मेदिनी राय मेडिकल कालेज अस्पताल में शनिवार रात एक मरीज की मौत हो गई। इससे आक्रोशित स्वजन ने जमकर बवाल काटा। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डा सुभाष कुमार का आरोप है कि उनके साथ दुर्व्यवहार हुआ। महिला कर्मी की पिटाई की गई। करीब चार घंटे तक हंगामा होता रहा। चिकित्सक और कर्मचारी अस्पताल छोड़ शहर थाना में बैठे रहे। सूचना मिलने के बाद पुलिस पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। मामले की जानकारी ली। स्वजन को समझाने का प्रयास किया।

चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मामला शांत हुआ। इसके बाद अस्पताल में स्वास्थ्य सेवा बहाल हुई। हंगामा के कारण 4 घंटे तक किसी भी मरीज का इलाज नहीं हो सका। जानकारी के अनुसार हंगामा कर रहे लोग शहर थाना क्षेत्र के रेड़मा के रहने वाले थे।डा सुभाष कुमार ने बताया कि दो दिन पहले महिला को एमआरएमसीएच में भर्ती कराया गया था। रात को स्थिति गंभीर थी। उसे इंजेक्शन लगाया गया और बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया था। इसी बीच उसकी मौत हो गई। इससे स्वजन आक्रोशित हो गए। इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए बवाल काटा। इसी बीच पुलिस अज्ञात मरीज को लेकर आ गए। तत्काल चिकित्सक व कर्मियों को अस्पताल से हटा दिया।