मार्बल व्यापारी से रंगदारी मांगने वाले तीन गिरफ्तार, चोरी के मोबाइल से धमकी देते थे

पलामू में रंगदारी मांगने के मामले का खुलासा

पलामू: पलामू के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में एक मार्बल व्यवसायी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एक अन्य आरोपी की तलाश के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपियों में रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह, अमन कुमार चौरसिया और शुभम केशरी शामिल हैं, जो सभी पलामू के निवासी हैं। इस मामले में 19 मार्च को हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रीष्मा रमेशन के निर्देश पर हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।

चोरी के मोबाइल से दी गई धमकियाँ

पुलिस जांच के दौरान यह पता चला कि मुख्य आरोपी रविशंकर कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह अपने साथियों के साथ मिलकर रंगदारी की योजना बना रहा था। पहचान छुपाने के लिए वे चोरी के मोबाइल फोन और सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी शुभम केशरी (20 वर्ष) और अमन कुमार चौरसिया (19 वर्ष) नशे में रहने वाले व्यक्तियों को निशाना बनाकर उनके मोबाइल फोन चुराते थे। इसके बाद ये मोबाइल और सिम कार्ड मुख्य आरोपी को सौंप दिए जाते थे, जिनका उपयोग धमकी देने के लिए किया जाता था।

मोबाइल और सिम कार्ड की बरामदगी

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर रंगदारी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, सिम कार्ड और अन्य चोरी के मोबाइल भी बरामद किए। सभी गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी

इस मामले में शामिल प्रिंस कुमार उर्फ प्रिंस मेहता, जो लोहरपुरा, थाना हैदरनगर का निवासी है, फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में हुसैनाबाद अनुमंडल पुलिस की एसआईटी टीम और पलामू की तकनीकी शाखा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top