बिजली चोरी की जांच करने गए विभाग के कर्मचारियों पर हमला

जुगसलाई में गद्दी मोहल्ला के लोगों ने कर्मचारियों को घेरा व मारपीट किया

जमशेदपुर। बिजली चोरी पकड़ने गए विभाग के कर्मचारियों पर लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना आज सुबह जुगसलाई गद्दी मोहल्ला में हुई। बिजली विभाग के कर्मचारियों की टीम सर्वे का काम कर रही थी। इस बीच कुछ स्थानीय लोगों ने विभागीय कर्मचारियों को बंधक बना लिया। इनके साथ मारपीट की गई। बिजली का मीटर भी छीन लिया गया। टीम में महिला और पुरुष कर्मचारी शामिल थे। एक कर्मचारी ने पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद किसी तरह कर्मचारियों को भीड़ के बीच से बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी देते हुए विभाग के रऊड इमरान मुर्तजा ने बताया कि रांची मुख्यालय द्वारा आदेश के बाद विभागीय टीम सर्वे का काम कर रही थी। इस दौरान महिला कर्मचारी फरीदा, हेड इलेक्ट्रिकेशन सुलतान, ताना भगत के अलावा अन्य कर्मचारियों ने देखा कि उपभोक्ता संख्या जी 4178 के द्वारा पोल से बिजली की चोरी की जा रही है। टीम ने उपभोक्ता सलाम गद्दी से इस बारे में बात करनी चाही। इससे नाराज होकर उपभोक्ता के घर वालों ने कर्मचारियों को घेर लिया। उनमें से एक ने कर्मचारी के साथ मारपीट की। जान से मारने की धमकी दी। थोड़ी देर बाद ही लगभग 40 से 50 की संख्या में लोग पहुंचे। कर्मचारियों को घेरकर बंधक बना लिया। महिला कर्मचारी फरीदा और ताना भगत किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। सभी को बाहर निकाला। बताया कि हंगामा करने वाले लोगों ने बिजली मीटर भी छीन लिया। कर्मचारियों को एक घंटे तक बंधक बना कर रखा गया था। एसडीओ ने कहा कि वह एसएसपी से मिलकर मामले की शिकायत करेंगे। उन्होंने कहा कि इलाके में बड़े पैमाने पर बिजली की चोरी की जा रही है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top