू हाउसिंग पूजा पंडाल बरियातू मैदान में

    कांके रोड स्थित सीएमपीडीआइ पूजा पंडाल कैंब्रियन स्कूल के पास

    डोरंडा-सुजाता चैक से मेन रोड स्थित पंडाल के लिये सैनिक मार्केट और जीइएल चर्च कांप्लेक्स

    फिरायालाल से बकरी बाजार पूजा पंडाल के लिए जिला स्कूल और बालकृष्ण मिशन चैक के पास

    डंगराटोली से सर्जना चैक जानेवाले वाहन मिशन चैक के पास और संत जॉन्स स्कूल के सामने

    लालपुर से कोकर जानेवाले वाहन साधु मैदान और बिजली ऑफिस

    खेलगांव से कोकर पूजा पंडाल के लिये रामलखन यादव कॉलेज परिसर

    कांके रोड से बकरी बाजार पंडाल के लिये न्यू मार्केट ऑटो स्टैंड

    पिस्का मोड़ से रातू रोड पूजा पंडाल आने वालों के लिये जायसवाल पेट्रोल पंप के सामने

    हरमू बाईपास से बकरी बाजार पूजा पंडाल के लिये बड़ा तालाब के पास।

  • 50000 शिक्षकों की बहाली करेगी सरकार

    मुख्यमंत्री ने गोंडा और साहिबगंज में विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास करते हुए की घोषणा

    बोआरीजोर, गोड्डा। राज्य के हर व्यक्ति के सुख-दुख की चिंता सरकार को है । इस मोर्चे पर हर वक्त हम आपके साथ खड़े हैं । आपकी समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है ।अलग राज्य गठन के बाद पिछले 20 वर्षों से व्याप्त समस्याओं के उलझन से राज्य को निकाल कर विकास को गति देने का काम कर रहे हैं । मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने आज गोड्डा जिले के बोआरीजोर प्रखंड स्थित डुमरिया में आयोजित विकास मेला -सह -जनता दरबार को संबोधित करते हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर गरीब और जरूरतमंद को मिले, इसे हर हाल में सुनिश्चित किया जा जा रहा है।

    *_सुखाड़ से निपटने के लिए कर ली है तैयारी_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 2 वर्षों तक कोरोना से जंग होती रही और इसमें हमने कामयाबी हासिल की । अब कम बारिश से सुखाड़ जैसे हालात पैदा हो रहे हैं । ऐसे में सुखाड़ से जंग की तैयारी भी सरकार ने शुरू कर दी है ।सूखे की वजह से किसानों- मजदूरों का पलायन नहीं हो । उन्हें अपने ही घर में रोजगार मिले, इसके लिए सरकार कई योजनाएं बना रही है । हम ऐसे हालात से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और कोरोना की तरह ही सुखाड़ पर भी जीत हासिल करेंगे।

    *_योजनाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को कर रहे मजबूत_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की बड़ी आबादी गांवों में रहती है। ऐसे में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को हम मजबूती देने का काम कर रहे हैं ।सरकार की ज्यादातर योजनाएं ग्रामीणों के हित को ध्यान में रखकर बनाई गई है। इस सिलसिले में सरकारी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश है कि अगर कोई व्यक्ति योजना का लाभ लेने के लिए आए तो उस पर सहानुभूति और संजीदगी दिखाते हुए उसे योजना का लाभ दें , ताकि हमारी व्यवस्था पर लोगों का विश्वास और मजबूत हो । इस सिलसिले में जो भी अधिकारी लापरवाही बरतेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

    *_लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का हो रहा समाधान_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद भी झारखंड की गिनती पिछड़े राज्य में होती है । इसकी वजह पिछले 20 सालों के दौरान यहां की व्याप्त समस्याएं हैं । पूर्ववर्ती सरकारों द्वारा विकास को हाशिए पर पर छोड़ना है ।लेकिन, हमारी सरकार कई योजनाओं को तेजी से लागू करने का काम कर रही है। हम एक ऐसी कार्य योजना बना रहे हैं, जिसके माध्यम से यहां के लोगों को मान -सम्मान के साथ उनको उनका हक -अधिकार भी मिले और राज्य में विकास की धार तेज हो सके।

    *_राज्य और राज्य वासियों के हित में ले रहे हैं निर्णय_*

    मुख्यमंत्री ने कहा की सरकार राज्य और राज्यवासियों के हित में लगातार कई अहम निर्णय ले रही है । हमारी सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांग पुरानी पेंशन योजना को फिर से लागू करने का निर्णय लिया है ।वही, पुलिसकर्मियों के क्षतिपूर्ति अवकाश की मांग पर भी सहमति दे दी गयी है ।आंगनबाड़ी सेविका,- सहायिका के लिए सेवा शर्त नियमावली बनाने की मांग पूरी कर ली गई है। राज्य मंत्रिमंडल ने 1932 खतियान आधारित स्थानीय नीति और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण देने का भी निर्णय ले चुकी है । हमारी सरकार सभी की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार करते हुए उसका समाधान निकालने का प्रयास कर रही है।

    *_गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र कर रही सरकार_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि गरीबों और जरूरतमंदों की फिक्र सरकार को है । ऐसे में अधिकांश योजनाएं उनके हित को ध्यान में रखकर बनाई जा रही है । मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी बुजुर्ग, विधवा , दिव्यांग , परित्यक्ता और एकल महिला को पेंशन देंगे सुनिश्चित कर रहे हैं । गरीबों को 10 रुपए में धोती- साड़ी -लूंगी दिया जा रहा है। इसके अलावा नए ग्रीन राशन कार्ड जारी किए जा रहे हैं, ताकि गरीबों को अनाज दे सके। इसके अलावा भी कई ऐसी योजनाएं हैं जिसके माध्यम से गरीबों ,-जरूरतमंदों को राहत देने का काम हो रहा है।

    *_रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा_*

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए सरकार गंभीर है । बहुत जल्द 50 हज़ार शिक्षकों के पद पर बहाली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है ।जेपीएससी और जेएसएससी के माध्यम से विभिन्न विभागों में खाली पड़े पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है । जबकि, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना के तहत स्वरोजगार के लिए सरकार अनुदान आधारित लोन दे रही है। युवा वर्ग इसका लाभ उठाएं और खुद के साथ दूसरों को भी रोजगार दें।

    *_मुख्यमंत्री ने दी ये सौगातें_*
    =================
    योजनाओं का उद्घाटन -शिलान्यास

    मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर 2734. 54 लाख रुपए की लागत से 15 योजनाओं का उद्घाटन किया। वहीं, 40 योजनाओं की आधारशिला रखी । इन योजनाओं पर 18020 .05 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे।

    लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण
    मुख्यमंत्री ने 5625 लाभुकों के बीच 2701. 65 लाख रुपये की परिसंपत्तियों का वितरण किया । इसके अंतर्गत 3560 सखी मंडलों को सामुदायिक निवेश निधि के तहत 178.5 लाख रुपया का चेक सौंपा गया।

    नियुक्ति पत्र का वितरण

    मुख्यमंत्री ने 18 नव चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किया। इनमें विशेषज्ञ चिकित्सक समेत अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने लाभुकों को प्रधानी पट्टा भी प्रदान किया।

    लाभुकों का गृह प्रवेश और आवास का स्वीकृति पत्र सौंपना

    मुख्यमंत्री ने लाभुकों के बीच परिसंपत्ति वितरण के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना -ग्रामीण और डॉ भीमराव आंबेडकर आवास योजना के तहत 521 लाभुकों को आवास का स्वीकृति पत्र सौंपा। इन दोनों योजनाओं के कई लाभुकों का गृह प्रवेश भी कराया गया।

    इस मौके पर सांसद श्री विजय हांसदा, विधायक श्रीमती दीपिका पांडेय और जिला परिषद के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष और गोड्डा के उपायुक्त समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।

  • तीन बसों में भरकर छत्तीसगढ़ ले जाए जा रहे हैं झामुमो विधायक

    निशीकांत ने ट्वीट कर किया खुलासा

    रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायकों को तीन बसों में भरकर झारखंड से छत्तीसगढ़ ले जाया जा रहा है। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने यह ट्वीट कर झारखंड के राजनीति में फिर खलबली मचाने की कोशिश की है। निशिकांत दुबे की यह सूचना कितनी सही है यह तो आने वाला समय ही बताएगा। इधर झामुमो सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार थोड़ी देर में मुख्यमंत्री आवास में झामुमो के साथ ही कांग्रेस विधायकों की बैठक होने वाली है। इस बैठक में गवर्नर द्वारा लिए गए फैसले की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही झारखंड मुक्ति मोर्चा आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर भी आपसी सहमति बनाने की कोशिश करेगी। जानकारी के अनुसार झामुमो की बैठक में जाने से पूर्व कांग्रेस के विधायक बिरसा चौक स्थित एक होटल में बैठक कर अपने आगे की रणनीति तैयार कर रहे हैं।

  • प्रेम प्रकाश के ठिकानों पर ईडी का छापा

    माइंस घोटाले में ईडी की टीम कर रही है छापेमारी

    रांची। राजधानी में ईडी की टीम बड़ी कार्रवाई कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, अवैध खनन से जुड़े मामले पर ई़डी की टीम दल-बल के साथ राजधानी रांची में 11 समेत देश के करीब 17 लोकेशन पर छापेमारी कर रही है। राजधानी के हरमू में ईडी की टीम पहुंची है जहां सीआरपीएफ ने मोर्चा संभाल रखा है। झारखंड के अलावे बिहार समेत देश के कई हिस्सों पर ईडी छापेमारी कर रही है।

  • …आखिर कल्पना सोरेन ने संभाल लिया मोर्चा

    ट्वीटर पर उतरी, लिखा- आईये संवारे सोना झारखंड

    कहा- जो मर्यादा लांघ रहे हैं, उन्हें लांघने दिया जाए। अगर लांघेंगे नहीं तो लंका का विनाश कैसे होगा?

    रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की धर्मपत्नी कल्पना सोरेन ट्वीटर वार के मैदान में मजबूती से उतर गई हैं। तीन दिन पूर्व ट्विटर पर कल्पना सोरेन के नाम से अकाउंट खोलने के बाद अब तक उन्होंने कुल 12 ट्वीट किए हैं। इनमें से अधिकांश ट्वीट मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की विधानसभा सदस्यता रद्द होने की अटकलबाजी से जुड़ी हुई है। आज रविवार रात 8:00 बजे उन्होंने जो सबसे लेटेस्ट ट्वीट किया है, इसमें उन्होंने लिखा है कि- वो गैंग बनाएंगे, आइए हम और आप मिलकर देश बनाते हैं. अपना सोना झारखण्ड संवारते हैं. उनके इस ट्वीट पर कई लोगों ने अपने-अपने अंदाज में प्रतिक्रिया व्यक्त की है। एक फॉलोअर ने तो कल्पना सोरेन को झारखंड की पहली महिला मुख्यमंत्री तक घोषित कर शुभकामना भी दे डाली है।

    निशिकांत दुबे ने भी ली चुटकी

    कल्पना सोरेन के ट्वीट पर चुटकी लेते हुए भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने लिखा है कि- झारखंड के सोना को संवारने की ज़िम्मेदारी लेने की शुभकामनाएँ। दरअसल इस ट्वीट के थोड़ी देर पहले ही निशिकांत दुबे ने एक ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने लिखा था कि- जोहार, जय श्रीराम, आखिर झारखंड में हो गया काम। उनकी इस ट्वीट से झारखंड में हेमंत सरकार के जाने और भाजपा के पक्ष में फैसला होने की संभावना जताई जा रही है। इस ट्वीट के तत्काल बाद कल्पना सोरेन की ट्वीट ने झारखंड की सियासी तपिश बढ़ा दी है।

    कल्पना के ट्वीट में दिख रही है छटपटाहट

    लगातार दो दिनों से ट्विटर पर की गई अलग-अलग ट्वीट में कल्पना सोरेन की सियासी छटपटाहट साफ दिख रही है। कल उन्होंने लिखा था- जो मर्यादा लांघ रहे हैं. उन्हें लांघने दिया जाए. अगर लांघेंगे नहीं तो लंका का विनाश कैसे होगा? अगर वो गुरूर में नहीं आएंगे तो कुरुक्षेत्र का रण कैसे होगा? अगर वो शकुनि नहीं बनेंगे तो कौरवों के अंत के लिए माधव कैसे आएंगे? उन्हें लांघने दिया जाए.

    ….वरदान मांगूंगी नहीं

    कल्पना सोरेन ने कल अपने एक ट्वीट में लिखा था- “क्‍या हार में क्‍या जीत में
    किंचित नहीं भयभीत मैं
    संधर्ष पथ पर जो मिले
    यह भी सही वह भी सही, वरदान माँगूँगा नहीं।।”

  • जेल में बंद कांग्रेसी विधायकों को नहीं मिल रहे हैं बेलर

    हाय रे किस्मत

    जमानत मंजूर होने के बाद भी चार दिन से हैं जेल में बंद

    पार्टी से नहीं मिल रही है मदद, कोलकाता में हलकान हो रही है पत्नी और परिजन

    रांची। कोलकाता जेल में बंद झारखंड के दो कांग्रेसी विधायकों राजेश कच्छप और नमन विक्सल कोंगड़ी को बेलर ही नहीं मिल रहे हैं। बेलर नहीं मिल पाने के कारण बुधवार को हाइकोर्ट से जमानत मंजूर होने के बावजूद अबतक वे कोलकाता जेल में बंद हैं। शनिवार को कांग्रेसी विधायक इरफान अंसारी किसी तरह से स्थानीय मुस्लिम बेलर की मदद से रिहा हो पाए, लेकिन राजेश कच्छप और नमन विक्सल को शनिवार तक बेलर नहीं मिल पाया था। दरअसल पश्चिम बंगाल सरकार के नियमानुसार बेल के लिए स्थानीय थाना क्षेत्र के ही बेलर होने चाहिए, जिनके नाम पर कोई अचल संपत्ति निबंधित होनी चाहिए। मुस्लिम होने के कारण इरफान अंसारी के लोगों ने बेलर का इंतजाम कर लिया, परंतु आदिवासी और इसाई होने के कारण इन दोनों विधायकों को बेलर तलाशने में भारी परेशानी हो रही है। कांग्रेस पार्टी से किसी तरह की मदद नहीं मिलने के कारण इन दोनों विधायकों के परिजन कोलकाता में दर-दर भटक रहे हैं। इनकी पत्नियां भी कोलकाता में ही बेल के इंतजार में बैठी हैं। उम्मीद जतायी जा रही है कि सोमवार को बेलर मिल जाएगा, तब इनकी रिहाई हो सकेगी।

    रिहा होने के बाद इरफान अंसारी ने कहा-

    साजिश रचकर हमें फंसाया गया

    कोलकाता जेल से शनिवार शाम को रिहा हुए विधायक इरफान अंसारी कांग्रेस पार्टी और तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी पर खूब बिफरे। उन्होंने कहा कि तीनों विधायकों को राजनीतिक साजिश रचकर फंसाया गया है। इरफान ने कहा कि जिस बैकग्राउंड से वे तीनों आते हैं, उनका भाजपा के साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं पैदा होता, लेकिन एक साजिश के तहत उनको बदनाम किया गया है। ज्ञात हो कि जेल से रिहा होने के बाद इरफान अंसारी से झामुमो के एक वरिष्ठ नेता का दूत भी मिला, जो लगातार पार्टी हाईकमान से उनकी बात करवा रहा था।

  • …इस मिट्टी का अब कर्ज चुकाएं : हेमंत

    मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मोराबादी में फहराया तिरंगा

    76 वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन का अभिभाषण

    प्यारे झारखण्डवासियों,
    जोहार!

    भगवान बिरसा मुण्डा एवं वीर सिद्धो कान्हू जैसे अनेक महान सपूतों की बलिदानी भूमि पर मैं आप सभी का हार्दिक अभिनन्दन करता हूँ और समस्त झारखण्डवासियों तथा देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देता हूँ।

    2. आज हम भारत की आजादी की 75वीं वर्षगाँठ पूरे हर्षोल्लास के साथ मना रहे हैं। हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि आजादी के मतवाले अनेक वीर योद्धाओं के शहादत के बाद हमें यह आजादी नसीब हुई है।

    3. राष्ट्रीय पर्व की इस पावन बेला में मैं, राष्ट्रपिता महात्मा गाँधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, डॉ भीमराव अम्बेदकर, डॉ॰ राजेन्द्र प्रसाद, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस, शहीद भगत सिंह, सरदार पटेल सहित उन तमाम देशभक्तों के प्रति अपनी सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ, जिनके कठिन संघर्ष, त्याग और बलिदान ने हमें आजादी दिलायी ।

    4. स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर मैं, झारखण्ड के वीर सपूतों धरती आबा बिरसा मुण्डा, वीर सिद्धो-कान्हू, बाबा तिलका मांझी, चांद-भैरव, बहन फूलो-झानों, वीर बुद्धु भगत, जतरा टाना भगत, नीलाम्बर-पीताम्बर, पाण्डेय गणपत राय, टिकैत उमराव, शहीद विश्वनाथ शाहदेव को भी नमन करता हूँ, जिनके संघर्ष की गौरव गाथा आज भी हमें साहस और संबल प्रदान करती है।

    5. देश के आंतरिक और बाह्य सुरक्षा में लगे सेना के और पुलिस के वीर जवानों को भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देता हूँ और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और बलिदान को सलाम करता हूँ।

    6. आजादी के बाद हमारे देश के नीति निर्माताओं ने कल्याणकारी राज्य के आदर्शों के साथ आगे बढ़ने का फैसला किया। मैं नमन करता हूँ देश के संविधान निर्माता बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर को, जिन्होंने आदिवासियों, पिछड़ों, दलितों के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने के लिए, उनको उनका हक दिलाने के लिए अथक प्रयास किया और इनके लिए संवैधानिक सुरक्षा सुनिश्चित की। महान एवं दूरदर्शी सोच रखने वाले बाबा साहेब ने कहा था कि राष्ट्रवाद तभी औचित्य ग्रहण कर सकता है जब लोगों के बीच जाति, नस्ल और रंग का भेद भुलाकर उनके बीच सामाजिक भाईचारा को सर्वोच्च स्थान दिया जाय।

    7. अमर शहीद भगत सिंह ने भी कहा था कि भारत में संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक मुट्ठी भर शोषणकर्ता अपने हितों की पूर्ति के लिए सामान्य जनता के श्रम का शोषण करते रहेंगे। यह बात सही है कि देश के आदिवासी, पिछड़े एवं दलित वर्ग आजादी के बाद पिछले 75 वर्षों में सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक रूप से काफी सशक्त हुए हैं, लेकिन अभी भी हम ‘समतामूलक समाज’ की स्थापना के लक्ष्य से दूर हैं। मेरे विचार में हम तब तक इस लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सकते जब तक हम व्यक्ति द्वारा व्यक्ति के शोषण को रोकने में सफल नहीं होंगे।

    8. हमारी सरकार गठन के बाद हमने यह लक्ष्य तय किया कि आजादी के संघर्ष में बलिदान देने वाले झारखण्ड के वीर सपूतों के सपनों का झारखण्ड बनायेंगे। जिन उम्मीदों को लेकर अलग झारखण्ड राज्य का निर्माण हुआ था, हम उनको पूरा करने के लिए मजबूत एवं ईमानदार प्रयास करेंगे। हमारी सरकार विकासमूल मंत्र, आधार लोकतंत्र के दृष्टिकोण के साथ एक सशक्त राज्य के निर्माण हेतु निरतंर पय्रत्नशील है।

    9. नवाचार सूचकांक में झारखण्ड का प्रदर्शन बेहतर हुआ है और हम कई पायदान आगे बढ़े हैं। स्वच्छता मानकों में भी हम कई राज्यों से बेहतर स्थिति में है। राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण की रिपोर्ट के आधार पर राज्य में शिशु मृत्यु दर, कुपोषण तथा महिलाओं एवं बच्चों में व्याप्त एनीमिया में उल्लेखनीय रूप से कमी आयी है। हमारे नौनिहालों और गर्भवती माताओं के लिए अब राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा और देखभाल सुनिश्चित हुआ है। जहाँ कई राज्यों में पेड़ों और जंगलों को काटे जाने से हरियाली कम हुई है वहीं हमारे राज्य ने वन संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए वर्ष 2019 से वर्ष 2021 के बीच वन क्षेत्र में 110 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की है। राज्य में सड़क मार्ग, रेल मार्ग, वायुमार्ग और जल मार्ग का विस्तार हुआ है। राज्य में शिक्षा एवं स्वास्थ्य के स्तर में उन्नयन हुआ है। ये सब राज्य के विकास के पथ पर अग्रसर होने के सूचक हैं। वहीं दूसरी तरफ युवाओं के लिए रोजगार सुनिश्चित करना और श्रमिकों का पलायन अभी भी राज्य के लिए चुनौती बनी हुई है।

    10. हमारी सरकार ने “झारखण्ड राज्य के निजी क्षेत्र में स्थानीय उम्मीदवारों का नियोजन अधिनियम, 2021” गठित किया है। इस अधिनियम के तहत् प्रत्येक नियोक्ता चालीस हजार रुपये तक के मासिक वेतन वाले पदों के कुल रिक्ति के 75 प्रतिशत पद पर स्थानीय उम्मीदवारों को नियोजित करेगा। 16 जुलाई, 2022 को निजी क्षेत्र में स्थानीय नियोजन नीति की उद्घोषणा एवं नियुक्ति हेतु ऑफर लेटर वितरण समारोह में करीब 11 हजार स्थानीय युवाओं को नियुक्ति हेतु ऑफर लेटर दिया गया है। स्थानीय युवाओं के लिए राज्य के भीतर ही रोजगार उपलब्ध कराने और पलायन को रोकने के लिए यह निर्णय मील का पत्थर साबित होगा।

    11. यह बात सही है कि वर्तमान स्थिति में हम राज्य से पलायन को पूरी तरह से रोक नहीं सकते, पर विपदा की स्थिति में हम अपने प्रवासी श्रमिकों को हरसंभव सहायता पहुँचाने का प्रयास कर रहे हैं। किसी भी प्रकार की आकस्मिकता अथवा विपदा की स्थिति में, चाहे वह देश में हो या देश के बाहर, उन तक तत्काल सहायता पहुँचाने तथा श्रमिकों की सुरक्षित घर वापसी की व्यवस्था सरकार द्वारा की गई है। कई बार दुर्घटना आदि में श्रमिकों की मृत्यु हो जाती है। ऐसे मृत प्रवासी श्रमिक के आश्रितों को सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की सहायता राशि भी दी जा रही है। मैं मजदूर भाईयों को यह भरोसा दिलाना चाहता हूँ कि हमारी सरकार हर कदम पर उनके साथ है।

    12. खनिज संसाधनों से परिपूर्ण और संभावनाओं से भरे हमारे राज्य में विकास को गति देने के लिए नई नीतियाँ बनाई गई है। इसी उद्देश्य से सेक्टर्स खासकर खाद्य प्रसंस्करण, नवीकरणीय ऊर्जा, लॉजिस्टिक्स, खनिज तथा वस्त्र आधारित उद्योगों पर विशेष रूप से ध्यान केन्द्रित किया गया है। श्रम आधारित उद्योगों के स्थापना से राज्य में रोजगार के नये अवसर सृजित होंगे वहीं दूसरी तरफ नई एवं आधुनिक प्रौद्योगिकी पर आधारित उद्योगों की स्थापना से औद्योगिक राज्य के रूप में झारखण्ड की पहचान फिर से स्थापित होगी।

    13. राज्य से निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राँची में वर्ल्ड ट्रेड सेन्टर का शिलान्यास किया गया है। वर्ल्ड ट्रेड सेन्टर में अन्तर्राष्ट्रीय व्यापार विशेषकर निर्यात संवर्धन से संबंधित तमाम गतिविधियाँ एक ही छत के नीचे संचालित होंगी। इस अवसर पर राज्य के उद्यमियों को ऋण एवं अन्य सुविधा प्रदान करने के लिए SIDBI और उद्योग विभाग के बीच MoU भी साईन किया गया है। वर्ल्ड ट्रेड सेन्टर झारखण्ड की आर्थिक गतिविधियों को मजबूत करने में अहम रोल निभाएगी।

    14. हमारी सरकार द्वारा राज्य को Tourist destination के रूप में स्थापित करने के लिए नई पर्यटन नीति, 2021 अधिसूचित की गई है। इस पर्यटन नीति में राज्य में पर्यटन क्षेत्र में निवेश पर विभिन्न प्रकार के प्रोत्साहन दिये जाने का प्रावधान है।

    15. इसके साथ ही राज्य एवं राज्य के बाहर से आने वाले पर्यटकों को सभी आवश्यक सुविधाएँ मुहैय्या कराने के लिए पर्यटक स्थलों एवं उसके आस-पास आधारभूत संरचना का निर्माण कराया जा रहा है।

    16. राज्य सरकार द्वारा नियुक्ति की प्रक्रिया को गति प्रदान करने के लिए विभिन्न नियुक्ति एवं परीक्षा संचालन नियमावलियों के गठन तथा संशोधन की कार्रवाई प्राथमिकता के साथ की गयी है।

    17. मैंने सभी विभागों को स्पष्ट निदेश दिया है कि राज्य सरकार के अधीन रिक्त पदों को तेजी से भरने की कार्रवाई की जाय। राज्य निर्माण के बाद पहली बार हमने अनुमंडल कृषि पदाधिकारी के पद पर युवकों/युवतियों को नियुक्त किया है। राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला में खाली पदों को हम भर चुके हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों में व्याख्याता के पद पर नियुक्ति पूर्ण कर ली गयी है एवं कुछ जगह नियुक्ति की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है। JPSC का नियमावली गठन करने के साथ-साथ हमने रिकॉर्ड 251 दिनों में विभिन्न विभागान्तर्गत 11 सेवाओं के कुल 252 रिक्त पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया है।

    18. सरकारी कर्मियों के लिए पुरानी पेंशन बहाल करने के सम्बन्ध में मैंने वादा किया था। इस सम्बन्ध में कैबिनेट से प्रस्ताव भी पारित हो चुका है। SOP निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, शीघ्र ही इसे पूर्णरुपेण लागू कर दिया जायेगा।

    19. झारखण्ड सरकार राज्य के खिलाड़ियों को हर प्रकार की सुविधा देने के लिए दृढ़संकल्पित है। राज्य में खेल व खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने हेतु नई खेल नीति बनाई गई है। सरकार की ओर से खिलाड़ियों को समुचित सहयोग मिल सके, इसके लिए राज्य में पहली बार जिला खेल पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई है। इन सब से राज्य में एक बेहतर माहौल तैयार हुआ है, जिससे खिलाड़ियों की प्रतिभा निखर कर सामने आयी है और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर झारखण्ड की प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं।

    20. पिछले दिनों Commonwealth Games, 2022 में राज्य की युवा खिलाड़ी लवली चौबे और रूपा रानी तिर्की ने लॉन बॉल प्रतिस्पर्द्धा में भारतीय टीम को गोल्ड मेडल दिलाकर देश और झारखण्ड को गौरवान्वित किया है। भारतीय महिला हॉकी टीम ने भी कांस्य पदक जीता है। झारखण्ड की बेटियाँ सलीमा टेटे, निक्की प्रधान एवं संगीता कुमारी इस विजेता टीम का हिस्सा थी। इसके पहले भी सलीमा टेटे एवं निक्की प्रधान ने ओलंपिक में अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सबका दिल जीता है। आज हमारे राज्य के कई खिलाड़ी विभिन्न खेल स्पर्द्धाओं में देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर झारखण्ड का नाम रौशन कर रहे हैं।

    21. ”सर्वजन हिताय एवं सर्वजन सुखाय“ के सिद्धांत को लक्ष्य कर हमने की शुरुआत की है जिससे समाज के अंतिम पायदान पर खड़े हमारे वृद्ध, निराश्रित महिलाएं एवं दिव्यांगजनों को सम्मान से जीवन जीने का हक प्राप्त हो सके। प्रारम्भ होने के बाद अब तक लगभग 12 लाख लाभुकों को इस योजना से जोड़ा जा चुका है।

    22. राज्य के 29 हजार से अधिक गाँवों में करीब 35 लाख परिवारों को सखी मंडलों से जोड़ा जा चुका है। इन सखी मंडलों को 3700 करोड़ (तीन हजार सात सौ करोड़) रूपये से ज्यादा की राशि चक्रीय निधि के रूप में उपलब्ध करायी गई है। पलाश ब्राण्ड अंतर्गत ग्रामीण महिलाओं के द्वारा उत्पादित एवं संग्रहित उत्पादों को अलग पहचान मिली है तथा लोगों के द्वारा इन उत्पादों को काफी पसंद किया जा रहा है। सखी मंडल के उत्पादों को राज्य के साथ-साथ राष्ट्रीय स्तर पर पहचान स्थापित कर सखी मंडलों की अच्छी आमदनी सुनिश्चित की जा रही है।

    23. ग्रामीण क्षेत्रों में गरीबी और पिछड़ापन दूर करने में मनरेगा महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वर्ष 2020 में हमारी सरकार ने मनरेगा एवं अन्य योजनाओं के अभिसरण के माध्यम से चार महत्वपूर्ण योजनाओं यथा- ’बिरसा हरित ग्राम योजना’, ’नीलाम्बर-पीताम्बर जल समृद्धि योजना’, ’वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना’ तथा ’दीदी बाड़ी योजना’ का शुभारम्भ किया गया था। उक्त सभी योजनाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया जा रहा है। ’बिरसा हरित ग्राम योजना’ के अन्तर्गत इस वर्ष लगभग 21 हजार एकड़ भूमि में फलदार वृक्ष लगाये जा रहे हैं। ’नीलाम्बर-पीताम्बर जल समृद्धि योजना’ के तहत जलछाजन सिद्धांत को अपनाते हुए वर्तमान वित्तीय वर्ष में लगभग 20 हजार योजनाओं को पूर्ण किया गया है तथा लगभग 81 हजार योजनाओं पर कार्य जारी है। ’वीर शहीद पोटो हो खेल विकास योजना’ के तहत् 140 खेल मैदान का निर्माण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है तथा 2487 खेल के मैदान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। राज्य की लगभग 05 लाख महिलाओं को ’दीदी बाड़ी योजना’ से लाभान्वित किये जाने का लक्ष्य है। मनरेगा में राज्य सरकार द्वारा अपनी निधि से राशि की व्यवस्था करते हुए अब दैनिक मजदूरी के रुप में 237/- रुपयों का भुगतान कर रही है।

    24. हमारे किसान भाई दिन रात मेहनत मजदूरी कर फसल उगाते हैं और राज्य के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। कृषि के विकास एवं किसानों की खुशहाली के लिए हमारी सरकार हर स्तर पर प्रयास कर रही है। कृषि ऋण के बोझ से दबे राज्य के छोटे एवं सीमान्त किसानों को राहत पहुँचाने के लिए वर्ष 2020 से झारखण्ड राज्य कृषि ऋण माफी योजना संचालित की जा रही है। इस योजना अन्तर्गत अब तक कुल पंद्रह सौ उनतीस करोड़ रुपये की राशि तीन लाख तिरासी हजार एक सौ दो कृषकों के ऋण खाते में ट्रांसफर की गई है।

    25. किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान करने हेतु अब तक 4 लाख 28 हजार नये KCC आवेदन स्वीकृत करते हुए पन्द्रह सौ तिरासी करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। किसानों के प्रशिक्षण हते समेकित बिरसा ग्रामिण विकास योजना-सह-कृषक पाठशाला की शुरूआत की गई है। सरकार द्वारा किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज 50 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध करायी जा रही है।

    26. पिछले खरीफ वर्ष 2021-22 में राज्य में 74.16 लाख टन खाद्यान्न फसल का रिकॉर्ड उत्पादन हुआ। वर्तमान खरीफ मौसम में सामान्य से कम वर्षा होने की रिपोर्ट मिल रही है। राज्य सरकार द्वारा इस पर सतत् निगरानी रखी जा रही है। वर्तमान परिस्थिति को देखते हुए हमनें केन्द्र सरकार से झारखण्ड के लिए विशेष पैकेज की माँग की है। झारखण्ड राज्य के किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए उन्हें कृषि उत्पादन में आर्थिक नुकसान की भरपाई हेतु वित्तीय वर्ष 2021-22 से झारखण्ड राज्य फसल राहत योजना संचालित की जा रही है। इस वर्ष भी राज्य में वर्षा कम हुई हैव ऐसे में हम फसल राहत योजना के तहत तत्काल 100 करोड़ की राशि की व्यवस्था कर रहे हैं।

    27. झारखण्ड को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने तथा स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त ऊर्जा का पावर हाउस बनाने के लिए “झारखण्ड सौर ऊर्जा नीति, 2022” लागू की गई है। हमने वर्ष 2027 तक सौर ऊर्जा से 4000 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य रखा है। राज्य के गिरिडीह शहर को “सोलर सिटी” के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके अलावा देवघर, सिमडेगा, गढ़वा एवं पलामू में 20-20 मेगावाट क्षमता के सोलर पावर पार्क की स्थापना की कार्रवाई की जा रही है। राज्य में आर्थिक रूप से कमजोर उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ कम करने हेतु 100 यूनिट तक की खपत करने वाले सभी घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली प्रदान करने का निर्णय हमारी सरकार ने लिया है। राज्य के शहरी क्षेत्र को हरा-भरा बनाए रखने के लिए एक पेड़ लगाने पर 5 यूनिट बिजली मुफ्त उपलब्ध कराने की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

    28. राज्य सरकार शिक्षा के प्रति सजग और संवेदनशील है। राज्य सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में उत्तरोतर सुधार हो रहा है। इस वर्ष राज्य में माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक बोर्ड परीक्षा का परिणाम उत्साहवर्द्धक रहा है। मैट्रिक बोर्ड में पंचानवे दशमलव छः प्रतिशत छात्र/छात्रायें सफल हुए हैं जो अब तक का सर्वाधिक परिणाम प्रतिशत रहा है। विद्यालयों में शिक्षक एवं प्रयोगशाला सहायक आदि के 37000 पद रिक्त हैं। इन पदों पर नियुक्ति हेतु विशेष अभियान चलाकर अगले 6 माह में नियुक्ति प्रक्रिया पूर्ण करने हेतु कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। स्कूलों में आई॰सी॰टी॰ लैब और स्मार्ट क्लास की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है। राज्य में जिला स्तर पर 80 उत्कृष्ट विद्यालयों एवं प्रखंड स्तर पर 305 आदर्श विद्यालयों की स्थापना पर तेजी से कार्य जारी है।

    29. 15 नवम्बर से राज्य के युवाओं के लिए ‘CM-SARTHI’ योजना प्रारंभ की जा रही है जिसके तहत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण उपलब्ध करवाने के साथ-साथ प्रोत्साहन भत्ता उपलब्ध करवाया जाएगा। देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में अध्ययन के लिए बच्चों के समक्ष आर्थिक परेशानी पैदा न हो इसके लिए हम ‘गुरूजी-स्चूडेंट क्रेडिट कार्ड’ योजना लेकर आ रहे हैं।

    30. उच्च शिक्षा को और बेहतर एवं सर्वसुलभ बनाने के लिए ’झारखण्ड खुला विश्वविद्यालय’ एवं ’पंडित रघुनाथ मुर्मू जनजातीय विश्वविद्यालय’ की स्थापना की गई है। विश्वविद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त 2,716 (दो हजार सात सौ सोलह) पदों पर नियुक्ति हेतु अधियाचना झारखण्ड लोक सेवा आयोग को भेज दी गई है तथा नियुक्ति की कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।

    31. राज्य में सड़कों का जाल बिछाना हमारा लक्ष्य है। भारत सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के साथ बैठक कर राज्य के लिए कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय उच्च पथ का प्रस्ताव रखा गया था। राज्य सरकार के प्रयासों से 08 बड़ी सड़क परियोजनाओं पर सैद्धांतिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है, जिसके तहत् लगभग 30,000 करोड़ की लागत से 1570 कि0मी0 फोरलेन सड़कों का निर्माण किया जाएगा । इसके अलावा “भारतमाला” के तहत स्वीकृत अन्य सड़कों और राज्य सरकार द्वारा स्टेट हाईवे के निर्माण पर भी तीव्र गति से कार्य किया जा रहा है। रांची एवं अन्य महत्वपूर्ण शहरों में फ्लाई ओवर का निर्माण भी कराया जा रहा है ताकि शहरों में ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिल सके।

    32. राज्य सरकार के द्वारा राज्य के हर कोने के लोगों की समस्या को सुनने एवं उन्हें दूर करने के उद्देश्य से ‘आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम संचालित किया गया जिसमें 35 लाख से अधिक समस्याओं को सुनने के पश्चात् उनका निराकरण किया गया। सरकार शीघ्र ही इस अभियान के द्वितीय चरण को प्रारम्भ करने जा रही है ।

    33. राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2020 में अनुसूचित जनजाति के 10 छात्र/छात्राओं को विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त करने हेतु मरड. गोमके जयपाल सिंह मुण्डा पारदेशीय छात्रवृत्ति योजना का आरम्भ किया गया था। वित्तिय वर्ष 2022-2023 से इस योजना का विस्तार करते हुए अनुसूचित जनजाति के अलावा अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग के छात्र/छात्राओं को भी इस योजना से लाभान्वित किये जाने का निर्णय लिया गया है। कमजोर एवं पिछड़े वर्ग के छात्र/छात्राओं के शिक्षा में कोई व्यवधान न हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत् इन्हें आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। वित्तीय वर्ष 2021-22 में प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत 24 लाख छात्र/छात्राओं को 282 करोड़ रुपये की राशि एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के अन्तर्गत 4 लाख छात्र/छात्राओं को 301 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया है।

    34. असंतुलित विकास और प्रकृति के साथ छेड़-छाड़ के कारण आज समूचा विश्व जलवायु संकट एवं ग्लोबल वार्मिंग जैसे गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। जल, जंगल और जमीन से जुड़ी हमारी समृद्ध परम्परा और प्रकृति के साथ सामंजस्य बनाकर जीने की हमारी जीवन शैली सम्पूर्ण मानव जाति को जीने की सच्ची राह दिखाता है।

    35. हमें अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए प्रगतिशील सोच के साथ विकास के राह पर आगे बढ़ना होगा। भारत की सबको साथ लेकर चलने वाली संस्कृति ही भारतीय राष्ट्रवाद की बुनियाद है। इसमें नफरत और अलगाव के लिए कोई जगह नहीं है। मैं राज्य के युवाओं को विशेष रूप से कहना चाहता हूँ कि युवा शक्ति अपनी रचनात्मक और सकारात्मक ऊर्जा का उपयोग झारखण्ड के नव निर्माण के लिए करें। मुझे पूरा भरोसा है कि हम सब मिलकर झारखण्ड को एक समृद्ध, खुशहाल एवं विकसित राज्य बनाने में जरूर सफल होंगे।

    इन दो पंक्तियों के साथ मैं, अपनी बातों को विराम देना चाहूँगा
    – “आओ मिलकर नया देश बनायें,
    भारतवासी होने का हम फर्ज निभायें।
    प्यार है हम सबको इस मिट्टी से,
    इस मिट्टी का अब कर्ज चुकायें।।

  • तिरंगा उल्टा कर मना रहे अमृत महोत्सव….

    बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के अधिकारी का कारनामा
    रांची। आजादी के अमृत महोत्सव पर एक और जहां देशभर में तिरंगे को अभूतपूर्व सम्मान दिया जा रहा है, वहीं अपने झारखंड में एक अधिकारी उल्टा तिरंगा लगाकर अपनी गाड़ी दौड़ा रहा है। यह बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है बिरसा एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी कांके का।

    गाड़ी में लहरा रहा था उल्टा तिरंगा
    यूनिवर्सिटी के बिरसा कृषि अनुसंधान केन्द्र गोरियाकरमा हजारीबाग में पदस्थापित डिप्टी डायरेक्टर सीड्स एंड फार्म्स की यह बोलेरो गाड़ी है। बताया जा रहा है कि श्री निवास गिरी की गाड़ी में उल्टा तिरंगा बांधकर चलाया जा रहा था, जिसे देख स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई और बाद में इसे सीधा किया गया। स्थानीय लोगों ने गाड़ी का वीडियो भी बना लिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है।