रांची: झारखंड में ‘अकवान’ का प्रभाव कम होने के बावजूद मौसम में ठंडक बढ़ने लगी है। सोमवार को रांची सहित राज्य के कई जिलों में सुबह के समय घने कोहरे की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा, धनबाद, गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में कोहरे के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, सुबह के बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है।
रविवार को बारिश का असर
रविवार को रांची में 4.1 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि लातेहार में 2 मिमी बारिश हुई। खराब मौसम के चलते बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर विमान परिचालन भी प्रभावित हुआ। इंडिगो की कोलकाता-रांची उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि दिल्ली, पुणे, कोलकाता, बेंगलुरु, मुंबई और हैदराबाद से आने वाली नौ उड़ानें विलंबित रहीं। एयरलाइंस के अधिकारियों के अनुसार, अन्य राज्यों में खराब मौसम के चलते रांची आने वाली उड़ानों में यह बाधा आई।