रांची: सड़क किनारे अड्डाबाजी पर प्रशासन की सख्ती
राजधानी रांची में जिला प्रशासन ने सड़क किनारे अड्डाबाजी, नशापान और अनावश्यक भीड़ लगाने वालों के खिलाफ कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। रांची के डीसी मंजूनाथ भजंत्री के निर्देश पर मंगलवार को सदर एसडीएम कुमार रजत के नेतृत्व में लोवाडीह से दुर्गा सोरेन चौक तक एक विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान सड़क किनारे अड्डा जमाए युवकों से पूछताछ की गई और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
युवकों से की गई पूछताछ
जांच अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने कई स्थानों पर ऐसे युवकों को देखा, जो बिना किसी कारण सड़क किनारे समूह बनाकर बैठे थे। कुछ स्थानों पर नशापान की गतिविधियों की भी जानकारी मिली। इसके बाद टीम ने वहां मौजूद युवकों से बातचीत की और उन्हें सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी। एसडीएम कुमार रजत ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे अनावश्यक जमावड़ा, राहगीरों को परेशान करना और नशे जैसी गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि फिर से ऐसी शिकायतें मिलीं तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था बनाए रखने पर प्रशासन का ध्यान
जिला प्रशासन का कहना है कि शहर में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। सड़क किनारे अड्डाबाजी की वजह से विवाद और अपराध की घटनाओं में वृद्धि होती है। इसी कारण प्रशासन अब नियमित रूप से ऐसे अभियान चलाने का निर्णय लिया है। एसडीएम ने बताया कि राजधानी में आम लोगों, विशेषकर महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक गतिविधियों पर पूरी नजर रखी जा रही है।
युवाओं से सकारात्मक योगदान की अपील
अभियान के दौरान प्रशासन ने युवाओं से आग्रह किया कि वे अपने समय का सही उपयोग करें और सकारात्मक गतिविधियों में भाग लें। प्रशासन ने कहा कि समाज और शहर के माहौल को सुधारने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए उन्हें नशे और गलत संगत से दूर रहकर अपने भविष्य को संवारना चाहिए।