स्कूली छात्रा से छेड़छाड़, शोर मचाने पर फरार हुआ आरोपी

रांची। जिले के पिठोरिया थाना क्षेत्र के कोकदोरो इलाके में जामुन गढ़ जंगल के पास स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ का एक गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता और उसकी सहेली की सूझबूझ और हिम्मत के कारण एक बड़ी अनहोनी होने से टल गई। आरोपी की पहचान क्षेत्र के ही एक टेंट हाउस संचालक के रूप में हुई है, जो वारदात के बाद अपनी होंडा शाइन मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।
वहीं, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, पीड़िता अपनी सहेली के साथ स्कूल से घर लौट रही थी। जामुन गढ़ जंगल के पास सुनसान रास्ते का फायदा उठाते हुए आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल से उनका पीछा किया और छात्रा से छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। आरोपी की नीयत भांपते ही पीड़िता और उसकी सहेली ने बिना घबराए हिम्मत दिखाई। छात्राओं ने आरोपी का कड़ा विरोध किया और जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोगों के जुटने की आशंका से घबराकर आरोपी अपनी होंडा शाइन बाइक पर सवार होकर जंगल के रास्ते फरार हो गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top