रूपा तिर्की मामले में सीबीआइ ने स्टेट बैंक मुख्य शाखा में की पूछताछ

साहिबगंज। साहिबगंज महिला थाना प्रभारी दिवंगत रूपा तिर्की की मौत की जांच कर रही सीबीआइ ने अपनी जांच की दिशा बदल दी है। हाईकोर्ट ने सीबीआइ को हत्या व आत्महत्या दोनों एंगल पर जांच करने का निर्देश दिया था। ऐसे में आत्महत्या के एंगल पर जांच करीब-करीब पूरी हो चुकी है। अब हत्या के विभिन्न एंगल पर भी जांच की जा रही है। दोनों जांच पूर्ण हो जाने के बाद उसकी रिपोर्ट सामने रखकर मामले में निष्कर्ष निकाला जाएगा। हालांकि, इसमें फारेंसिक रिपोर्ट की सबसे अहम भूमिका होगी। बताया जाता है कि अपनी जांच के क्रम में सीबीआइ स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पहुंची और कुछ लोगों का बैंक स्टेटमेंट लिया। हालांकि, यह बैंक स्टेटमेंट किसका था यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। जांच टीम के एक सदस्य दोपहर करीब दो बजे मुख्य शाखा पहुंचे और वहां करीब आधा घंटा तक रहे। स्टेटमेंट लेकर वहां से लौटे। सीबीआइ इंस्पेक्टर जीके अंशु दिनभर कैंप कार्यालय में ही रहे। मोबाइल से कुछ लोगों से मामले में संबंध में जानकारी ली।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top