क्लब पार्टी में रामायण के सीन पर नाचे लोग, दो अरेस्ट

सोशल मीडिया पर नोएडा के गार्डन गैलेरिया मॅाल का वीडियो वायरल (Garden Galleria Ramayan Video) हुआ. वीडियो मॉल के एक क्लब का बताया जा रहा है. क्लब में राम-रावण के युद्ध का एक वीडियो डबिंग के साथ चल रहा है. और लोग इस डब्ड वीडियो पर नाच रहे हैं. नोएडा पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए क्लब के मालिक और मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है.

दरअसल वीडियो गार्डन गैलेरिया मॅाल के लॉर्ड ऑफ ड्रिंक्स क्लब का है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्लब में डबिंग वीडियो रामानंद सागर के रामायण सीरियल के कुछ हिस्सों का है. जिसमें राम और रावण युद्ध के समय बात कर रहे थे. इसी में कुछ बिट्स डालकर ये गाना बनाया गया. गाने पर लोग नाचने लगे, वीडियो वायरल हुआ.

वीडियो वायरल होते ही नोएडा पुलिस ने संज्ञान लेते हुए FIR दर्ज की. गौतम बुद्ध पुलिस कमिश्नरेट द्वारा ट्विटर पर दी गई जानकारी के अनुसार, नोएडा के थाना सेक्टर-39 में मुकदमा दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा,

‘सुबह से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. ये वीडियो गार्डन गैलेरिया मॅाल के लॉर्ड ऑफ ड्रिंक्स क्लब का है. इस वीडियो में रामायण सीरियल के कुछ प्रसिद्ध पात्रो को दिखाया गया, साथ ही बैकग्राउंड में एक गाना बजाया गया. इसका संज्ञान लेते ही थाना सेक्टर 39 की पुलिस द्वारा तुरंत ही FIR दर्ज की गई है. धारा 153A, 295A में तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है. इनमें से दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्वाई जारी है. ’

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top