रांची। कोरोना संक्रमितों के इलाज के लिए की जा रही तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी आज सदर अस्पताल पहुंचे। इस समय सदर अस्पताल में 18 कोविड मरीज भर्ती हैं। डीसी छवि रजंन ने सदर अस्पताल में व्यवस्था का जायजा लिया। अस्पताल के गेट से लेकर बिल्डिंग के गेट तक खराब रास्ते पर उन्होंने जूनियर इंजीनियर को फटकार लगायी। रास्ते और नाली के बीच के लेवलिंग में लगभग 4 फुट का अंतर है। इसके लिए उन्होंने जूनियर इंजीनियर को फटकार लगायी। जगह-जगह पर पड़ी गंदगी को लेकर डीसी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने फायर फाइटर के लिए लगाए गए पाइपों का जायजा लिया। पाइप अव्यवस्थित ढंग से लगाए जाने पर भी जोरदार फटकार लगाई। अस्पताल में बेड की व्यवस्था और सुविधा का जायजा डीसी ने लिया। सिविल सर्जन सहित अन्य अधिकारियों को उन्होंने पूरे अस्पताल को कोविड हॉस्पिटल बनाने का निर्देश दिया। निर्देश देते हुए डीसी ने कहा कि दो बेड वाले रूम में भी जगह को देखते हुए 3 बेड लगाएं। भले ही वे खाली हों पर लोगों को कमी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने इन जगहों पर जरूरत के अनुसार मेडिकल स्टाफ और सफाई कर्मियों की भी नियुक्ति के लिए निर्देश दिया।