बिरसा कृषि विश्वविद्यालय ने स्थगित कर दी आफलाइन क्लास और परीक्षाएं


छात्रावास खाली करने का आदेश, कर्मियों को करना पड़ेगा गाइडलाइन का पालन

रांची। बिरसा कृषि विश्वविद्यालय ने आॅफलाइन क्लास और परीक्षाएं स्थगित कर दी है। राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग के द्वारा जारी कोरोना गाइडलाइन के अनुपालन करते हुए बिरसा कृषि विश्वविद्यालय ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अहम निर्णय लिया है। कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह की अध्यक्षता में वरीय पदाधिकारियों की बैठक में कोरोना की तीसरी लहर एवं कोरोना संक्रमण के प्रभाव पर विस्तृत चर्चा हुई। बैठक में कुलपति ने विवि की सभी इकाईयों एवं अनुषंगी इकाईयों में तत्काल प्रभाव से सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी कोरोना गाइड लाइन को शत प्रतिशत पालन करने का निर्देश दिया। इस अधिसूचना के मुताबिक तत्काल प्रभाव से विवि के अधीन संचालित सभी 11 महाविद्यालयों में यूजी, पीजी एवं पीएचडी की आफलाइन कक्षाओं एवं परीक्षाओं को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया गया है। कोरोना गाइडलाइन के मुताबिक सभी कक्षाओं एवं परीक्षाओं का संचालन डिजिटल प्रारूप में आनलाइन माध्यम से संचालित होगी।

छात्रावास खाली कराने का दिया निर्देश
सभी संकायों एवं महाविद्यालयों में छात्रों को तत्काल प्रभाव से छात्रावासों को खाली करने का निर्देश दिया गया है। जिसे सख्ती से पालन करने को कहा गया है। विवि कर्मियों के लिए कोरोना का दो टीकाकरण कराना अनिवार्य किया गया है। विवि एवं कार्यालय परिसर पर सामाजिक दूरी का पालन एवं फेस कवर, मास्क लगाना तथा सैनिटाइजर लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। विवि में स्थित सभी अतिथि गृह, प्रेक्षागृह एवं खेल मैदानों का आवंटन तत्काल प्रभाव से स्थगित रहेगा।

कर्मियों की अनुशासनात्मक पर की जाएगी कार्रवाई
विवि कर्मियों द्वारा भीड़ लगाने, पान, गुटका, सिगरेट एवं तंबाकू के सेवन पर पाबंदी होगी और सभी के लिए मोबाइल आरोग्य सेतु को डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। विवि की सभी संबंधित इकाईयों में उल्लेखित निदेर्शों का कार्यालय प्रधान एवं प्रभारियों द्वारा सख्ती से अनुपालन कराया जाएगा। कोरोना गाइडलाइन के नियमों के उल्लंघन पर आपदा प्रबंधन विभाग 2005 के तहत कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top