मुंह के कैंसर का चौथे स्टेज के मरीज की डॉक्टरों ने बचाई जान, किया सफल आॅपरेशन

वर्ल्ड कैंसर डे पर रिम्स के डॉक्टरों ने गोड्डा के दुर्गा मांझी की जान बचाकर दी तोहफा
रांची। आज वर्ल्ड कैंसर डे है। हर साल 4 फरवरी को मनाए जाने वाले वर्ल्ड कैंसर डे के दिन आमलोगों में कैंसर से बचाव के लिए जागरूकता बढ़ाने और इसकी रोकथाम, पहचान और उपचार के बारे में जागरूकता अभियान चलाया जाता है। कैंसर डे पर रिम्स के डॉक्टरों ने गोड्डा जिले के तारवारा निवासी मुंह के कैंसर से पीड़ित 42 वर्षीय दुर्गा मांझी की जान बचाकर तोहफा दिया है। दुर्गा मांझी इस वर्ष कैंसर डे को याद कर भावुक हो जाते हैं। दुर्गा कहते हैं कि पैसे की तंगी और बढ़ती बीमारी के बीच इलाज के लिए गोड्डा से कोलकाता तक का सफर तय किया। हर तरफ निराशा हाथ लगने के बाद लगा कि अब जिंदगी से जंग हार चुका। उम्मीद खत्म होने लगी थी। लेकिन रिम्स के डॉक्टरों ने मेरी जान बचाई और इससे बड़ा तोहफा कैंसर डे पर मेरे लिए कुछ और हो ही नहीं सकता है। दुर्गा मांझी को मुंह का कैंसर है। कैंसर चौथे स्टेज-ए श्रेणी में पहुंच चुका था। समस्या पिछले डेढ़ साल से बनी हुई थी। कई जगह इलाज कराया लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। खर्च लाखों में था और पैसे की तंगी सामने आ रही थी। इसके बाद अंतिम लेकर रिम्स पहुंचा। यहां ईएनटी विभाग के चिकित्सकों ने मेरा इलाज किया और अब मैं स्वस्थ हूं। उन्होंने कहा कि तंबाकू का सेवन मेरे लिए घातक साबित हो गया। तंबाकू के सेवन से ही मुुझे मुंह का कैंसर हुआ है। आज वर्ल्ड कैंसर डे पर मैं लोगों से अपील करता हूं कि तंबाकू के सेवन से बचे।

4 से 5 घंटे तक चली सर्जरी, काटकर निकाला कैंसर
दुर्गा का इलाज करने वाले ईएनटी और नेक कैंसर के हेड सर्जन डॉ जाहिद मुस्तफा खान ने कहा कि 4 से 5 घंटे तक चली सर्जरी के बाद दुर्गा के मुंह के कैंसर का सफल आॅपरेशन किया गया। उन्होंने कहा कि जबड़े का ऊपरी और निचले हिस्से के कैंसर को काट कर हटाया गया। उसके बाद छाती के मांस को निकालकर प्लास्टिक सर्जरी कर रिकंस्ट्रक्ट किया गया। डॉ जाहिद ने कहा कि दुर्गा का इलाज आयुष्मान भारत योजना के तहत किया गया। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल में इसी इलाज के लिए चार लाख रुपए तक खर्च करने पड़ते।

सर्जरी टीम में ये डॉक्टर थे शामिल
दुर्गा मांझी के सर्जरी में ईएनटी विभाग की एचओडी डॉ चंद्रकांति बिरुआ, डॉ राजेश चौधरी, डॉ दशरथ, डॉ अनस, डॉ गजेंद्र, डॉ रत्ना, डॉ शिवानी, डॉ कोमल, डॉ नुमान और नेक कैंसर के हेड सर्जन डॉ जाहिद मुस्तफा खान शामिल थे।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *