चतरा में पांच इनामी नक्सलियों के मुठभेड़ में मारे जाने के विरोध में भाकपा माओवादी संगठन ने दो दिवसीय बिहार झारखंड बंद का आह्वान किया है. पूर्वी बिहार पूर्वोत्तर झारखंड स्पेशल एरिया कमेटी भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के प्रवक्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर 20-21 अप्रैल 2023 को 48 घंटे का बिहार-झारखंड बंद की घोषणा की है. जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि 3 अप्रैल 2023 को झारखंड राज्य के पलामू चतरा बोर्डर क्षेत्र के लावालौंग थाना अंतर्गत गरहे जंगल में हमारे पांच साथियों की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गयी. इस तरह कायरतापूर्ण ढंग से की गयी हत्या का हमारी पार्टी कड़ी निंदा और भर्त्सना करती है. हमारे नेतृत्वकारी साथियों की शहादत होने से बिहार-झारखंड की क्रांतिकारी आंदोलन को बहुत बड़ा झटका लगा है. हमारे इन पांच साथियों की शहादत होना पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति है. इसे तुरंत भरपाई कर पाना असंभव है. शोषित-उत्पीड़ित व मेहनतकश जनता के लिए अपनी प्राणों को आहूति देने वाले सभी वीर शहीदों की हम शीश झुकाकर नमन करते हैं. साथ ही उनके अधूरे कार्यों को साकार करने का संकल्प लेते हैं. हम उनके शोक संतप्त परिजनों के दुःख की घड़ी में हर समय उनके साथ खड़े रहेंगे.