महिला के पेट से निकला पांच किलो का ट्यूमर

पेट में तेज दर्द होने की शिकायत लेकर डॉक्‍टर के पास गई महिला, निकला भारी-भरकम पांच किलो का ट्यूमर

 देवघर। सदर अस्पताल के चिकित्सक सर्जन डा. शंकर लाल मुर्मू व उनकी टीम ने सफलतापूर्वक आपरेशन कर महिला के पेट से लगभग पांच किलोग्राम का ट्यूमर निकाला। आपरेशन में लगभग एक घंटे का समय लगा। आपरेशन के बाद महिला स्वास्थ्य लाभ ले रही है।बताया जाता है कि देवीपुर के मंडरो निवासी 24 वर्षीय शीला देवी को लगातार पेट में दर्द होने की शिकायत पर एक सप्ताह पूर्व सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अस्‍पताल में एडमिट कर उनका इलाज किया जा रहा था, लेकिन हालत में सुधार होने के बजाय दिन-प्रतिदिन पेट और फूलता जा रहा था। मंगलवार को सर्जन डा. शंकर लाल मुर्मू को महिला मरीज के बारे में जानकारी मिली। वह महिला से मिलने वार्ड पहुंचे। फूला हुआ पेट देखकर चिकित्सक ने उसका अल्ट्रासाउंड कराया। अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में महिला के पेट में ट्यूमर होने का पता चला। आपरेशन को लेकर महिला की शारीरिक स्थिति व खून की कमी व ओटी में सीमित संसाधन परेशानी बनकर सामने आ खड़ी हुई थी। बावजूद महिला को बचाने के लिए आपरेशन करना जरूरी था इसलिए तमाम चीजों की व्यवस्था करने के बाद उसका आपरेशन किया गया। आपरेशन में चिकित्सक के साथ उनकी टीम में डा. प्रियंका, एएनएम सुमन कुमारी सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी शामिल थे। आपरेशन के बाद महिला को वार्ड में शिफ्ट कर दिया। चिकित्सक के अनुसार महिला की स्थिति सामान्य है।

Comments

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *