धनबाद में डॉक्टर मिहिर कुमार को जान से मारने की मिले धमकी, ICU वार्ड में पत्र चिपका

धनबाद में डॉक्टर को मिली धमकी, पुलिस ने शुरू की जांच

डेस्क: धनबाद में डॉक्टरों को जान से मारने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। हालिया घटना नावाडीह क्षेत्र के बिरसा मुंडा पार्क के पास स्थित महाकेश्वर कॉम्प्लेक्स में घटित हुई, जहां किडनी केयर क्लिनिक के संचालक डॉ. मिहिर कुमार को एक अज्ञात व्यक्ति ने पत्र के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी है। यह पत्र क्लिनिक के आईसीयू के बाहर चिपका हुआ मिला, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। डॉ. मिहिर की शिकायत पर धनबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

घटना का विवरण

डॉ. मिहिर कुमार ने बताया कि 9 फरवरी की रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके क्लिनिक के आईसीयू वार्ड के बाहर धमकी भरा पत्र चिपकाया। पत्र को सबसे पहले क्लिनिक में कार्यरत कर्मी असलम ने देखा और उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा की। इसके बाद डॉ. मिहिर तुरंत क्लिनिक पहुंचे और देखा कि पत्र दीवार पर चिपका हुआ था।

धमकी भरे पत्र की सामग्री

इस पत्र में लिखा था, ‘डॉक्टर, तुम्हारी किस्मत अच्छी थी कि उस दिन ग्रुप में होने के कारण बच गए, नहीं तो गोली मार देता। जिस तरह नीरज की हत्या हुई है, उसी तरह तुम्हारी भी हत्या करूंगा। इसे हल्के में मत लेना। जितना जीना है जी लो, चार तारीख को मार दूंगा। एसपी या डीएसपी के पास जाओ, तब भी मरना पड़ेगा।’ पत्र के नीचे ‘KILL’ शब्द भी लिखा हुआ था।

पुलिस कार्रवाई

इस पत्र को लेकर डॉ. मिहिर का मानना है कि यह धमकी रंगदारी के इरादे से दी गई है। उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा क्लिनिक के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने कहा कि शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

Leave a Comment

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Scroll to Top