चतरा में गैंगस्टर प्रिंस खान के दो सहयोगी गिरफ्तार, 1 करोड़ की फिरौती मामले से जुड़े

चतरा पुलिस ने फिरौती मांगने वाले अपराधियों को किया गिरफ्तार

चतरा जिले की पुलिस ने एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में कुख्यात अपराधी प्रिंस खान उर्फ हैदर अली के दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान बिहार के भोजपुर जिले के अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के पास से मोबाइल फोन और लेवी की रकम के लेन-देन से संबंधित ट्रांजेक्शन के साक्ष्य भी जब्त किए हैं। पुलिस अधीक्षक अनिमेष कुमार नैथानी ने एक प्रेस वार्ता में बताया कि ये दोनों आरोपी प्रिंस खान के लिए लेवी की राशि पहुंचाने और उसके आपराधिक नेटवर्क को संचालित करने में सक्रिय थे।

फिरौती की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हंटरगंज थाना क्षेत्र के पिंडरा गांव के निवासी प्रेमचंद सिंह ने प्रिंस खान के खिलाफ एक करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। इस शिकायत के आधार पर हंटरगंज थाना कांड संख्या 206/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पहले भी हो चुकी हैं कई गिरफ्तारियां

जांच के दौरान रेकी करने और फायरिंग की घटना में शामिल अमन खान, जो कि लोहसिंघना (जिला हजारीबाग) का निवासी है, पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने उसके अन्य सहयोगियों मुर्तजा अंसारी, मोहम्मद नाजिम और कृष कुमार सिंह को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में एक विशेष टीम लगातार छापामारी कर रही थी, जिसके तहत अशफाक आलम और सद्दाब अंसारी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्रिंस खान के लिए लेवी की रकम एकत्रित कर उसे पहुँचाने और उसके आपराधिक नेटवर्क के संचालन में शामिल थे।

छापेमारी टीम में शामिल अधिकारी

इस कार्रवाई में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, चतरा थाना प्रभारी विपिन कुमार, हंटरगंज थाना प्रभारी प्रभात कुमार, प्रतापपुर थाना प्रभारी आलोक रंजन चौधरी और पुलिस पदाधिकारी नितेश कुमार सहित अन्य प्रशिक्षित जवान शामिल थे।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top