सदर अस्पताल के डॉक्टर की सीने में दर्द के बाद मौत, परिजनों का शव लेने से इनकार

बोकारो। सदर अस्पताल में पदस्थापित जेनरल फिजीशियन डॉक्टर नसीम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। डॉ नसीम बोकारो सदर अस्पताल में नाइट ड्यूटी में तैनात थे। रात के 11:30 बजे के करीब उनके सीने में दर्द हुआ। इसके बाद उन्होंने खुद दवा मंगाकर खाया। उसके बाद आज सुबह उन्होंने नमाज अता भी की। उसके बाद इसीजी कराने के लिए सीढ़ी से उतर कर जा रहे थे। इसी दौरान वे मूर्छित होकर गिर पड़े। इलाज के क्रम में उनकी मौत हो गई। इसके बाद अस्पताल पहुंचे परिजनों ने उनका शव लेने से इनकार कर दिया है। मृतक के साथ नाइट ड्यूटी में तैनात डॉक्टर महमूद इस्लाम ने बताया कि वे दोनों एक ही साथ अस्पताल में रात में ड्यूटी पर थे। रात में उन्होंने सीने में दर्द होने की शिकायत की थी। उसके बाद वह दवा मांगाकर खाये। सुबह 4 बजे उठे, उसके बाद नमाज अता करने के बाद इसीजी कराने के लिए जा रहे थे. तब वे गिर पड़े। अस्पताल के कर्मियों ने उन्हें सूचना दी। इमरजेंसी में उनको भर्ती कराया गया था, जहां उनका निधन हो गया। चिकित्सक की मौत के बाद परिजन मौके पर पहुंचे। परिजन सरकारी प्रावधान के मुताबिक मुआवजा और नौकरी की मांग कर रहे हैं। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ संजय कुमार सदर अस्पताल पहुंचे। लेकिन वह परिजनों को डेथ सर्टिफिकेट लेकर शव को ले जाने की बात कह रहे थे। इसका परिजनों ने विरोध किया। परिजनों का कहना है कि जब तक सिविल सर्जन आकर लिखित रूप से मुआवजा और नौकरी का आश्वासन नहीं देते हैं, तब तक शव को यहां से नहीं ले जाया जाएगा। दोपहर तक परिजन शव सदर अस्पताल के उपाधीक्षक के कार्यालय के बाहर रखकर बैठे हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top