महिला पर गिरी निर्माणाधीण मकान की दीवार, मौके पर मौत

रांची । तुपुदाना ओपी क्षेत्र के बसारगढ रोड नंबर तीन में एक निर्माणाधीन भवन की दीवार गिर गई। हादसे में वहां से गुजर रही महिला की दबकर मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने महिला की मौत की खबर पुलिस को दी। मौके पर पुलिस पहुंची और मृतका के परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। परिजनों के पहुंचने पर मृतका की पहचान कलावती देवी उम्र लगभग 53 वर्ष पति स्व. रंथु लोहरा जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के अपर हटिया पिठिया टोली निवासी के रूप में हुई।

मृतका के भाई मुन्ना लोहरा ने महिला की पहचान की। स्थानीय लोगों ने बताया कि कलावती देवी तुपुदाना स्थित एकता अपार्टमेंट के फ्लैट में घरेलू काम करती थी। साथ ही बसारगढ़ में भी एक व्यक्ति के घर में घरेलू काम करती थी।

कलावती शनिवार को शाम चार बजे के लगभग बसारगढ़ से घर का काम करने के बाद एकता अपार्टमेंट के फ्लैट में काम करने जा रही थी। इस बीच अचानक मौसम खराब हो गया और तेज आंधी चलने लगी।

आंधी और बारिश से बचने के लिए कलावती जल्दी-जल्दी चलने लगी। वह जैसे ही निर्माणाधीन भवन के पास पहुंची, अचानक भवन के ऊपर सीढ़ी के पास बना दीवार भरभरा कर कलावती के ऊपर ही गिर। अचानक दीवार गिरने से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।

वहीं, घटना के बाद भवन में काम कर रहे मजदूर और ठेकेदार पुलिस के आने के पहले ही फरार हो गए। पुलिस के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माणाधीन भवन धुर्वा निवासी उमाशंकर सिंह का है।

इस बीच मृतका के परिजन हटिया और तुपुदाना से काफी संख्या में पहुंच गए। परिजनों के रोने और चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया। पुलिस शव का पंचनामा बनाकर थाना ले आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजा जाएगा। वहीं, परिजनों के आवेदन के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top