नक्सली अभियान में शामिल जवानों से मिलने डीजीपी पहुंचे चतरा, किया सम्मानित
चतरा। जिला के सीमावर्ती क्षेत्र लावालौंग में हुए पुलिस नक्सली मुठभेड़ के बाद डीजीपी अजय कुमार सिंह अभियान में शामिल जवानों का हौसला बढ़ाने के लिये आज चतरा पहुंचे। डीजीपी अधिकारियों संग आज दोपहर को नक्सलियों के गढ़ लावालौंग पहुंचे। मौके पर सीआरपीएफ के एडीजी वितुल कुमार, एडीजी अभियान संजय आनंद राव लाटकर और आईजी अभियान एवी होमकर समेत अन्य वरीय अधिकारी भी मौजूद हैं। चतरा पहुंचे डीआइजी नरेंद्र सिंह, सीआरपीएफ के डीआईजी डीके चौधरी, एसपी राकेश रंजन, 190 बटालियन के कमांडेंट मनोज कुमार समेत जिले भर के पुलिस और पारा मिलिट्री फोर्सेस के अधिकारियों ने हैलीपेड पर डीजीपी का जोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट में डीजीपी को गार्ड आॅफ आॅनर दिया गया। डीजीपी यहां सीआरपीएफ 190 बटालियन कैंप में अधिकारियों के साथ बैठक कर रहे हैं। इस समीक्षा बैठक के बाद पुलिस नक्सली मुठभेड़ में शामिल अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किये। इससे पहले डीजीपी अजय कुमार सिंह हेलीकॉप्टर से सीधे चतरा के लावालौंग पहुंचे। उनके साथ आईजी हजारीबाग रेंज, डीआईजी और जिला एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी भी मौजूद हैं।