झारखंड सरकार ने 108 एंबुलेंस सेवा को खत्म करने का दिया नोटिस
झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा का संचालन कर रही संस्था सम्मान फाउंडेशन को सेवा समाप्त करने का नोटिस जारी किया है। यह निर्णय 25 मई 2026 को मिशन निदेशक द्वारा जारी पत्र के माध्यम से लिया गया। पत्र में उल्लेखित आरोपों के अनुसार, सम्मान फाउंडेशन द्वारा एंबुलेंस सेवा का संचालन संतोषजनक नहीं था, जिससे राज्य की जनता को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ा।
संस्थान पर गंभीर आरोप
पत्र में यह भी कहा गया है कि सम्मान फाउंडेशन श्रम कानूनों का उल्लंघन कर रही है। कर्मचारियों को निर्धारित मानदेय नहीं दिया जा रहा था, और उन्हें EPF तथा ESI जैसी आवश्यक सुविधाओं से भी वंचित रखा गया। स्वास्थ्य विभाग ने इस बात पर जोर दिया कि कर्मचारियों को समय पर वेतन तथा अन्य लाभ नहीं मिलने के कारण उनका मनोबल गिर रहा था, जिसका नकारात्मक प्रभाव एंबुलेंस सेवा के संचालन पर पड़ रहा था।
मीडिया में आई शिकायतें
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, सेवा से जुड़ी कई शिकायतें मीडिया में भी आई थीं, लेकिन संस्था की ओर से कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दिया गया। इसके अलावा, पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि कई एंबुलेंस वाहनों का बीमा 17 अप्रैल 2026 के बाद समाप्त हो चुका था, फिर भी उन वाहनों का संचालन जारी था। इसे मोटर वाहन अधिनियम 1988 का उल्लंघन माना गया है।
सेवा का समापन और निर्देश
इन सभी अनियमितताओं के मद्देनजर, झारखंड ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन समिति ने सम्मान फाउंडेशन के साथ किया गया एकरारनामा रद्द करने का निर्णय लिया। साथ ही, यह निर्देश दिया गया है कि नई व्यवस्था लागू होने तक संस्था को 108 एंबुलेंस सेवा का संचालन सुचारू रूप से करना होगा।