झारखंड की प्रथम महिला, कल्पना मुर्मू सोरेन ने हाल ही में मुंबई का दौरा किया, जहां उन्होंने सबसे पहले विश्व प्रसिद्ध हाजी अली दरगाह में दर्शन किए। इसके बाद, उन्होंने महालक्ष्मी मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा झारखंडवासियों की सुख, समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
दर्शन के पश्चात, कल्पना सोरेन ने मुंबई में सरकारी सहयोग से संचालित महिला हॉस्टलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहाँ कार्यरत महिलाओं और अध्ययन कर रही छात्राओं से संवाद किया और हॉस्टलों के संचालन तंत्र को समझने का प्रयास किया। उन्होंने इस अनुभव को “अत्यंत प्रेरणादायक” बताया।
महिलाओं के लिए सुरक्षित आवास की आवश्यकता
कल्पना सोरेन ने कहा कि बढ़ती महंगाई, सुरक्षित आवास की चुनौतियों और परिवार से दूर रहने की परिस्थितियों के बीच, मुंबई के ये महिला हॉस्टल हजारों महिलाओं और छात्राओं के लिए संबल का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पिछले कुछ वर्षों में मुंबई में महिला हॉस्टलों के क्षेत्र में हुई सकारात्मक पहलों की सराहना की। सोरेन ने यह भी बताया कि झारखंड जैसे राज्यों में उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और रोजगार के लिए घर से दूर रह रही बेटियों और महिलाओं के लिए सुरक्षित, सस्ती और सुव्यवस्थित हॉस्टलों की अत्यंत आवश्यकता है।
उन्होंने अपील की कि “सरकार, सामाजिक संस्थाएं और उद्योग समूह मिलकर सुरक्षित महिला हॉस्टलों का नेटवर्क विकसित करें, तो यह महिलाओं को आत्मनिर्भर, सुरक्षित और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।”