DHANBAD : पिटाई के बाद युवक की गई जान

धनबाद: जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मारपीट के मामले ने बुधवार को हिंसक रूप ले लिया. इलाज के दौरान सुरेंद्र यादव नामक युवक की मौत के बाद उसके परिजन और खटाल वासी काफी आक्रोशित हो गए. यादव समाज के काफी लोग ट्रक में शव लादकर रणधीर वर्मा चौक पहुंचे. उन्होंने शव को चौक पर रखकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया. गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने टायर जलाकर चौक को जाम कर दिया. आक्रोशित लोगों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की.

परिजनों ने सुरेंद्र यादव की मौत मामले में दोषी आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में रविवार को दो पक्षों के बीच मारपीट हुई थी. जिसमें सुरेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था. लेकिन बुधवार को उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिजनों और खटाल वासियों का गुस्सा फूट पड़ा.

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया. जिसके कारण समय रहते आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी. घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल मौके पर पहुंचा और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे. रणधीर वर्मा चौक पर दो घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. यातायात को संभालने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी.

डीएसपी शंकर कामती के आश्वासन पर लोगों ने जाम समाप्त किया. डीएसपी शंकर कामती ने कहा कि लोगों की मांग है कि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो, जिसे लेकर लोगों ने सड़क जाम किया था. पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी हुई है.

बता दें कि धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया स्थित एफसीआई गोदाम में ट्रक खड़ा करने को लेकर मृतक और कुछ अन्य लोगों के बीच विवाद हुआ था. इसी मामले को लेकर बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में सुरेंद्र यादव की बुरी तरह पिटाई की गई थी. घायल अवस्था में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top