दीपावली, काली पूजा और छठ को लेकर प्रशासन अलर्ट

रांची। दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में पर्व-त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, यातायात, स्वच्छता और विसर्जन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। खासकर छठ महापर्व के दौरान तालाबों और घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, भीड़ नियंत्रण और दुर्घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
छठ को लेकर तालाबों और घाटों की सफाई पर जोर : उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने छठ घाटों की व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश देते हुए कहा कि नगर निगम के अधिकारी सभी संबंधित तालाबों और घाटों का पहले से निरीक्षण करें। घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित पहुंच मार्ग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यकतानुसार क्रेन की व्यवस्था करने के साथ-साथ छठ घाटों पर एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की तैनाती के निर्देश भी दिए गए हैं।
इसके अलावा तालाबों और घाटों में बांस की बैरिकेडिंग कर सुरक्षित गहराई निर्धारित करने को कहा गया है, ताकि छठव्रती सुरक्षित स्थान पर खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य दे सकें। प्रशासन ने छठ घाटों पर स्विमिंग पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का निर्देश दिया है। पर्व शुरू होने से पहले घाटों तक पहुंचने वाली सड़कों की मरम्मत और सफाई कराने पर भी जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो।
दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा से जुड़े निर्देश : दीपावली और काली पूजा के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। बैठक में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, प्रतिबंधित और असुरक्षित पटाखों की बिक्री तथा उनके इस्तेमाल पर निगरानी रखने और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के निर्देश दिए गए। ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए रात 10 बजे के बाद शोर-शराबा नहीं होने देने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।
वहीं, पूजा पंडालों में विद्युत सुरक्षा, अग्निशमन के इंतजाम और विसर्जन के दौरान निर्धारित नियमों के पालन को अनिवार्य बताया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि किसी भी आयोजन में सुरक्षा मानकों की अनदेखी मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर पारस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, अनुमंडल पदाधिकारी सदर कुमार रजत, प्रशिक्षु आईएएस आस्था शरण, अपर जिला दण्डाधिकारी (विधि-व्यवस्था) धनंजय सहित बिजली विभाग, नगर निगम, अग्निशमन और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
धुर्वा डैम पहुंचे डीसी, साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश
रांची। छठ महापर्व के मद्देनजर रांची जिला प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को रांची डीसी मंजूनाथ भजंत्री धुर्वा डैम पहुंचे और वहां की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मौके पर मौजूद जूनियर इंजीनियर समेत संबंधित अधिकारियों को धुर्वा डैम की साफ-सफाई के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था भी दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में पूजा-अर्चना कर सकें। धुर्वा डैम में डूबने की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने एनडीआरएफ की टीम के सदस्यों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top