जामताड़ा में घरेलू गैस पाइपलाइन का विवाद
जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर परिषद क्षेत्र के कुर्मी पाड़ा में शनिवार को स्थानीय निवासियों ने HPCL के द्वारा गैस पाइपलाइन बिछाने वाले ठेकेदार को काम रोकने पर मजबूर कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि ठेकेदार ने सैकड़ों उपभोक्ताओं से पैसे वसूलने के बाद बिना काम पूरा किए जाने की कोशिश की। वर्तमान में HPCL द्वारा घर-घर एलपीजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, जिसमें प्रति उपभोक्ता 354 रुपये की राशि ली जा रही है।
कनेक्शन की कमी पर नाराजगी
स्थानीय लोगों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र के कुल 180 घरों से पैसे वसूल किए, लेकिन ठेकेदार ने केवल 120 घरों में ही कनेक्शन दिए। शेष 60 घरों के निवासी अब भी अपने कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि जब उन्होंने ठेकेदार से काम पूरा न करने का कारण पूछा, तो उसके कर्मचारी टालमटोल करने लगे। जिनके घरों में कनेक्शन नहीं हुआ है, वे अब अपने पैसे वापस मांग रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलने के बाद मिहिजाम थाना के ASI सोनेलाल ने अपने दल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई है। पुलिस इस मामले की गहन छानबीन कर रही है और समाचार लिखे जाने तक दोनों पक्षों के बीच थाने में वार्ता चल रही थी। साथ ही पुलिस कागजातों और पैसे के लेनदेन की रसीदों की भी जांच कर रही है।