श्रेणी: Crime

  • सड़क दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार गंभीर रूप से घायल, चालक फरार

    साहिबगंज। जिरवाबाडी में सड़क दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे इलाज के लिए सदर अस्पताल भर्ती कराया गया है। जिरवा बाड़ी थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर पूरब की ओर से आ रही आलू लदा ट्रक के चपेट में एक बुलेट सवार आ गया। जिसके बाद ट्रक बुलेट 20 से 25 मीटर तक घसीटते हुए आगे ले गया। जिसके चालक बुरी तरह से घायल हो गए बुलेट पर 3 लोग सवार थे। इधर घटना के आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। जिसे देखते हुए चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने के बाद थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा। वहीं ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • माओवादी कमांडर रबिंद्र गंझू को लेकर छकरबंधा, बूढ़ापहाड़ व सारंडा में पुलिस अलर्ट

    पलामू। लोहरदगा में चल रहे माओवादियों के साथ लगातार मुठभेड़ के बाद पलामू रेंज की पुलिस भी हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। पिछले एक सप्ताह के अंदर लोहरदगा में सुरक्षाबल और टॉप माओवादी कमांडर रबिंद्र गंझू की टीम के साथ तीन बार मुठभेड़ की सूचना है। जिस इलाके में मुठभेड़ हो रही है वह इलाका लातेहार सीमा से सटा हुआ है और माओवादियों का बूढ़ापहाड़ सारंडा कोरिडोर का हिस्सा है। रबिंद्र गंझू को लेकर पलामू रेंज की पुलिस ने भी हाई अलर्ट जारी किया है और लोहरदगा से सटे हुए इलाकों में पुलिस और सुरक्षाबलों की तैनाती बढ़ा दी है। सुरक्षा एजेंसियों को आशंका है कि लोहरदगा के इलाके में सुरक्षाबलों के बढ़ते दबाव के बाद 15 लाख का इनाम टॉप माओवादी कमांडर रबिंद्र गंझू बूढ़ापहाड़, सारंडा या छकरबंधा के इलाके में भाग सकता है। छकरबंधा, बूढ़ापहाड़ सारंडा कॉरिडोर 150 किलोमीटर से भी अधिक है। इलाके से निकल कर माओवादियों की टीम बिहार के गया के छकरबंधा और बढ़ापहाड़ के इलाके में भाग सकती है। इसलिए इस इलाके में 12 कंपनी से अधिक सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। लोहरदगा घटना को लेकर पलामू रेंज के इलाके में पांच दर्जन से अधिक संदिग्धों को सुरक्षाएजेंसियों ने सर्विलांस पर रखा हुआ है। जबकि घटना में 30 के करीब हार्डकोर नक्सली शामिल हैं। सभी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने बायोडाटा तैयार किया है। रविंद्र गंजू से जुड़े हुए एक एक समर्थक और उनके हार्डकोर सदस्यों की पहचान की जा रही है। संदिग्धों के लिए सुरक्षा एजेंसियां अलग से अभियान चला रहे हैं।

  • गुटका लेने पर हुए विवाद में युवक की धारदार हथियार से हत्या, अपराधी फरार

    धनबाद। सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर सेंट्रल अस्पताल के समीप अपराधियों ने युवक की धारदार हथियार से हत्या कर दी है। मृतक की पहचान मंजीत साव उर्फ पिंटू के रुप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार की देर रात दो अपराधियों ने मंजीत पर धारदार हथियार से हमला किया। जिसे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी कार में सवार होकर भाग गए। आशंका जताया जा रहा है कि जमीन विवाद में मंजीत की हत्या की गई है। मंजीत के चाचा सतेंद्र साव ने बताया कि हम लोग दोनों राशन दुकान में थे। तभी दो लोग गुटका लेने आये और मंजीत से उलझ गये। मामला बढ़ता देख जब आस पास के लोग को मैं बुलाने गया तब तक अपराधियों ने मंजीत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। जिसके बाद उसे तुरंत सेंट्रल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मंजीत के परिजन अस्पताल पंहुचे। घटना की जानकारी पुलिस को भी दी गई। पुलिस मौके पर पहुंच कर मामले की जांच में जुट गयी। सरायढ़ेला थाना प्रभारी बंधु तिर्की ने कहा कि जल्द अपराधियों का पता लगा कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस आसपास लगे सीसीटीबी और मंजीत के मोबाइल की जांच कर रही है। ताकि हत्यारों तक पहुंचा जा सके।

  • हत्यारी घाटी के अज्ञात वाहन ने दो साइकिल सवारों को रौंदा, दोनों की मौत

    हजारीबाग। चरही थाना क्षेत्र में तीन अलग जगहों पर हुई सड़क दुर्घटना में दो व्यक्तियों की मौत तथा दो व्यक्ति घायल हो गए। जानकारी के अनुसार जिन दो व्यक्ति की मौत हुई है, दोनों मजदूर थे। वे साईकिल से कोयला बेचकर हजारीबाग से लौट रहे थे। दोनों चरही थाना क्षेत्र के कजरी सोनरा टोला निवासी मो. शमीम अंसारी (50 वर्ष) और करीमगंज के मो. शमशेर अंसारी (40 वर्ष) हैं। दोनों साइकिल से कोयला ढोने का काम करते हैं। दोनों व्यक्ति बोरिया कोयला को बेचकर हजारीबाग से घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच हजारीबाग की ओर आ रहे अज्ञात वाहन ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के हत्यारी घाटी के पास पीछे से टक्कर मारते हुए भाग निकला। दोनों की मौत घटना स्थल पर ही हो गई। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हजारीबाग भेज दिया।।

  • स्कूल जा रहे छात्र को आलू लदे ट्रक ने रौंदा, मौत, आक्रोशितों ने किया सड़क जाम

    मांडू के हेसागढ़ा ओवरब्रिज नेशनल हाइवे की घटना, एक भाई ने भाग कर बचाई जान

    रामगढ़। मांडू के हेसागढ़ा ओवरब्रिज नेशनल हाइवे पर आज सुबह करीब सात बजे आलू लदे एक ट्रक ने स्कूल जा रहे एक 12 वर्षीय छात्र को कुचलते हुए पलट गया। इससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक के पलटते ही छात्र आलू की बोरियों से बुरी तरह से दब गया। घटना की सूचना पाकर मांडू थाना पुलिस व ग्रामीण घटनास्थल पहुंची। इसके बाद करीब एक घंटे के बाद क्रेन के माध्यम से आलू के बोरियों व ट्रक के बीच दबे मृतक छात्र को किसी तरह बाहर निकाला। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने रांची-पटना नेशनल हाइवे मार्ग को जाम कर दिया है। इससे सड़क के दोनों छोर पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई है। सड़क पर आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। हेसागढ़ा गांव निवासी मृतक छात्र मनीष कुमार पिता मटूक मेहता है। वह सातवीं कक्षा का छात्र है।

    सड़क के किनारे से जा रहा था दोनों भाई
    बताया गया कि मृतक छात्र मनीष अपने बड़े भाई संदीप कुमार के साथ सुबह स्कूल जा रहा था। हेसागढ़ा स्थित घर से करीब एक किलोमीटर दूर बीसमाइल स्थित होलीपैक स्कूल के लिए दोनों भाई सड़क के किनारे-किनारे से होकर जा रहा था। आलू लदा 10 चक्का ट्रक हजारीबाग की ओर से तेज रफ़्तार से आ रही थी। सामने से ट्रक को अनियंत्रित देखकर बड़े भाई ने वहां से किनारे दौड़ कर अपनी जान बचाई। जबकि छोटा भाई मनीष ट्रक की चपेट में आ गया। ट्रक के पलटते ही चालक व खलासी घायलावस्था में घटनास्थल से भाग गया।

    मुआवजा की मांग पर सड़क जाम
    सुबह नौ बजे तक आक्रोशित ग्रामीण मृतक छात्र के आश्रित को मुआवजा देने की मांग को लेकर सड़क को जाम रखा है। मांडू इंस्पेक्टर संजय कुमार गुप्ता व मांडू थाना प्रभारी मणिदीप सड़क जाम करने वाले आक्रोशित लोगों से वार्ता कर जाम हटाने का अनुरोध किया। जिसके बाद लोग मान गए और जाम हटा लिया। जिससे आवागमन सामान्य हो गया।

  • बेटा खेल गया पिता के बैंक एकाउंट से नौ लाख का खेल

    मोबाइल गेम से सेल सिटी निवासी एक व्यवसायी परिवार हलकान
    रांची। बच्चों में मोबाइल गेम की लत और उसके दुष्परिणाम लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला राजधानी के सेल सिटी इलाके का है। सेल सिटी निवासी एक व्यवसायी परिवार आज सुबह से अपने लाडले की कारगुजारी से हलकान है। महज 12 साल के बेटे ने मोबाइल गेम फ्री फायर खेलने के चक्कर में अपने पिता के एकाउंट को नौ लाख रुपये की चपत लगा दी है।
    बेटे द्वारा एकाउंट खाली कर दिये जाने की जानकारी मिलने के बाद से व्यवसायी परिवार सदमे में है और वह किसी तरह मोबाइल गेम में अपने डूबे पैसे को वापस पाने के लिए भटक रहा है। जानकारी के अनुसार परिजन इस मामले को लेकर पुंदाग थाना तक का चक्कर लगा चुके हैं, ताकि उनका पैसा मोबाइल कंपनी से उनको वापस मिल सके। हालांकि, ऐसे मामलों में डूबे पैसे की वापसी की गुंजाइश लगभग नहीं के बराबर होती है। परिजन इस मामले में साइबर एक्सपर्ट की मदद लेने की भी तैयारी में हैं।
    जानकारी के अनुसार आॅनलाइन एजुकेशन के नाम पर सेल सिटी के इस मेडिकल व्यवसायी परिवार ने भी अपने बेटे को मोबाइल दे रखी थी। मोबाइल पर पढ़ाई के बाद परिजनों के मना करने के बावजूद बच्चा लंबे समय से मोबाइल गेम खेलता आ रहा था। इसी दौरान कब एकाउंट से पैसे निकलते चले गये, इसकी सूचना गार्जियन को नहीं मिली। जब पता चला, तबतक पूरा एकाउंट ही साफ हो चुका था।
    डूबे पैसे के वापसी की राह मुश्किल
    गांडीव से बात करते हुए साइबर एक्सपर्ट आदित्य हृदय बताते हैं कि ऐसे मामलों में एकाउंट से पैसे कटने तो आसान हैं, पर उनकी वापसी उतनी ही मुश्किल है। श्री हृदय बताते हैं कि मोबाइल गेम खेलने के दौरान यदि बच्चा अपना आईडी और पासवर्ड डिलिट या चेंज नहीं करता है तो, ऐसे मामलों में पैसे की रिकवरी की गुंजाइश बनी रहती है।
    अभिभावक की जरा सी लापरवाही पर रही है भारी
    आदित्य हृदय बताते हैं कि फ्री फायर जैसे गेम प्ले स्टोर पर नहीं दिख रहे हैं, लेकिन इसकी जगह गरीना फ्री फायर मैक्स आसानी से प्ले स्टोर से अपलोड हो जाते हैं। दोनों में थोड़ी सी ग्राफिक्स की ही अंतर है, लेकिन दोनों का सिस्टम कमोबेश समान है। वे कहते हैं कि यदि अभिभावक बच्चे को मोबाइल देतें हैं तो उस मोबाइल से बैंक एकाउंट को अटैच नहीं रखें। यदि एक ही मोबाइल से गार्जियन और बच्चा दोनों काम करता है, तो ऐसे में एकाउंट पर लगातार नजर रखना चाहिए।
    श्री हृदय कहते हैं कि मोबाइल गेम में एक बार में मोटी रकम नहीं कटती है। फ्री फायर जैसे खेल में एकबार में अधिकतम चार हजार रुपये ही कटते हैं। ऐसे में यदि एकाउंट पर नजर रखा जाए, तो उससे अभिभावक को तुरंत पता चल सकता है। लेकिन कई बार अभिभावक लापरवाह रहते हैं, ऐसे में उनको मोटी चपत लग जाती है।

  • सिमडेगा जिला पुलिस को नशे के सौदागरों के विरूद्ध एक बार फिर मिली एक बड़ी कामयाबी

    सिमडेगा। जिला-स्तरीय वाहन चेकिंग के दौरान दो शातिर अन्तर्राष्ट्रीय गाँजा तस्करों को ठेठईटांगर थाना पुलिस टीम ने 149 किलो 400 ग्राम गाँजा की खेप को कमाण्डर जीप में छुपाकर उडीशा से झारखण्ड-बिहार के रास्ते नेपाल ले जाते धर-दबोचा:
    ठेठईटांगर थाना क्षेत्र के एन0एच0-143 पर बोलबा मोड़ के पास जिला-स्तरीय वाहन चेकिंग के दौरान इस सूचना पर कि उडीशा की ओर से कमाण्डर जीप में भारी मात्रा में गाँजा झारखण्ड-बिहार के रास्ते नेपाल ले जाया जा रहा है, ठेठईटांगर थाना प्रभारी के नेतृत्व में वाहन जाँच के दौरान एक खाकी रंग की कमाण्डर जीप, रजिस्ट्रेशन नम्बर: उॠ-07ेऊ/9063 वहाँ पहुँची, जिसे रूकने का इशारा किया गया तो वाहन के चालक एवं वाहन में बैठा एक अन्य व्यक्ति जीप को रोक कर भागने लगा। परन्तु सतर्क एवं सजग ठेठईटांगर थाना पुलिस टीम ने खदेड़कर दोनों को धर-दबोचा। पूछ-ताछ करने पर पकड़ाये व्यक्ति ने अपना-अपना नाम क्रमश: बिहार राज्य निवासी (1) चालक राकेश पासवान एवं (2) दीपक सिंह बताया। गहन पूछ-ताछ करने पर यह भी बताया गया कि कमाण्डर जीप में गाँजा लोड है, जिसे उडीशा से झारखण्ड-बिहार के रास्ते नेपाल ले जाया जा रहा है। तलाशी के दौरान कमाण्डर जीप से 30-पैकेट प्लास्टिक रेपर में सुरक्षित रखा गाँजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन-149 किलो 400 ग्राम पाया गया हे। अर्न्राष्ट्रीय बाजारों में इसका अनुमानित मूल्य करीब 75 लाख रुपए बताया जा रहा है। दोनों शातिर गाँजा तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है। इस सम्बंध में ठेठईटांगर थाना काण्ड संख्या- 13/2022, दिनांक-14.02.2022, धारा-414/34 भा0द0वि0 एवं 20/22/27 (ए0) एन0डी0पी0एस0 ऐक्ट अंकित किया गया है। गिरफ्तार गाँजा तस्कर की अपराधिक कुण्डली पुलिस टीम द्वारा खंगाली जा रही है।
    ठेठईटांगर थाना प्रभारी सहित उनकी पुलिस टीम को इस विशेष उपलब्धि के लिये एक अच्छी नगद राशि से पुरस्कृत किया जा रहा है।
    सिमडेगा जिला पुलिस ने सिमडेगा से सटे सीमावर्ती राज्यों क्रमश: उडीशा एवं छत्तिसगढ़ की ओर से सिमडेगा जिला क्षेत्र होते छुप-छुपाकर झारखण्ड एवं बिहार राज्यों से होते गाँजा की खेप नेपाल ले जाते विभिन्न थाना एवं ओ0पी0 पुलिस टीम की लगातार तत्परतापूर्ण कारगर पुलिसिया कार्रवाई से विगत 12-माह में कुल-1980 किलो 150 ग्राम गाँजा के साथ कुल-31 शातिर गाँजा तस्करों को धर-दबोचा है, जिसमें कुल-14 वाहन भी जप्त किए जा चुके हैं, जो सिमडेगा जिला पुलिस का एक कीर्तिमान है।
    सिमडेगा पुलिस टीम ने नि:संदेह यह प्रमाणित कर दिया है कि समाज में नशे का जहर घोलने वाले गाँजा तस्कर कितने भी शातिर क्यों न हो, सिमडेगा जिला क्षेत्र से गुजरेंगे तो उनका बच निकलना मुहाल है।
    गिरफ्तारी:
    (1) दीपक सिंह (उम्र करीब 20 वर्ष), पे0-स्व0 शिवचन्द्र सिंह,
    (2) राकेश पासवान (उम्र करीब 25 वर्ष), पे0-मुन्द्रिका पासवान, दोनों सा0-कुलहरिया मस्जिद के पास, थाना-कोईलवर, जिला-भोजपुर (बिहार)

  • सड़क निर्माण में लगे रोलर मशीन में अपराधियों ने लगा दी आग

    गढ़वा। रमकंडा थाना क्षेत्र के मंगराही गांव में सड़क निर्माण कार्य में लगे रोड रोलर को जला दिया गया। बताया जा रहा है कि मंगरही स्कूल से बेलवादामर तक सड़क निर्माण का काम चल रहा है। सोमवार की रात दो अपराधी पहुंचे और रोलर मशीन को आग के हवाले कर दिया गया। पिछले एक हफ्ते से यह मशीन बेलवादामर पुल पर खड़ी थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद रमकंडा थाना प्रभारी शिवलाल गुप्ता ने दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जानकारी ली। अब तक की पड़ताल में पता चला है कि दो अपराधी बाइक से आए थे। मशीन के ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगाई गई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि वारदात को इलाके में सक्रिय नक्सली संगठन अथवा किसी आपराधिक गिरोह ने अंजाम दिया है। राज्य संपोषित योजना के तहत करीब दो करोड़ की लागत से इस सड़क निर्माण का कार्य कराया जा रहा है। पिछले दो महीनों से काम चल रहा है। इसी योजना में बचे हुए कार्यों को पूरा करने के पुल के किनारे रोलर को खड़ा किया गया था। स्थानीय लोगों की ओर से आशंका जताई जा रही है कि इसके पीछे कोई नया उग्रवादी संगठन हो सकता है। घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

  • शादी समारोह में मारपीट एक का टूटा पैर

    सराती समेत 9 घायल,खाना फेका किया तोड़ फोड़
    रांची। नरकोपी थाना के चनकोपी में बीते दिनों आदिवासी समाज के शादी समारोह में नशे की हालत में घुस कर गांव के ही अशोक साहु ने अपने साथियों के साथ मिल कर जम कर हंगामा मचाया और समारोह में मेहमानों के लिए बने खाना और प्लेट वगैरह को फेक दिया, उसके बाद उसके साथियों ने लाठी से सुकरा उरांव के कई रिश्तेदारों की पीटाई कर दी जिससे पंकज उरांव का पैर टूट गया।
    घटना के बाद सूचना पर पहुंची नरकोपी थाना की पुलिस ने कार्यक्रम स्थल पर उपद्रव मचा रहे लोगोें को वहां से भगा कर मामले को शांत कराया।
    इस संबंध में भुक्त भागी सुकरा उरांव ने अशोक साहू समेत आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। दर्ज कराये प्राथमिकी में सुकरा उरांव ने बताया है कि उनके भतिजे की शादी के उपलक्ष में12 फरवरी की रात में चुमावन व शरात का कार्यक्रम चल रहा था उसी दौरान रात नौ बजे अशोक साहु अपने कई दोस्तो के साथ लाठी डंडे के साथ वहां पहुंच गया और समारोह में हंगामा और मारपीट कर एक का पैर तोड़ दिया वहीं अन्य आठ घायल हो गये। गंभीर रुप से घायलों में पंकज उरांव का पैर टूट गया,जबकी संजीत उरांव महावीर उरांव बसंती उरांव नेपाल उरांव सोहराई उरांव बंधन उरांव व रोजा उरांव समेत कई लोग घायल हो गये।
    पुलिस ने आरोपी को थाने से छोड़ा, हंगामें के बाद पकड़ा—
    भुक्त भोगी परिजन व मुखियाा ने आरोप लगाया है कि मारपीट के अरोप में पुलिस ने रात में ही आरोपी अशोक साहु को गिरफ्तार कर ली थी लेकिन बाद में उससे पैसे ले कर छोड़ दिया गया। इसकी जानकारी मिलने के बाद मुखिया अनिता देवी अपने कई सर्मथकों के साथ थाना पहुंच कर जम कर हंगामा किया उसके बाद पुलिस पुन: आरोपी को गिरफ्तार कर ली। अनिता देवी ने बताया कि पुलिस आरोपी से पैसा ले कर उसे छोड़ दी लेकिन ग्रामीणों के विरोध के बाद उसे दोबारा गिरफ्तार किया गया।

  • पूर्व छात्र अध्यक्ष सौरभ तिवारी ने किया सुसाईड


    पे्रम प्रसंग का मामला, पुलिस जुटी तफ्तीश में
    रांची। जेएन कॉलेज का पूर्व छात्र अध्यक्ष 22 वर्षीय सौरभ तिवारी ने बीती रात सेक्टर टू स्थित जवाहर स्कूल के नजदीक अपने आवास में सुसाईड कर लिया। मामले की जानकारी मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह सदलबल मौके पर पहुंच कर मामले का जायजा लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि सौरभ जेएन कॉलेज धुर्वा का पूर्व अध्यक्ष था,उन्होंने बताया कि उसके सुसाईड करने के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला सामने आ रहा है, लेकिन उसके अलावा भी मामले में परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

  • ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार 3 युवकों की मौत, तीनों फुटबॉल खिलाड़ी थे

    सरायकेला। दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 3 युवकों की मौत हो गई। घटना सरायकेला-टाटा मार्ग पर कोलाबीरा के पास हुई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना में मरने वाले तीनों युवक फुटबॉल खिलाड़ी थे। वह टूनार्मेंट में फुटबॉल मैच खेलने के बाद के बाद एक ही बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब सात बजे 10 चक्का ट्रक ने युवकों की बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें कोलाबीरा के केंदुडीह निवासी 28 वर्षीय जीतराय टुडू, राजनगर के टिंकु टुडू व बिकानी के लेदम सोरेन की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बनी गई। थाना प्रभारी मनोहर कुमार ने सहकर्मियों के साथ करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आवागमन सामान्य कराया। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना दर्दनाक रहा कि युवकों के शव क्षत-विक्षत हो गए थे।

  • नौडीहा में झाड़ियों के बीच लटका मिला शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका

    पलामू। नौडीहा में एक युवक का शव झाड़ियों के बीच फंदे से लटका मिला। ग्रामीणों ने बताया कि पत्थर माइंस के पास सुनसान झाड़ियों के बीच एक पेड़ पर युवक का शव लटकता हुआ देखा गया। युवक की पहचान खरडीहा गांव के गोरया टोला का निवासी बबन भुईयां के रूप में की गई है। युवक की उम्र करीब 35 वर्ष थी। सूचना मिलने के बाद नौडीहा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से शव को पेड़ से नीचे उतार कर पोस्टमार्टम के लिए मेदनीनगर भेज दिया। युवक के परिजन घटना स्थल में पहुंचे। परिजनों ने युवक की हत्या का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की। पीड़ित परिवार का दावा है कि जमीन विवाद में घटना को अंजाम दिया गया है। मृतक के शरीर के कुछ हिस्सों में चोट के निशान हैं। मृतक के पिता सीता भुईयां ने बताया कि मंगलवार को बबन अपने ससुराल गया था। इसके बाद वह अपनी पत्नी के साथ मंझौली आाया था। गुरुवार को रात आठ बजे बेटे से बात हुई थी। इसके बाद से उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार ने युवक की तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिली। पिता ने बताया कि युवक का अपनी पत्नी के साथ भी अक्सर विवाद होता था। थाना प्रभारी रंजीत प्रसाद यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चल सकता है।

  • बरही में शांति भंग करने वालों के खिलाफ पुलिस करेगी कड़ी कार्रवाई : एसपी

    लगाए गए धारा 144 का उल्लंधन करने वालों पर पुलिस रख रही है पैनी नजर

    हजारीबाग। बरही अनुमंडल में सरस्वती पूजा के विसर्जन के दिन दो गुटों के बीच झड़प में रूपेश पांडेय की संदेहास्पद मौत हो गई थी। इसके बाद जिले में तनाव की स्थिति को देखते हुए धारा 144 लागू कर दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कोई भी व्यक्ति अगर आपसी सौहार्द और शांति भंग करने की कोशिश करेगा तो जिला प्रशासन कार्रवाई करते हुए सख्त से सख्त कदम उठाएगी। डीसी आदित्य कुमार आनंद और एसपी मनोज रतन चौथे ने लोगों से बरही में शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे और उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद ने दो टूक शब्दों में कहा कि बरही की शांति व सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त करवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि रूपेश हत्याकांड, आगजनी एवं वाहन तोड़फोड़ के मामले में पुलिस के द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। अब तक पांच लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस मामले पर सूक्ष्मता के साथ जांच कर रही है। मामले में किसी भी प्रकार का पक्षपात न हो इसके लिए एसडीओ बरही के नेतृत्व में एसआईटी टीम गठित की गई है। जिसके पर्यवेक्षक एसडीपीओ बड़कागांव अमित कुमार सिंह बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि सभी दोषियों के ऊपर स्पीडी ट्रायल के माध्यम से कार्यवाही की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बरही में धारा 144 लागू है। बावजूद इसका उल्लंघन कर कानून को हाथ में लिया गया है। छोटी मोटी घटनाओं को तूल देकर बरही की शांति भंग की जा रही है। एसपी ने कहा कि रविवार की घटना में शामिल लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नईटांड़ की घटना अब तक मॉब लिंचिंग को स्पष्ट नही कर रहा है। जांच के दौरान हत्या में 4 से 5 लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है। जिनकी गिरफ्तारी की जा चुकी है।

  • गोमिया दनिया स्टेशन के बीच जोरदार धमाका, एतिहातन ट्रेनें रोकी गई

    बेरमो। गोमो बरकाकाना रेलखंड के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र डुमरी बिहार और दनिया स्टेशन के बीच गुड्स ट्रेन के चालक को जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। जिसकी सूचना रेल आधिकारियों को दी गयी। उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र होने के कारण धनबाद रेल मंडल के गोमो बरकाकाना के बीच चलने वाली सभी तरह की पैसेंजर ट्रेनें और सवारी गाड़ियों को रोक दिया गया है। इस संबंध में गोमिया जीआरपी के सब इंस्पेक्टर महेश्वर महतो ने बताया कि गोमिया और डुमरी बिहार स्टेशन के बीच जोरदार विस्फोट की सूचना मिली है। लेकिन क्षति होने की बात अभी सामने नहीं आयी है। आरपीएफ के पुलिस पदाधिकरी और स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर सुबह पहुंच कर जायजा लिया। सुबह तक गोमिया स्टेशन पर सवारी गाड़ी एहतियातन रूका रहा। घटना के संबंध में जानकारी के अनुसार रविवार की रात लगभग साढ़े आठ बजे गोमिया-दनिया रेलवे लाइन में डाउन लाइन गुड्स ट्रेन के एक चालक के द्वारा एक जोरदार धमाके की आवाज दनिया स्टेशन एवं डुमरी स्टेशन के बीच पोल संख्या 62-64 के आसपास सुनाई देने की सूचना मिली। जिसे रेलवे अधिकारियों की दी गयी। उक्त सूचना के बाद किसी प्रकार की अनहोनी की आशंका से ट्रेन नंबर 5355 आसनसोल-बड़काकाना को गोमिया स्टेशन में ही रोक दिया गया है। उक्त लोकल ट्रेन सुबह तक स्टेशन पर ही खड़ी रही। सुबह तक कहीं से किसी तरह की अप्रिय घटना की सूचना की पुष्टि नहीं हुई है।

  • खजाना के लिए तंत्र-मंत्र के बाद नरबलि की आशंका पर भड़के ग्रामीण, ओझा की पिटाई

    गोड्डा। एक घर के मालिक को कही से पता चल कि उसके घर में नीचे जमीन में खजाना गड़ा है। वह खजाने को हासिल करने के लिए तरह-तरह का उपाय करने लगा। इसी क्रम में एक ओझा को बुलाकर घर के अंदर तंत्र-मंत्र साधना करा रहा था। अलौकिक शक्तियां जगाई जा रही थी ताकि पता चल सके कि किस स्थान पर खजाना है। खजाना की बात और तंत्र-मंत्र साधना की बात पूरे गांव में फैल गई। यहां तक तो ठीक था। लेकिन जैसे ही तंत्र-मंत्र साधना के दौरान नरबलि की बात ग्रामीणों तक पहुंची वह भड़क गए। हमला कर दिया। ओझा और यजमान की जमकर पिटाई की। पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के लाठीबाड़ी गांव में रविवार की रात राधा दत्ता के घर में तंत्र-मंत्र साधना चल रही थी। इसी बीच नरबलि की अफवाह फैल गई। ग्रामीणों ने दत्ता के घर पर हमला कर दिया। यज्ञ करा रहे पुजारी की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव के क्रम में यजमान राधा दत्ता भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए। दरअसल घर के लोगों को आशंका थी कि जमीन के अंदर धन गड़ा है। इसलिए बाहर से ओझा बुला कर पूजा करा रहे थे। इसी बीच किसी ने अफवाह उड़ा दी कि वहां तीन लोगों को नरबलि दी जाएगी। सदर एसडीपीओ आनंद मोहन सिंह ने बताया कि दो व्यक्ति घायल हुए हैं। अफवाह फैलने के कारण ऐसा हुआ। गांव के कुछ चिन्हित लोगों को थाना बुलाकर पुलिस पूछताछ की जा रही है।

  • ससुराल से गायब होकर प्रेमी के साथ रह रही थी विवाहिता बरामद

    विवाहिता की मां ने पति व ससुराल वालों पर गायब करने का किया था केस

    गढ़वा। 30 जनवरी कोे ससुराल से गायब होने के बाद अपनी प्रेमी के संग रह रही विवाहिता को पुलिस ने नगवा मोहल्ला से बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बरडीहा थाना क्षेत्र के लोका गांव के नंदन पासवान की पत्नी प्रीति देवी 30 जनवरी को अपने प्रेमी कंचन ठाकुर के साथ घर से फरार हो गई थी। घर से अचानक गायब होने के कारण उसके ससुराल एवं मायके वाले परेशान हो गए थे। प्रीति की मां ने बरडीहा थाना में ससुराल वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जिसमें आरोप लगाया था कि उसकी बेटी को ससुराल वालों ने गायब कर दिया है। ससुराल वालों ने भी एसपी को आवेदन देकर प्रीति के गायब होने की जानकारी दी थी। जबकि ससुराल से गायब प्रिति कुमारी अपने प्रेमी कंचन ठाकुर के साथ नगवा मोहल्ला में किराए के एक मकान में बड़े मजे से रह रही थी। जहां उसका प्रेमी कंचन ठाकुर दिनभर साथ होता था और रात में घर वापस चला जाता था। वे कहीं दूर जाकर अपना घर बसाने की योजना भी बना रहे थे। बड़ी मशक्कत के बाद पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध जोड़ा नगवा मोहल्ला में रह रहा है। जिनकी एक्टिविटी ठीक नहीं है। पुलिस ने वहां छापेमारी कर प्रीति को बरामद कर लिया। पुलिस की पूछताछ में प्रीति ने कंचन के साथ प्रेम की कथा को रख दिया और अपनी इच्छा से घर से भागने की बात स्वीकार की। अपने प्रेम प्रसंग के दौरान किए गए वादे को पूरा करने के लिए वह अपने ससुराल से भाग गई थी और अपनी सारी जिंदगी कंचन ठाकुर के साथ बिताना चाहती थी।

  • अपराधियों ने एक युवक को मारी गोली

    राँची। कांके थाना क्षेत्र के प्रेम नगर में शनिवार को अपराधियों ने एक युवक को गोली मार दी। जिससे युवक घायल हो गया है। स्थानीय लोगों ने घायल को आनन फानन में इलाज के लिए रिम्स पहुंचाया । वही पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच कर रही है।

  • धुर्वा सेक्टर 3 से शव बरामद

    रांची। धुर्वा थाना पुलिस आज सुबह गोल चक्कर के नजदीक से एक व्यक्ति का शव बरामद किया, बाद में उसकी पहचान सेक्टर 3बी 174 में रहने वाले प्रभूनाथ प्रसाद के रुप में की गयी। पुलिस के मुताबिक प्रभूनाथ आज सुबह किसी काम से कहीं जा रहे थे उसी दौरान संभवत: उन्हें हार्ट की समस्या हुई जिससे वह गिर गये। समय पर किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी जिससे उन्हें ईलाज के लिए कोई नहीं ले गया,जिससे सड़क पर ही उनकी मृत्यू हो गयी। धुर्वा थाना पुलिस परिजनों को सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।

  • सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन के दौरान झड़प के बाद चार जिलों में इंटरनेट सेवा बंद

    कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और चतरा में रविवार देर रात से बंद की गई सेवा

    हजारीबाग। कोडरमा, हजारीबाग, गिरिडीह और चतरा में इंटरनेट सेवा बंद है। बताया जा रहा है कि रविवार को सरस्वती प्रतिमा के विसर्जन जुलूस के दौरान 3 जिलों में दो पक्षों के बीच झड़प हुईं थी। लिहाजा अफवाहों को रोकने के लिए जिला प्रशासन के अनुरोध पर इंटरनेट सेवाओं को रविवार देर रात बंद कर दिया गया। इन जिलों में रहने वाले कुछ उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर पर इस बारे में मैसेज भेजा गया है। इसमें कहा गया कि सरकार के निर्देशानुसार आपके क्षेत्र में इंटरनेट सेवाएं अगली सूचना आने तक बंद कर दी गई हैं। इंटरनेट बाधित होने के संबंध में पूछे जाने पर झारखंड पुलिस मुख्यालय की ओर से बताया गया कि इस बारे में फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी जा सकती। प्रदेश के किन-किन जिलों में सेवाएं रोकी गई हैं। इसकी आधिकारिक पुष्टि भी पुलिस मुख्यालय की ओर से नहीं की गई। झारखंड पुलिस के आईजी आॅपरेशन अमोल होमकर वेणुकांत ने कहा कि इस बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी जा सकती। बताया जा रहा है कि कोडरमा, हजारीबाग और गिरिडीह में अलग-अलग गुटों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने तत्काल प्रभावित इलाकों में हालात को नियंत्रित कर लिया। बताया जाता है कि हजारीबाग के बरही लखना दुलमहा में दो समुदाय से जुड़े युवकों के बीच मारपीट हो गई। इसमें पिपरघोघर (नई टांड) निवासी 17 वर्षीय रूपेश कुमार पिता सिकन्दर पांडेय की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, प्रतिमा विसर्जन में रूपेश कुमार जा रहा था। लखना दुलमहा इमामबाड़ा के पास किसी बात को लेकर एक समुदाय विशेष के युवकों के साथ कहा सुनी हो गई। उसके बाद एक समुदाय विशेष के लोगों ने युवक के साथ मारपीट की। वह बेहोश हो गया। उसी समय विसर्जन में जा रहे एक अन्य युवक ने उसको बेहोश हालत में देख बरही अनुमंडलीय अस्पताल ले आया। जहां मृत घोषित किया गया।

    हालांकि, किस कारण से मारपीट हुई है, इसकी पुख्ता जानकारी नहीं दी जा रही है। जैसे ही युवक की मौत की सूचना मिली। सैकड़ों लोग दुलमहा, लखना की ओर जाने लगे। गुस्साए लोगों ने एक समुदाय विशेष के घर में एवं एक वाहन में आग लगा दी। मौके पर एसडीपीओ और थाना प्रभारी कैंप किए हुए हैं। माहौल तनावपूर्ण, लेकिन नियंत्रण में है।

  • होटल पिकनिक में गमछी से गला घोंट कर आॅटो चालक की अपराधियों ने कर दी हत्या

    डीजीपी के सख्त आदेश के बावजूद अपराध में तेजी
    रांची। कांटाटोली स्थित होटल पिकनिक के कमरे में एक युवक की हत्या कर दी गयी। मृत युवक की पहचान मौलाना आजाद कॉलोनी रोड नम्बर 8 के रहने वाले मो नासिर के रुप में की गयी है। हत्यारों ने नासिर की हत्या एक गमछी से गला घोंट कर की है।
    आज सुबह जानकारी मिलने के बाद लोअर बाजार ओपी पुलिस घटना स्थल से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेजने के बाद मामले की तफ्तीश कर रही है। मृतक नासिर कांटाटोली चौक से पेट्रोल आॅटो चलाता था।
    खादगढ़ा ओपी के एएसआई मंटू सिंह से मिली जानकारी के मुताबिक कल सुबह सात बजे ही दो युवक ों ने खादगढ़ा गेट के सामने स्थित होटल पिकनिक में एक कमरा बुक कर ठहरे हुए थे। उसके बाद 11 बजें दोनों ने नासिर को भी वहां बुला लिया । होटल में दोनों पक्षों के बीच किसी बात को ले कर नोंक झोंक हुई,और फिर गमछी से उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी गयी। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी शाम पांच बजे होटल के कमरे में ताला लगा कर चाबी होटल के मैनेजर को थमा कर निकल गये। उनके जाने के बाद कमरे को कोई नहीं खोला, आज सुबह जब होटल के सफाई कर्मी कमरे को खोला तो वहां युवक की लाश पड़ी मिली।
    पुलिस के मुताबिक नासिर की हत्या पुरी योजना के तहत की गयी है। पुलिस ने बताया कि नासिर के पास चोरी का मोबाईल थी, जिसे हासिल करने के लिए आरोपियों के साथ उसका झगड़ा हुआ और उसकी हत्या कर दी गयी।
    फर्जी आईडी दिखा कर लिया था कमरा—
    इधर घटना के बाद होटल संचालक व मैनेजर ने के मुताबिक जिस वक्त दोनों लड़के होटल में आये थे, उस वक्त मुफ्फरपुर के किसी स्कूल का गौरव के नाम के युवक का आईडी दिखाया था,लेकिन जाने के वक्त युवकों ने रजिस्टर में लिखे गौरव नाम को मिटा कर बादशाह लिख कर निकल गये। घटना को अंजाम को अंजाम देने वाले युवकों की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है जिसके आधार पर पुलिस हत्यारों की पहचान में जुट गयी है। सीसीटीवी कैमरे की तस्वीर के मुताबिक दोनों युवक सात बजे होटल में घुसे थे कुछ देर बाद दोनों बाहर निकले और कुछ देर बाद आॅटो चालक नासिर के साथ होटल पहुंचे उसमें से एक लड़का कुछ सामान ले कर होटल के उपर गया और दूसरा युवक आॅटो में बैठ कर कांटाटोली की ओर चला गया और आॅटो कहीं छोड़ कर 11 बज कर 2 मिनट में आॅटो चालक उस लड़के के साथ होटल के कमरे में गया था।
    इस प्रकार जिस अंदाज में मृतक व हत्यारों की तस्वीर आई है उससे यह साफ है कि दोनों पक्ष एक दूसरे को बहुत ही करीब से जानते थे इस लिए बार बार आना जाना किया गया।
    पुलिस तस्वीरों का जायजा लेने के बाद आगे की कार्रवाई में जुट गयी है। पुलिस ने कहा कि आरोपियों की पहचान कर ली गयी है बहुत जल्द मामले का खुलासा पुलिस कर लेगी।

  • हथियारबंद अपराधियों ने तालाब निर्माण में लगे 4 वाहनों में लगाई आग

    बुढ़मू थाना क्षेत्र के सड़ाम गांव में 6 युवकों ने घटना को दिया अंजाम
    पुलिस को टीपीसी के उग्रवादियों का हाथ होने की आशंका, चल रहा है सर्च अभियान

    रांची। बुढ़मू के सड़ाम गांव में तालाब निर्माण कार्य में लगे चार वाहनों को अपराधियों ने आग लगाकर फूंक डाला। हथियारबंद अपराधियों ने गुरुवार की देर रात इस वारदात को अंजाम दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि टीपीसी के उग्रवादियों के द्वारा इस आगजनी की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। लेकिन किसी भी उग्रवादी संगठन द्वारा पर्चा नहीं छोड़े जाने के कारण घटना के पीछे कौन है, यह स्पष्ट नहीं हो पाई है। मिली जानकारी के अनुसार तालाब निर्माण का करा रहे ठेकेदार मनोज कुमार साहू को कुछ दिन पूर्व धमकी मिली थी। जिसकी शिकायत ठेकेदार ने पुलिस से किया था। घटना के संबंध में बताया गया कि गुरुवार की देर रात 5 से 6 की संख्या में हथियार से लैस युवक सड़ाम गांव पहुंचे। आते ही उन्होंने कंस्ट्रक्शन कंपनी के स्टाफ और मुंशी को हथियार के बल पर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद कुछ स्टाफ की डंडे से पिटाई करने लगे। पिटाई करने के बाद मौके पर मौजूद कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी से उग्रवादियों ने डीजल मांगा। फिर उसी डीजल को तालाब निर्माण में लगे चार वाहनों में डाला। जिसके बाद आग लगा दी जिनमें हाईवा और पोकलेन शामिल है। कंस्ट्रक्शन कंपनी के कर्मचारियों ने बताया कि सभी हथियारबंद युवक पैदल ही आए थे। आगजनी के बाद उन्होंने सबको गोली मारने की धमकी दी और फिर वहां से सभी चले गए।
    टेंडर नहीं डालने की मनोज को मिली थी धमकी
    बुढ़मू के सड़ाम गांव में सांसद प्रतिनिधि मनोज साव के द्वारा तालाब और छठ घाट का निर्माण किया जा रहा था। टेंडर निकलने से पहले ही टीपीसी उग्रवादियों के द्वारा मनोज को यह धमकी दी गई थी कि वे टेंडर नहीं डालें। इस मामले को लेकर थाने में मनोज के द्वारा प्राथमिकी भी दर्ज करवाई गई थी। मिली जानकारी के अनुसार तालाब निर्माण में चल रहे कार्य को लेकर तीन दिनों से मनोज के मुंशी को धमकी भी दी जा रही थी।

    घटना की जानकारी मिलने के बाद रांची पुलिस द्वारा उग्रवादियों की धरपकड़ के लिए आज सुबह से अभियान चलाया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक इस मामले में पुलिस को कोई कामयाबी हाथ नहीं लगी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस घटना में कहीं स्थानीय अपराधियों का तो हाथ नहीं है। पुलिस टीपीसी के द्वारा मिली धमकी को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।