रांची। हाईकोर्ट के जस्टिस डा एसएन पाठक की अदालत में सातवीं जेपीएससी परीक्षा को लेकर दाखिल याचिका पर सुनवाई हुई। अदालत ने इस मामले में विस्तृत सुनवाई के लिए 13 जनवरी की तिथि निर्धारित की है। इस मामले को लेकर ईशा प्राची स्नेहा तिर्की की ओर से हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई है। सुनवाई के दौरान कहा गया कि प्रार्थी को अंतिम चयनित अभ्यर्थी से ज्यादा अंक मिले हैं। लेकिन जेपीएससी की ओर से उनका परिणाम जारी नहीं किया गया है। इस पर जेपीएससी के अधिवक्ता संजय पिपरवाल की ओर से अदालत को शपथ पत्र के साथ प्रार्थी का ओएमआर शीट भी दाखिल की गई। शपथ पत्र में कहा गया है कि प्रार्थी ने पेपर दो की ओएमआर शीट में अनुक्रमांक सही से नहीं भरा है। इस वजह से ओएमआर शीट की जांच नहीं हो पाई। इसलिए उनका परिणाम जारी नहीं किया गया है। इसी मामले के साथ टैग कुमारी कंचना मेहता की याचिका पर भी सुनवाई हुई। कंचना की ओर से दाखिल याचिका में कहा गया है कि उन्हें कम अंक दिया गया है। जबकि स्व-आकलन से उन्हें अंतिम चयनित अभ्यर्थी के बराबर अंक मिलना चहिए। इस मामले में भी 13 जनवरी को सुनवाई होगी।