शासन का आदेश ताक पर, करेंगे मनमानी

सचिव की रोक के बावजूद धड़ल्ले से खुद रही हैं सड़कें, नहीं भरे गये गड्ढे

गांडीव रिपोर्टर

रांची। नगर विकास विभाग एवं मुख्यमंत्री के सचिव विनय चौबे के निर्देश को भी ठेकेदार ताक पर रखने लगे हैं। इसका नमूना लाइन टैंक रोड (चडरी)में सरेराह देखा जा सकता है। लाइन टैंक रोड में आज दुर्गा पूजा की अष्ठमी के दिन भी सड़कों की खुदाई का काम बेरोक-टोक जारी है। इसके अलावा प्रमुख सड़कों पर भी जगह-जगह पहले से खुदे गड्ढेÞं दुर्घटना को आमंत्रण दे रहे हैं। इससे पूजा में घूमनेवाले दर्शनार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में कहीं कोई सुनने वाला नहीं है।

30 सितंबर से काम बंद करने का था निर्देश

नगर विकास सचिव विनय चौबे ने जुडको को पूजा के दौरान पाइप लाइन बिछाने का काम बंद करने का आदेश दिया था। सचिव के निर्देश पर जुडको के परियोजना निदेशक (तकनीकी) रमेश कुमार ने रांची सहित राज्य के सभी शहरो मे पाइप लाइन बिछाने का काम पूजा के दौरान स्थगित रखने का निर्देश जारी किया था। निर्देश मे कहा गया था कि 30 सितंबर से 6 अक्तूबर तक पाइप लाइन और सिवरेज लाइन बिछाने का काम स्थगित रखा जाये। जिससे पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को आवागमन मे परेशानी नहीं हो। साथ ही 30 सितंबर तक वैसे स्थानो पर जहां पाइप लाइन बिछ गया हो, उस स्थान के गड्ढों को अवश्य भर दिया जाये। जुडको ने इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश सभी संवेदको को दिया था।

लोगों को हो रही है भारी परेशानी

राजधानी की अधिकतर सड़कों पर पाईप लाइन बिछाने के कारण बड़े-बड़े गड्ढे कर दिये जा रहे हैं, जिसकेचलते सड़क पर आने-जाने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाईप के लिए हुई खुदाई की मिट्टी भी सड़क के किनारे रखे होने से आवागमन बाधित हो रहा है। बारिश के कारण एक तरफ जहां मिट्टी सड़कों पर कीचड़ के रूप में फैल कर परेशनी का कारण बन रही है, वहीं गड्ढों में पानी भरने के कारण अक्सर दोपहिया वाहन दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। काम पर रोक लगा होता तो इससे लोगों को काफी राहत मिलती।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top