चाईबासा में मानव तस्करी के गिरोह का भंडाफोड़
चाईबासा : चाईबासा के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में मानव तस्करी के एक बड़े गिरोह का खुलासा हुआ है। पुलिस, श्रम विभाग और डालसा की संयुक्त कार्रवाई में शहर के केटू होटल पर छापेमारी कर 30 महिला-पुरुष मजदूरों और छह नाबालिग बच्चों को तस्करों से मुक्त कराया गया। जानकारी के अनुसार, सभी व्यक्तियों को कथित रूप से बंधुआ मजदूर बनाकर गुजरात भेजने की योजना बनाई जा रही थी। छापेमारी के दौरान मजदूरों को ले जाने के लिए खड़ी राजलक्ष्मी ट्रेवल्स की एक बस भी जब्त की गई है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि रविवार रात पोड़ाहाट एसडीपीओ को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ मानव तस्कर होटल में ठहराए गए महिला-पुरुषों और नाबालिग बच्चों को अवैध तरीके से गुजरात भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही डालसा सह श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साजेस महतो ने कर्रा सोसाइटी फॉर रूल एक्शन, रांची और चाइल्डलाइन को इस बारे में अवगत कराया। इसके बाद पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर संयुक्त कार्रवाई की योजना बनाई गई।
होटल में छापेमारी
एसपी के निर्देश पर एएसपी सह चक्रधरपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। इस टीम में थानेदार अवधेश कुमार, परमेश्वर उरांव, राज किशोर तिवारी, बीरबल चौबे और चक्रधरपुर थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने रात के समय केटू होटल की घेराबंदी कर छापेमारी की और वहां ठहरे सभी मजदूरों और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
नाबालिग बच्चों का रेस्क्यू
रेस्क्यू किए गए लोगों में 30 वयस्क मजदूरों के साथ छह नाबालिग बच्चे भी शामिल हैं, जिनमें पांच लड़के और एक लड़की हैं। सभी बच्चों को सुरक्षित रखने और आगे की काउंसलिंग के लिए बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) चाईबासा के निर्देश पर चाइल्डलाइन चाईबासा को सौंप दिया गया है।
गुजरात के तस्करों की गिरफ्तारी
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान गुजरात निवासी दो मानव तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में निकुंज गोविंद बोरसानिया (32) और कादिवर निलेश भाई (34) शामिल हैं। दोनों आरोपी गुजरात के मोरवी क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इन दोनों के खिलाफ बीएनएस और बाल श्रम अधिनियम की धाराओं के तहत चक्रधरपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब इस मानव तस्करी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।