ग्रामीणों ने सड़क पर लगाया धान

खराब सड़क से परेशान कांके के अरसंडे के ग्रामीण आज सड़क पर उतरे

कांके के अरसंडे में खराब सड़क से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को धान रोपनी की. ग्रामीण लंबे समय से खराब सड़क से परेशान थे. ग्रामीणों का कहना था कि बार-बार सड़क बनाने के लिए प्रशासन और जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया जा रहा है. ना तो प्रशासन ना ही जन प्रतिनिधि इस पर ध्यान दे रहे हैं. यही कारण है कि ग्रामीणों को मजबूरी में बीच सड़क में धान लगाना पड़ा.

अरसंडे के ग्रामीणों ने पूर्व पंचायत समिति सदस्य चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में धान रोपनी किया. ग्रामीण सुबह में घर से निकल गये थे. हाथ में तख्ती लेकर बीच सड़क पर आ गये. ग्रामीण तख्ती में सड़क निर्माण की मांग कर रहे थे. उनका कहना है कि बीच सड़क में दो से तीन फीट तक का गड्ढा हो गया है.

खराब सड़क के कारण ग्रामीणों को कई बार दुर्घटना का शिकार होना पड़ा है. इससे जानमाल का भी खतरा है. इसी सड़क के किनारे पूर्व विधायक रामचंद्र नायक का भी घर है. पूर्व उप प्रमुख भी इसी रास्ते से आना जाना करते हैं. यह सड़क अपने आप में महत्वपूर्ण है. इसके बावजूद कोई ध्यान नहीं दे रहा है.

ग्रामीणों ने कहा कि अरसंडे के इस सड़क का निर्माण 10 दिनों के अंदर नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जायेगा. प्रखंड कार्यालय में तालाबंदी भी की जायेगी. धनरोपनी के मौके पर पंचायत की वार्ड सदस्य सरिता मिंज, मंजू देवी, राम प्रसाद साहु, हरकनाथ ठाकुर, अरुण, अरबिंद, विजय, बबलू, गोरखनाथ, गोपाल, सुरेश, मुकेश आदि मौजूद थे.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top