मार्च के अंतिम सप्ताह में हो सकता है जैक की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा

सभी स्‍कूलों से मांगी गयी है परीक्षा की तैयारियों की रिपोर्ट, जल्‍द होगा अंतिम फैसला

रांची। जैक की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा की तिथि की जल्द ही घोषणा हो सकती है। दोनों परीक्षाएं मार्च के अंतिम सप्ताह या फिर अप्रैल के प्रथम सप्ताह में आयोजित हो सकती है। इसको लेकर स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और जैक ने तैयारियां शुरू कर दी है। विभाग ने जैक से दोनों परीक्षाओं की तैयारियों का ब्‍योरा मांगा है। जैक के अनुसार 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं पर फरवरी के पहले सप्ताह में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है। सरकार के स्‍तर से स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव राजेश शर्मा जैक के अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों के साथ शीघ्र ही बैठक करेंगे। जानकारी के मुताब‍िक यह लगभग तय हो गया है कि मैट्रिक और इंटर परीक्षा एक ही बार मार्च के अंतिम सप्‍ताह या अप्रैल के प्रथम सप्‍ताह में होगी। कोरोना वायरस के कारण स्कूलों के लंबे समय तक बंद रहने के कारण इस बार परीक्षा सिलेबस में और कटौती की उम्‍मीद है। झारखंड में इस बार करीब साढ़े चार लाख छात्र मैट्रिक परीक्षा में बैठेंगे। वहीं इंटर की परीक्षा में लगभग साढ़े तीन लाख छात्र शामिल होंगे। जैक के अनुसार कोरोना संबंधित पाबंदि‍यां हटने के बाद प्राइवेट स्‍कूलों में पढ़ाई शुरू हो गई है। जबकि सरकारी स्‍कूलों में कल से पठन-पाठन शुरू होगा। ऐसे में सभी स्‍कूलों से मैट्रि‍क और इंटर परीक्षा की तैयारियों को लेकर रिपोर्ट मांगी गई है। जल्‍द ही इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।
मैट्रिक और इंटर परीक्षा एक साथ होगी
जैक के अध्यक्ष की नियुक्ति के बाद झारखंड में मैट्रिक और इंटर परीक्षा की तैयारी तेज कर दी गई है। जैक से प्राप्‍त जानकारी के अनुसार इस बार परीक्षा के प्रारूप में बदलाव संभव है। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से परीक्षा के स्‍वरूप को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इस बार राज्य में मैट्रिक और इंटर की परीक्षा एक साथ ली जाएगी। लेकिन दोनों टर्म की परीक्षा अलग-अलग ली जाएगी। परीक्षा पूर्व के पैटर्न पर ही ली जाएंगी। मैट्रिक और इंटर दोनों परीक्षाएं ओएमआर शीट और उत्तर पुस्तिका दोनों पर ली जाएगी। जैक के अनुसार इस बार बहुविकल्पीय और लिखित उत्तर वाले प्रश्न पूछे जाएंगे। ऐसा इसलिए कि पूर्व में इसी पैटर्न के अनुरूप परीक्षा लेने की बात कही गई थी। पूर्व घोषित निर्देश के अनुसार इस साल की परीक्षा दो चरणों में होनी है। प्रथम चरण की परीक्षा ओएमआर शीट और दूसरे चरण की परीक्षा उत्तर पुस्तिका पर ली जा सकती है। जिसमें 40-40 अंक की परीक्षा होनी है। अब दोनों परीक्षा एक साथ होने पर 80 अंकों में से 40 अंकों की परीक्षा ओएमआर शीट और दूसरे चरण की परीक्षा उत्तर पुस्तिका पर होगी। प्रथम चरण मेंं आॅब्जेक्‍िट‍व और दूसरे चरण में लघु और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top