जमशेदपुर में गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में चोरी का खुलासा
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया है, जिनसे चोरी के लगभग 1.5 किलोग्राम चांदी के आभूषण और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार बरामद किए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों को चोरी के माल को बेचने या गलाने से पहले ही पकड़ लिया गया।
19 अगस्त की रात को हुई चोरी
सिटी एसपी ललित मीणा ने सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 19 अगस्त की रात लगभग 2 से 3 बजे के बीच आरोपियों ने बंद गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। इस दौरान दुकान से लगभग 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण, दो वजन मशीन और अन्य सामान चुराए गए थे। मामले में बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
विशेष टीम की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान गाराबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38) और पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र निवासी श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद किया है।
बरामद किए गए चांदी के आभूषण
पुलिस ने आरोपियों के पास से लगभग 1.5 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए हैं, जिसमें 36 लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की माला, 3 चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, 4 गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, एक बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 6 लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, 4 शंखा पोला, 2 जोड़ी कड़ा, घुंघरू और चांदी के 56 टूटे हुए टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस ने दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का मोबाइल, बड़ा बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है।