गिरिडीह: जैन श्रद्धालुओं की बस हुई दुर्घटनाग्रस्त—सूरत के दंपत्ति की जान गई, 12 घायल

गिरिडीह: 
झारखंड के गिरिडीह जिले के पारसनाथ स्थित शिखरजी तीर्थस्थल से लौट रहे जैन श्रद्धालुओं की बस देर रात एक गंभीर दुर्घटना का शिकार हो गई। यह हादसा मधुबन थाना क्षेत्र के कल्याण निकेतन के पास हुआ। इस दुर्घटना में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि लगभग एक दर्जन श्रद्धालु घायल हुए हैं, जिनमें से दो की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

शिखरजी यात्रा के बाद लौट रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार, गुजरात से आए जैन श्रद्धालुओं का एक समूह शिखरजी दर्शन के बाद टाटा जा रहा था, जहां से उन्हें ट्रेन पकड़कर वापस गुजरात लौटना था। रात करीब 10 बजे उनकी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर के बाद बस दूसरी दिशा में जाकर गड्ढे में झुक गई, जिससे बस का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे से बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री बस के अंदर ही फंस गए, जबकि कुछ खिड़कियों के माध्यम से बाहर निकलने में सफल रहे।

मृतकों की पहचान और राहत कार्य

हादसे में मृतकों की पहचान बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मधुबन थाना प्रभारी मणिलाल सिंह, डुमरी एसडीपीओ आबिद खान, और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी राहत कार्य में सहयोग किया। पुलिस और ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस और अन्य वाहनों से पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया। गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top