जमशेदपुर : झारखंड के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित होने जा रही हैं। राज्य के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग ने प्रदेश में पर्यटन क्षेत्रों के विकास के लिए टूरिज्म कॉरिडोर बनाने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत झारखंड में पर्यटकों के लिए आकर्षक टूर पैकेज उपलब्ध कराए जाएंगे।
विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के आदेश पर विभाग के अधिकारी इस महत्वाकांक्षी योजना को साकार करने में जुट गए हैं। योजना को लागू करने के लिए अधिकारी विभिन्न प्रमंडलों का दौरा कर रहे हैं। इस दौरान सरकार द्वारा चिन्हित पर्यटन स्थलों के आसपास विकास की नई संभावनाओं की पहचान की जा रही है। साथ ही, पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए नई सुविधाओं के विकास के लिए भूमि की उपलब्धता की जांच की जा रही है।
विभागीय सचिव मुकेश कुमार ने हाल ही में सरायकेला-खरसावां जिले के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ चांडिल डैम सहित कई पर्यटन स्थलों का निरीक्षण किया। इस दौरान चांडिल से दलमा तक पर्यटन की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके बाद, सचिव ने जमशेदपुर पहुंचकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त राजीव रंजन के साथ पर्यटन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। पर्यटन विभाग वन विभाग के सहयोग से एक विस्तृत योजना तैयार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इससे पहले, विभागीय टीम ने हजारीबाग जिले का दौरा भी किया था।
मनोरंजन के संसाधनों पर भी ध्यान
झारखंड के विभिन्न पर्यटन स्थलों के लिए विभाग की कई योजनाएं हैं। विभाग का लक्ष्य है कि झारखंड में आने वाले पर्यटक अधिक समय तक राज्य में रुकें। इसके लिए कई स्थानों पर बुनियादी सुविधाओं को बढ़ाने के साथ-साथ मनोरंजन के सभी संभावित संसाधनों को सुनिश्चित करने पर ध्यान दिया जाएगा।
इसके अलावा, आसपास के पर्यटन स्थलों को आपस में जोड़ने पर भी चर्चा की जा रही है। जैसे यदि कोई पर्यटक चांडिल डैम देखने आता है, तो उसे दलमा की प्राकृतिक सुंदरता का भी अनुभव हो सके। इसके लिए दोनों स्थानों के बीच सभी संभावित संपर्क विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। साथ ही, सभी पर्यटन स्थलों पर झारखंड की कला और संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी।