ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार दो चचेरे भाईयों की मौत, एनएच किया जाम


कुलदीप उरांव और दिलीप उरांव बाइक से गणेशपुर लौट रहे थे उसी समय घटी घटना

लातेहार। बालूमाथ थाना क्षेत्र के गणेशपुर ग्राम में ट्रैक्टर और बाइक की टक्कर दो चचेरे भाईयों की मौत हो गयी। मृतक की पहचान कुलदीप उरांव और दिलीप उरांव के रूप में हुई है। दोनों चचेरे भाई थे। घटना के बाद आज सुबह परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने बालूमाथ मुख्य पथ जाम कर दिया। परिजन ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी एवं मुआवजा की मांग कर रहे थे। मौके पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को अपने कब्जे मे रखा है। ट्रैक्टर पर कोयला लोड है। बालूमाथ मुख्य पथ जाम की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों ने जाम नहीं हटाया था। जामकर्ता लापरवाही से ट्रैक्टर चलाने वाले चालक की अविलंब गिरफ्तार करने और मृतक के परिजनों को मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

सड़क जाम से वाहनों की लगी लंबी कतार
पुलिस पदाधिकारी जाम कर रहे लोगों को समझा बुझाकर सड़क जाम हटा लेने का आग्रह करते रहे, लेकिन दुघटना से नाराज स्थानीय लोग ट्रैक्टर चालक को पकड़ने और मुआवजा की मांग करते रहे। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी।

बालूमाथ से गणेशपुर लौटने के दौरान घटी घटना
घटना के बारे में बताया जाता है कि दोनों युवक अपने एक दोस्त को देर शाम बालूमाथ छोड़ कर बाइक से गणेशपुर लौट रहे थे। इसी दौरान गणेशपुर के चमरेंगा ग्राम के पास दोनों एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गये। जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण प्रयाग यादव ने दोनों को बेहोशी की हालत में अपने निजी वाहन से बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top